हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 9 फरवरी, 2019

1. 2019 रणजी ट्राफी का खिताब किस टीम ने जीता?
उत्तर – विदर्भ
पिछले वर्ष की विजेता टीम विदर्भ ने इस बार भी रणजी ट्राफी 2018-19 का खिताब जीता है। रणजी ट्राफी के फाइनल में विदर्भ ने सौराष्ट्र को पराजित किया। फाइनल में विदर्भ ने सौराष्ट्र को 78 रनों से पराजित किया, यह मैच नागपुर में खेला गया। इस मैच में आदित्य सर्वाते ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विकेट लिए। उन्हें इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ़ द मैच चुना गया। विदर्भ ने सौराष्ट्र के सामने 206 रनों का लक्ष्य रखा था, परन्तु सौराष्ट्र की टीम केवल 127 रनों पर ही ढेर हो गयी। यह विदर्भ का दूसरा रणजी ट्राफी खिताब है।
रणजी ट्राफी भारत की प्रथम श्रेणी क्रिकेट प्रतियोगिता है। इसमें देश के क्षेत्रीय तथा राज्य क्रिकेट संघ हिस्सा लेते हैं। इस प्रतिस्पर्धा का नाम भारत से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले पहले खिलाड़ी रणजीत सिंहजी के नाम पर रखा गया है। रणजी ट्राफी के पहले संस्करण का आयोजन 1934 में किया गया था। अब तक मुंबई 41 बार रणजी ट्राफी का खिताब जीत चुकी है, जबकि विदर्भ ने इस खिताब को दो बार जीता है।
2. 9वीं सीनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियन 2019 किस स्थान पर शुरू हुई?
उत्तर – हिसार
9वीं सीनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियन 2019 हरियाणा के हिसार में 8 फरवरी को शुरू हुई। इस 11 दिवसीय घरेलु टूर्नामेंट में 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। ग्रुप स्टेज में इस स्पर्धा का आयोजन राउंड रोबिन के रूप किया जायेगा, इसके बाद 15 फरवरी से क्वार्टरफाइनल के मुकाबले शुरू होंगे। 17 फरवरी को सेमीफाइनल तथा 18 फरवरी को फाइनल मुकाबला खेला जायेगा।
3. हाल ही में किस भारतीय महिला क्रिकेटर ने अंतर्राष्ट्रीय टी-20 में सबसे तेज़ अर्द्धशतक बनाया?

उत्तर – स्मृति मंधाना
भारतीय महिला क्रिकेट की सलामी बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना ने न्यूजीलैंड के विरुद्ध खेले गये टी-20 मैच में मात्र 24 गेंदों में अर्धशतक बनाया। महिला क्रिकेट में टी-20 में सबसे तेज़ अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड की सोफी डेविन ने नाम है, उन्होंने मात्र 18 गेंदों में अर्धशतक बनाया था।
4. डाटा साइंस तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए रोबर्ट बॉश केंद्र की स्थापना किस IIT में की गयी?
उत्तर – IIT मद्रास
IIT मद्रास में डाटा साइंस तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए रोबर्ट बॉश केंद्र की स्थापना की गयी है। इसका उद्देश्य सामाजिक कल्याण के लिए अत्याधुनिक नवोन्मेष को बढ़ावा देना है। डाटा साइंस तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए रोबर्ट बॉश केंद्र में डीप लर्निंग, री-इन्फोर्समेंट लर्निंग, नेटवर्क एनालिटिक्स, मशीन लर्निंग इत्यादि के क्षेत्रों में शोध कार्य किया जायेगा। इस केंद्र को जर्मन कंपनी बॉश की सहायता से खोला गया है, अगले पांच वर्षों में बॉश इस केंद्र में लगभग 20 करोड़ रुपये का निवेश करेगा।
5. यू.एस. चैम्बर के अंतर्राष्ट्रीय बौद्धिक संपदा सूचकांक 2019 में भारत को कौन सा स्थान प्राप्त हुआ?
उत्तर – 36वां
हाल ही में यू.एस. चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स के वैश्विक नवोन्मेष नीति केंद्र (GIPC) ने 2019 के लिए अंतर्राष्ट्रीय बौद्धिक संपदा सूचकांक जारी किया। इस सूचकांक में 50 अर्थव्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया गया है। इसमें भारत 8 स्थानों की छलांग के साथ 36वीं पायदान पर पहुँच गया है। यह भारतीय नीति निर्माताओं द्वारा नवोन्मेष से सम्बंधित नीतियों के क्रियान्वयन को दर्शाता है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में लाइसेंसिंग, तकनीक हस्तांतरण, पंजीकरण की मुश्किल आवश्यकताएं, बायो-फार्मास्यूटिकल बौद्धिक संपदा की सुरक्षा के लिए सीमित फ्रेमवर्क, लम्बी प्रक्रिया इत्यादि में सुधार करने की आवश्यकता है। इस सूचकांक में 45 सूचकों जैसे पेटेंट, ट्रेडमार्क, कॉपीराइट, ट्रेड सीक्रेट प्रोटेक्शन इत्यादि के आधार पर देशों का मूल्यांकन किया गया है।
6. इंडिया हेरिटेज वाक फेस्टिवल का आयोजन साहापीडिया द्वारा की अंतर्राष्ट्रीय संगठन के साथ मिलकर किया जा रहा है?
उत्तर – यूनेस्को
इंडिया हेरिटेज वाक फेस्टिवल के दूसरे संस्करण का आयोजन साहापीडिया द्वारा यूनेस्को के साथ मिलकर किया जा रहा है। इस उत्सव की शुरुआत 2 फरवरी को हुई। यह उत्सव एक महीने तक चलेगा, इसके तहत 37 शहरों को कवर किया जायेगा। यह उत्सव राष्ट्रीय खनिज विकास कारपोरेशन द्वारा समर्थित है। इसके लिए साहापीडिया ने 40 स्थानीय स्तरीय पार्टनर्स के साथ साझेदारी की है। इसमें केरल इतिहास संग्राहलय, द कोच्ची हेरिटेज प्रोजेक्ट, INTACH श्रीनगर चैप्टर, आर्ट डेको मुंबई, महाराणा ऑफ़ मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन तथा ऑक्सफोर्ड बुकस्टोर प्रमुख हैं।
7. एशिया एलपीजी 2019 शिखर सम्मेलन की थीम क्या है?
उत्तर – एलपीजी – जीवन के लिए उर्जा
केन्द्रीय पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्री ने नई दिल्ली में एशिया एलपीजी शिखर सम्मेलन का उद्घाटन किया, यह सम्मेलन दो दिन तक चलेगा। इस शिखर सम्मेलन की थीम “एलपीजी- जीवन के लिए उर्जा” है। इस शिखर सम्मेलन में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जायेगी। इस सम्मेलन में भारत की प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की सफलता को अन्य देशों में दोहराने पर भी विचार विमर्श किया जायेगा। इस सम्मेलन का आयोजन भारतीय तेल विपणन कंपनियों इंडियन आयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम तथा भारत पेट्रोलियम द्वारा विश्व एलपीजी संघ के साथ मिलकर किया जा रहा है।
विश्व एलपीजी संघ
विश्व एलपीजी संघ विश्व भर के एलपीजी उद्योग की वैल्यू चैन का समूह है। इसकी स्थापना 1987 में की गयी थी। इसे संयुक्त राष्ट्र आर्थिक व सामाजिक परिषद् द्वारा 1989 में विशेष सलाहकार स्टेटस प्रदान किया गया था। इसमें 125 देशों की 250 से अधिक सार्वजनिक व निजी कंपनियां शामिल हैं। यह संघ एलपीजी मार्केट के विकास के लिए कार्य करता है।
8. हाल ही में सुर्ख़ियों में रही दर्द आर्यन जनजाति किस राज्य से सम्बंधित है?
उत्तर – जम्मू-कश्मीर
दर्द आर्यन जनजाति जम्मू-कश्मीर के लद्दाखक्षेत्र से सम्बंधित है। इस जनजाति को इसकी उत्कृष्ट परम्पराओं व वस्त्रों के लिए जाना जाता है। वर्तमान यह जनजाति अपनी सांस्कृतिक धरोहर को संजोये रखने के लिए संघर्ष कर रही है। हाल ही में दर्द आर्यन फेस्टिवल 2019 के दौरान, इसके प्रतिनिधियों ने केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की। दर्द आर्यन जनजाति को आर्यों का वंशज माना जाता है। मौजूदा समय में तीव्र आधुनिकीकरण, प्रवास तथा धर्मान्तरण के कारण यह जनजाति काफी संघर्ष कर रही है। यह जनजाति मुख्य रूप से लेह तथा कारगिल जिले के धा, हनु, बीमा, दार्चिक तथा गरकोन गावों में निवास करती है। इन गावों को सामूहिक रूप से आर्य घाटी कहा जाता है। इस जनजाति की शारीरिक विशेषताएं, सामाजिक जीवन, संस्कृति तथा भाषा काफी अलग है। शोधकर्ताओं का मानना है कि लद्दाख के आर्य अथवा ब्रोक्पा सिकंदर की सेना में शामिल थे। वे इस क्षेत्र में लगभग 2000 वर्ष पूर्व आये थे। इस जनजाति की जनसँख्या लगभग 4,000 है।
9. कलकत्ता उच्च न्यायालय की सर्किट बेंच की स्थापना किस स्थान पर की जायेगी?
उत्तर – जलपाईगुड़ी
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में कलकत्ता उच्च न्यायालय की स्थापना के लिए केन्द्रीय कैबिनेट ने मंज़ूरी दे दी है। इस प्रस्तावित बेंच का क्षेत्राधिकार दार्जीलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी तथा कूच बिहार जिलों में होगा। सर्किट बेंच का निर्माण का दूर-दराज़ के क्षेत्रों के लिए किया जाता है। कलकत्ता उच्च न्यायालय भारत का सबसे पुराना उच्च न्यायालय है। इसका क्षेत्राधिकार पश्चिम बंगाल तथा अंडमान व निकोबार द्वीप पर है।
10. भारतीय नौसेना के किस युद्धपोत ने बहुराष्ट्रीय समुद्री युद्ध अभ्यास “कटलास एक्सप्रेस 2019” में हिस्सा लिया?
उत्तर – आईएनएस त्रिखंड
भारतीय नौसेना की तलवार श्रेणी की फ्रिगेट आईएनएस त्रिखंड ने बहुराष्ट्रीय समुद्री युद्ध अभ्यास “कटलास एक्सप्रेस 2019” में हिस्सा लिया। आईएनएस त्रिखंड की कमान कप्तान श्रीनिवास मद्दुला के पास थी। यह युद्ध पोत में विभिन्न किस्म के सेंसर तथा हथियारों से सुसज्जित है। यह युद्ध पोत ज़मीनी, हवाई तथा समुद्री सभी खतरों से निपटने में सक्षम है। कटलास एक्सप्रेस 2019 का आयोजन 27 जनवरी से 6 फरवरी, 2019 के दौरान जिबूती, मोजाम्बिक तथा सेशेल्स के निकट किया गया था। इस युद्ध अभ्यास में 15 देशों ने भाग लिया : कनाडा, कोमोरोस, जिबूती, फ्रांस, भारत, केन्या, मेडागास्कर, मॉरिशस, मोजाम्बिक, पुर्तगाल, सेशेल्स, सोमालिया, तंज़ानिया, नीदरलैंड्स तथा अमेरिका।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *