हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 29-30 जून, 2019

1. IIT कानपूर ने किस भारतीय खिलाड़ी को मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की?
उत्तर – पुलेला गोपीचंद
भारत के प्रमुख राष्ट्रीय बैडमिंटन कोच पुलेला गोपीचंद को हाल ही में IIT कानपूर द्वारा मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गयी। उन्हें यह डॉक्टरेट 52वें दीक्षांत समारोह के दौरान प्रदान की गयी। गौरतलब है कि उन्हें यह सम्मान पूर्व इसरो चेयरमैन तथा IIT कानपूर के बोर्ड ऑफ़ गवर्नर्स के चेयरमैन प्रोफेसर के. राधाकृष्णन द्वारा प्रदान किया गया। इससे पहले एपीजे अब्दुल कलाम तथा डॉक्टर मनमोहन सिंह को भी IIT कानपूर द्वारा मानद डॉक्टरेट की डिग्री प्रदान की गयी थी। खिलाड़ी के रूप में गोपीचंद ने 2001 आल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप जीती थी। वे प्रकाश पादुकोण के बाद इस उपलब्धि को हासिल करने वाले दूसरे भारतीय थे। सन्यास के बाद से वे “गोपीचंद बैडमिंटन अकैडमी” का संचालन करते हैं, उन्होंने साईना नेहवाल, किदाम्बी श्रीकांत तथा परुपल्ली कश्यप को प्रशिक्षण प्रदान किया है।
2. केंद्र सरकार द्वारा थोक मूल्य सूचकांक के पुनरावलोकन के लिए वर्किंग ग्रुप का गठन किसकी अध्यक्षता में किया गया है?
उत्तर – रमेश चंद
केंद्र सरकार ने थोक मूल्य सूचकांक के पुनरावलोकन के लिए वर्किंग ग्रुप का गठन किया है। इसके अध्यक्ष नीति आयोग के सदस्य प्रोफेसर रमेश चंद होंगे। आर्थिक सलाहकार कार्यालय इस वर्किंग ग्रुप का नोडल कार्यालय होगा।
मुख्य बिंदु
• यह वर्किंग ग्रुप थोक मूल्य सूचकांक तथा उत्पादक मूल्य सूचकांक की नयी आधिकारिक श्रृंखला के लिए उचित आधार वर्ष का चयन करेगा।
• यह समूह मौजूदा थोक मूल्य सूचकांक में शामिल की जाने वाली वस्तुओं की समीक्षा भी करेगा।
• यह समूह विनिर्माण सेक्टर के लिए मूल्य संग्रहण प्रणाली की समीक्षा भी करेगा।
• यह समूह मूल्य श्रृंखला तथा जीवन निर्वाह लागत पर तकनीकी सलाहकार समिति की समीक्षा भी करेगा।
• यह कोई अन्य सुझाव भी दे सकता है जिससे थोक मूल्य सूचकांक/उत्पादक मूल्य सूचकांक की विश्वसनीयता में वृद्धि हो।
पृष्ठभूमि
मौजूदा थोक मूल्य सूचकांक को मई, 2017 में शुरू किया गया था, इसका आधार वर्ष 2011-12 था। गौरतलब है कि 2011-12 से अब तक भारतीय अर्थव्यवस्था में कई महत्वपूर्ण परिवर्तन आ चुके हैं, इसलिए थोक मूल्य सूचकांक में शामिल की जाने वाली वस्तुओं की समीक्षा की जानी आवश्यक है।
3. किस राज्य सरकार ने वैदिक शिक्षा बोर्ड की स्थापना करने का निर्णय लिया है?
उत्तर – राजस्थान
राजस्थान सरकार ने वैदिक शिक्षा व संस्कृति बोर्ड की स्थापना करने का निर्णय लिया है, इसकी घोषणा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 25वें भामाशाह सम्मेलन में जयपुर में की। इससे भविष्य की पीढ़ियों को वैदिक संस्कृति से प्रेरणा मिलेगी।
4. हाल ही में विजया निर्मला का निधन हुआ, वे किस क्षेत्र से जुड़ी हुई थीं?
उत्तर – फिल्म
हाल ही में विजया निर्मला का निधन 27 जून, 2019 को हैदराबाद में हुआ। उनका जन्म 20 फरवरी, 1946 को हुआ था। उन्होंने अभिनय की शुरुआत “मच्चा रेखी” नामक तमिल फिल्म से किया था। उन्होंने विभिन्न भाषाओँ में 47 फ़िल्मों का निर्देशन किया है।
5. 2019 सिंघे खबाब्स सिन्धु उत्सव हाल ही में किस राज्य में मनाया गया?
उत्तर – जम्मू-कश्मीर
हाल ही में जम्मू-कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र में 2019 सिंघे खबाब्स सिन्धु उत्सव मनाया गया, यह उत्सव लेह में सिन्धु नदी के तट पर मनाया गया। इसका उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना है। इस उत्सव में लोक नृत्य व लोक गीत की प्रस्तुतियां दी गयी, इस अवसर पर स्थानीय भोजन तथा हस्तशिल्प की प्रदर्शनी भी लगाई गयी।
6. हाल ही ही में RAW का प्रमुख किसे नियुक्त किया गया?
उत्तर – सामंत कुमार गोयल
केंद्र सरकार ने सामंत गोयल को अनुसन्धान व विश्लेषण विंग (RAW) का प्रमुख नियुक्त करने का निर्णय लिया है। गौरतलब है कि सामंत गोयल भारतीय वायुसेना की बालाकोट एयरस्ट्राइक की योजना बनाने में योगदान दिया था। सामंत गोयल 1984 बैच के आईपीएस अफसर हैं। उन्हें अनिल धस्माना के स्थान पर RAW का प्रमुख नियुक्त किया गया है।
अनुसन्धान व विश्लेषण विंग (RAW)
अनुसन्धान व विश्लेषण विंग (RAW) भारत की विदेश इंटेलिजेंस एजेंसी है। इसकी स्थापना 1968 में भारत-चीन युद्ध के परिणामस्वरुप की गयी थी। इसका मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है। इसका आदर्श वाक्य “धर्मो रक्षति रक्षितः” है। इसका मुख्य कार्य आतंकवादी गतिविधियों पर रोक लगाना तथा गुप्त ऑपरेशन को अंजाम देना है। यह एजेंसी विदेश इंटेलिजेंस से सम्बंधित सूचना एकत्रित करने का कार्य करती है।
7. भारतीय निर्यात महासंघ का अध्यक्ष किसे नियुक्त किया गया है?
उत्तर -शरद कुमार सराफ
शरद कुमार सराफ को भारतीय निर्यात महासंघ का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे गणेश कुमार गुप्ता की जगह लेंगे।
शरद कुमार सराफ
शरद कुमार सराफ पहले भारतीय निर्यात महासंघ के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं, वे चार बार क्षेत्रीय अध्यक्ष (पश्चिम क्षेत्र) भी रह चुके हैं। वे टेक्नोक्राफ्ट इंडस्ट्रीज (इंडिया) के चेयरमैन व संस्थापक भी हैं। भारतीय निर्यात महासंघ के उपाध्यक्ष रहते हुए उन्होंने “भारतीय निर्यातक शिकायत फोरम” की स्थापना की थी, इस फोरम के द्वारा कानूनी माध्यम से भारतीय निर्यातकों की शिकायत का समाधान किया जाता है।
भारतीय निर्यात महासंघ (Federation of Indian Export Organisations or FIEO)
भारतीय निर्यात महासंघ की स्थापना 1965 में की गयी थी, इसका मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है। इसका स्थापना केन्द्रीय वाणिज्य मंत्रालय द्वारा की गयी थी। यह व्यापार संवर्धन परिषद्, कमोडिटी बोर्ड तथा निर्यात विकास प्राधिकरण की सर्वोच्च संस्था है। इसके सदस्य भारत का 70% निर्यात करते हैं। यह भारत में अंतर्राष्ट्रीय व्यापारिक समुदाय, केंद्र व राज्य सरकार, रेलवे, बंदरगाह तथा वित्तीय संस्थानों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
8. टीबी रोग के उन्मूलन के लिए भारत ने किस अंतर्राष्ट्रीय संगठन के साथ 400 मिलियन डॉलर के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं?
उत्तर – विश्व बैंक
भारत ने विश्व बैंक के साथ के टीबी के उन्मूलन के लिए 400 मिलियन डॉलर के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किये। गौरतलब है कि भारत में प्रतिवर्ष लगभग 5 लाख लोग टीबी के कारण मर जाते हैं। भारत ने 2025 तक टीबी को देश से समाप्त करने का महत्वकांक्षी लक्ष्य रखा है। 400 मिलियन डॉलर के इस ऋण की परिपक्वता अवधि 19 वर्ष है, जबकि छूट अवधि 5 वर्ष है।
टीबी रोग
टीबी रोग को तपेदिक, क्षय जैसे कई नामों से जाना जाता है। तपेदिक संक्रामक रोग होता है जो माइकोबैक्टिरीअम टूबर्क्यूलोसस (mycobacterium tuberculosis) नामक जीवाणु के कारण होता है। मूल लक्षणों में खाँसी का तीन हफ़्तों से ज़्यादा रहना, थूक का रंग बदल जाना या उसमें रक्त की आभा नजर आना, बुखार, थकान, सीने में दर्द, भूख कम लगना, साँस लेते वक्त या खाँसते वक्त दर्द का अनुभव होना आदि। इस बीमारी से टीकाकरण या साफ सफाई रखने से बचा जा सकता है। यक्षमा के रोगी का इलाज संभव है लेकिन इसका इलाज पूरी तरह से करना चाहिए, आधा करके नहीं छोड़ना चाहिए, वरना ये रोग जानलेवा भी हो सकता है।
तपेदिक रोग होने के कारण
तपेदिक या टीबी कोई आनुवांशिक रोग नहीं है। यह किसी को भी हो सकता है। जब कोई स्वस्थ व्यक्ति तपेदिक रोगी के पास जाता है और उसके खाँसने, छींकने से जो जीवाणु हवा में फैल जाते हैं उसको स्वस्थ व्यक्ति साँस के द्वारा ग्रहण कर लेता है। इसके अलावा जो लोग अत्यधिक मात्रा में ध्रूमपान या शराब का सेवन करते हैं, उनमें इस रोग के होने की संभावना ज़्यादा होती है। इस रोग से बचने के लिए साफ-सफाई रखना और हाइजिन का ख्याल रखना बहुत ज़रूरी होता है।
9. “गो ट्राइबल” अभियान किससे सम्बंधित है?
उत्तर – जनजातीय हस्तशिल्प तथा प्राकृतिक उत्पाद संवर्धन
केंद्र सरकार ने 28 जुलाई को “गो ट्राइबल’ अभियान लांच किया, इसका उद्देश्य जनजातीय हस्तशिल्प तथा प्राकृतिक उत्पादों को बढ़ावा देना है। जनजातीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ (TRIFED) ने इवेंट का आयोजन किया था, इस इवेंट के दौरान ट्राइब्स इंडिया तथा अमेज़न ग्लोबल मार्केटिंग ने अमेज़न प्लेटफार्म के द्वारा ट्राइब्स इंडिया उत्पादों को वैश्विक रूप से लांच किया। इससे अब जनजातीय उत्पाद अमेरिका में भी उपलब्ध हो सकेंगे। इससे निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा।
10. हाल ही में मणिपुर का राज्यपाल किसे नियुक्त किया गया?
उत्तर – पद्मनाभ आचार्य
पद्मनाभ आचार्य ने हाल ही में मणिपुर के नए राज्यपाल के रूप में शपथ ले ली है। उन्हें मणिपुर के उच्च न्यायालय के सबसे वरिष्ठ न्यायधीश जस्टिस लानुशुंगकम जमीर ने शपथ दिलाई। इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री एन. बिरेन सिंह तथा अन्य मंत्री मौजूद रहे। नागालैंड के गवर्नर पद्मनाभ आचार्य मणिपुर की गवर्नर नजमा हेपतुल्लाह की अनुपस्थिति में मणिपुर के राज्यपाल का अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगे।
पद्मनाभ आचार्य
पद्मनाभ आचार्य एक भारतीय राजनेता हैं, वे भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं। आचार्य 14 जुलाई, 2014 से नागालैंड के राज्यपाल हैं। 12 दिसम्बर, 2014 से 17 अगस्त, 2016 के बीच वे श्री आचार्य ने असम के राज्यपाल (अतिरिक्त प्रभार) भी रहे। वे 21 जुलाई, 2014 से 19 मई, 2015 के बीच त्रिपुरा के राज्यपाल रहे।
मणिपुर
• मणिपुर भारत के उत्तर-पूर्व में स्थित राज्य है। मणिपुर की राजधानी इम्फाल में स्थित है।
• इसका गठन 21 जनवरी, 1972 को किया गया था।
• मणिपुर की विधानसभा में 60 सीटें हैं।
• मणिपुर के मौजूदा मुख्यमंत्री श्री एन. बीरेन सिंह हैं।
• मणिपुर में लोकसभा की 2 तथा राज्यसभा को 1 सीट है।
• मणिपुर का क्षेत्रफल 22,327 वर्ग किलोमीटर है।
• मणिपुर का जनसँख्या घनत्व 130 व्यक्ति प्रति वर्ग किलोमीटर है।

Advertisement

3 Comments on “हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 29-30 जून, 2019”

  1. Vinod Kumar says:

    Good

    Gk
    Q.

  2. Vinod Kumar says:

    Good

  3. Barfi says:

    Good

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *