हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 17 जून, 2019
1. पैसिफिक इंटरनेशनल बिलियर्ड्स चैंपियनशिप 2019 को किसने जीता?
उत्तर – पीटर गिलक्रिस्ट
पीटर गिलक्रिस्ट ने पैसिफिक इंटरनेशनल बिलियर्ड्स चैंपियनशिप 2019 जीती, फाइनल में उन्होंने भारत के सौरव कोठारी को पराजित किया। इस प्रतियोगिता का आयोजन ऑस्ट्रेलिया के मेलबोर्न में किया गया था।
गौरतलब है कि सौरव कोठारी WBL वर्ल्ड बिलियर्ड्स चैंपियन हैं। उन्होंने सेमीफाइनल में ध्वज हरिया को पराजित करके फाइनल में प्रवेश किया था। फाइनल में पीटर गिलक्रिस्ट ने सौरव कोठारी को 1500-706 से पराजित किया।
इससे पहले सौरव कोठारी ने पीटर गिलक्रिस्ट को हराकर WBL वर्ल्ड बिलियर्ड्स चैंपियनशिप 2018 का खिताब इंग्लैंड के लीड्स में जीता था। सौरव कोठारी ने जून 2019 के आरम्भ में इंटरनेशनल रेवेन्टन क्लासिक स्नूकर चैंपियनशिप जीती थी, इसके साथ वे ट्रिपल क्राउन जीतने वाले पहले भारतीय बिलियर्ड खिलाड़ी बने थे।
पीटर गिलक्रिस्ट
पीटर गिलक्रिस्ट 50 वर्षीय सिंगापुर के बिलियर्ड्स के खिलाड़ी हैं। उन्होंने वर्ल्ड प्रोफेशनल बिलियर्ड्स एंड स्नूकर एसोसिएशन (WPBSA) वर्ल्ड चैंपियनशिप को 1994, 2001 तथा 2013 जीता। बिलियर्ड्स में सर्वाधिक ब्रेक (1346) का रिकॉर्ड पीटर गिलक्रिस्ट के नाम है।
2. विश्व मरुस्थलीकरण व सूखा रोकथाम दिवस कब मनाया जाता है?
उत्तर – 17 जून
प्रतिवर्ष 17 जून को विश्व मरुस्थलीकरण व सूखा रोकथाम दिवस मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार मरुस्थलीकरण से अभिप्राय शुष्क तथा अर्ध-शुष्क क्षेत्र में भूमि के निम्नीकरण से है।
मुख्य बिंदु
विश्व मरुस्थलीकरण तथा सूखा रोकथाम दिवस की घोषणा 30 जनवरी, 1995 को संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा प्रस्ताव A/RES/49/115 के द्वारा की गयी थी। इस वर्ष विश्व मरुस्थलीकरण व सूखा रोकथाम दिवस की थीम “लेट्स ग्रो द फ्यूचर टूगेदर” है।
इस दिवस का उद्देश्य लोगों में मरुस्थलीकरण तथा सूखे के बारे में जागरूकता फैलाना है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार प्रतिवर्ष 24 अरब टन उपजाऊ भूमि शुष्क हो रही है, शुष्क क्षेत्र निम्नीकरण के कारण विकासशील देशों के राष्ट्रीय घरेलु उत्पाद में 8% की कमी आ रही है।
मरुस्थलीकरण को रोकने के लिए भारत के प्रयास
भारत सरकार द्वारा मरुस्थलीकरण को रोकने के लिए कई योजनाये चलायी जा रही हैं – पर ड्रॉप मोर क्रॉप, साइल हेल्थ कार्ड स्कीम तथा किसानों के लिए नीम कोटित यूरिया, इससे कृषि योग्य भूमि में विस्तार होगा।
पिछले पांच वर्षों में भारत के वन क्षेत्र में वृद्धि हुई है। भारत सरकार किसानों के कल्याण तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।
3. मिस इंडिया 2019 का खिताब किसने जीता?
उत्तर – सुमन राव
राजस्थान की सुमन राव फेमिना मिस इंडिया 2019 बनीं, इस समारोह का आयोजन मुंबई के सरदार वल्लभभाई पटेल इंडोर स्टेडियम में किया गया। पिछले वर्ष मिस इंडिया का खिताब तमिलनाडु की अनुकृति वास ने जीता था। सुमन राव दिसम्बर, 2019 में मिस वर्ल्ड 2019 में पटाया, बैंकाक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ की शिवानी जाधव ने फेमिना मिस ग्रैंड इंडिया 2019 का खिताब जीता। बिहार की श्रेया शंकर ने मिस इंडिया यूनाइटेड कॉन्टिनेंट्स 2019 का खिताब जीता।
सुमन राव
सुमन राव राजस्थान से हैं, वे वर्तमान में नई दिल्ली से बी.कॉम के साथ चार्टर्ड एकाउंटेंसी का कोर्स कर रही हैं। सुमन राव का जन्म 23 नवम्बर, 1999 को हुआ था। सुमन राव मूल रूप से राजस्थान से हैं, परन्तु वे मुंबई में पली बढ़ी हैं।
4. हृदयनाथ मित्रा फाउंडेशन का “सेव वाटर हीरो अवार्ड” किसे जीता?
उत्तर – मकरंद टिल्लू
सामाजिक कार्यकर्ता मकरंद टिल्लू ने “हृदयनाथ मित्रा फाउंडेशन का “सेव वाटर हीरो अवार्ड” जीता। उन्हें यह पुरस्कार पुणे में जल संरक्षण के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए दिया गया। टिल्लू व्यवसाय से योगा ट्रेनर तथा मोटिवेशनल स्पीकर हैं। उन्होंने लीक होने वाले नल के स्थान पर नए नल लगाकर अभियान शुरू किया था।
5. स्लोवाकिया की पहली महिला राष्ट्रपति के रूप में किसने शपथ ली?
उत्तर – ज़ुज़ाना कापुतोवा
ज़ुज़ाना कापुतोवा ने स्लोवाकिया की पहली महिला राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। ज़ुज़ाना कापुतोवा ने राष्ट्रपति चुनाव में मारोस सेफ्कोविच को पराजित किया। ज़ुज़ाना कापुतोवा को 58% वोट प्राप्त हुए जबकि मारोस सेफ्कोविच को 42% वोट प्राप्त हुए।
स्लोवाकिया
स्लोवाकिया मध्य यूरोप में स्थित एक लैंड-लॉक्ड देश है। इसकी सीमा उत्तर में पोलैंड, पूर्व में यूक्रेन, दक्षिण में हंगरी तथा पश्चिम में ऑस्ट्रिया से लगती है। स्लोवाकिया यूरोपीय संघ तथा नाटो का सदस्य है। यह चेकोस्लोवाकिया से 1 जनवरी, 1993 को स्वतंत्र हुआ था। इसका क्षेत्रफल 49,035 वर्ग किलोमीटर है। इसकी राजधानी ब्रातिस्लावा में स्थित है। इसकी आधिकारिक भाषा स्लोवाक है तथा इसकी राष्ट्रीय मुद्रा यूरो है।
6. इसरो के चंद्रयान-2 मिशन की पहली महिला निदेशक कौन हैं?
उत्तर – मुतैय्या वनिता
मुतैय्या वनिता को चंद्रयान-2 मिशन का प्रथम महिला निदेशक नियुक्त किया गया है। इसरो के चेयरमैन के. सिवान ने 15 जुलाई को चंद्रयान-2 को लांच करने की घोषणा की है। इसरो के चंद्रयान 2 के परीक्षण का अंतिम चरण शुरू हो गया है। अंतिम टेस्ट तमिलनाडु के महेंद्रगिरी तथा बंगलुरु के ब्यालालू में किये जा रहे हैं। इसरो का स्पेसक्राफ्ट संभवतः 6 अथवा 7 सितम्बर को चन्द्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड करेगा।
7. हाल ही में सुर्खियों में रहीं इंगेर एंडरसन किस देश से सम्बंधित हैं?
उत्तर – डेनमार्क
डेनमार्क की इंगेर एंडरसन को संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम का कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया। उनका कार्यकाल चार वर्ष का होगा।
इंगेर एंडरसन
इंगेर एंडरसन डेनमार्क की अर्थशास्त्री तथा पर्यावरणविद हैं। उनके पास अंतर्राष्ट्रीय विकास अर्थशास्त्र तथा नीति-निर्माण का 30 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्हें संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम के कार्यकारी निदेशक के पद के लिए संयुक्त राष्ट्र के महासचिव अंतोनियो गुटेरेस द्वारा फरवरी, 2019 में मनोनीत किया गया था। उन्होंने तंज़ानिया के जॉयस एमसुया से कार्यभार संभाला।
संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण प्रोग्राम (UNEP)
UNEP संयुक्त राष्ट्र का हिस्सा है, यह संगठन पर्यावरण संरक्षण सम्बन्धी कार्य करता है। जून, 1972 में मानवीय वातावरण पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन के परिणामस्वरूप UNEP की स्थापना की गयी थी। इसका मुख्यालय केन्या के नैरोबी में स्थित है। इसके 6 अन्य क्षेत्रीय कार्यालय भी हैं। UNEP पर्यावरण शिक्षा, प्रचार तथा धारित विकास के लिए पर्यावरण के सदुपयोग पर बल इत्यादि कार्य करता है।
8. ऑपरेशन सनराइज 2 का आयोजन किन दो देशों की सेनाओं द्वारा किया गया?
उत्तर – भारत और म्यांमार
भारत और म्यांमार की सेनाओं ने अपनी सीमा के निकट के क्षेत्र में “ऑपरेशन सनराइज 2” का आयोजन किया, इसका आरम्भ 16 मई, 2019 को हुआ था। यह ऑपरेशन तीन सप्ताह तक चला। इस ऑपरेशन के दौरान कई आतंकी शिविरों को नष्ट किया गया। इस ऑपरेशन के तहत मणिपुर, नागालैंड और असम में सक्रीय आतंकी समूहों को निशाना बनाया गया। यह ऑपरेशन सनराइज का दूसरा संस्करण था।
मुख्य बिंदु
इस ऑपरेशन में भारतीय सेना की ओर से असम राइफल्स ने हिस्सा लिया। इस ऑपरेशन के दौरान दोनों देशों की सेनाओं ने NSCN-K (नेशनल सोशलिस्ट कौंसिल ऑफ़ नागालैंड – खापलांग), कामतापुर लिबरेशन आर्गेनाईजेशन, यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ़ असम (उल्फा) तथा नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ़ बोरोलैंड) इत्यादि के विरुद्ध कार्यवाही की गयी। इस ऑपरेशन के तहत उक्त आतंकी समूहों के 6 दर्ज़न आतंकियों को पकड़ा गया तथा कई आतंकी शिविरों को नष्ट किया गया।
ऑपरेशन सनराइज 1 का आयोजन फरवरी 2019 में भारत-म्यांमार सीमा के साथ किया गया था, इस ऑपरेशन में कई आतंकी शिविरों को नष्ट किया गया था। इस ऑपरेशन के दौरान भारतीय सेना ने अरकान आर्मी (म्यांमार का आतंकी समूह) के विरुद्ध कार्यवाही की थी। यह आतंकी समूह कलादान मल्टीमोडल ट्रांजिट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट के खिलाफ था।
कलादान मल्टीमोडल ट्रांजिट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट
कलादान मल्टीमोडल ट्रांजिट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट का उद्देश्य भारत के कलकत्ता को म्यांमार के सित्तवे बंदरगाह से जोड़ना है। इसके लिए सित्तवे बंदरगाह को म्यांमार में लाशियो से जोड़ा जायेगा, इसके बाद कालादन नदी पर नाव के द्वारा यात्रा की जा सकती है, इसके बाद लाशियो से मिजोरम तक सड़क मार्ग की सुविधा है। इस मार्ग के द्वारा मिजोरम और कलकत्ता के बीच की दूरी में लगभग 1000 किलोमीटर की कमी आएगी। इससे वस्तुओं की ढुलाई में लगने वाले समय में भी कमी होगी।
इस मार्ग के द्वारा मिजोरम को म्यांमार से होते हुए सामान भेजा जा सकता है। इसके अतिरिक्त कलकत्ता से मिजोरम तक सामान ले जाने में समय की बचत होगी तथा लागत भी कम आएगी। यह भारत की एक्ट-ईस्ट पालिसी का हिस्सा है। इसे दक्षिण-पूर्वी एशिया से भारत के व्यापारिक सम्बन्ध भी मज़बूत होंगे। आर्थिक, वाणिज्यिक तथा सामरिक लाभ के अलावा म्यांमार के विकास में भी इसकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
9. हाल ही में सुर्ख़ियों में रहा फेनी ब्रिज किस राज्य में स्थित है?
उत्तर – त्रिपुरा
फेनी ब्रिज को मैत्री सेतु के नाम से भी जाना जाता है। इसके द्वारा भारत के उत्तर-पूर्व तथा बांग्लादेश के बीच फेनी नदी के ऊपर व्यापारिक कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। इस पुल की सहायता से त्रिपुरा को बांग्लादेश के चटगाँव के साथ कनेक्ट किया जाएगा। इस पुल की सहायता से भारी मशीनों तथा अन्य वस्तुओं का परिवहन आसानी से किया जा सकेगा। इस पुल का निर्माण राष्ट्रीय उच्चमार्ग अधोसंरचना विकास कारपोरेशन लिमिटेड द्वारा 82 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट अप्रैल, 2020 तक पूरा हो जायेगा।
10. हाल ही में लोकसभा का नया प्रोटेम स्पीकर किसे चुना गया है?
उत्तर – वीरेंद्र कुमार
भारतीय जनता पार्टी के नेता वीरेंद्र कुमार को 17वीं लोकसभा के लिए प्रोटेम स्पीकर चुना गया है। वीरेंद्र कुमार मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से सात बार सांसद रह चुके हैं। प्रोटेम स्पीकर का कार्य नव-निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाना होता है। प्रोटेम स्पीकर ही नियमित स्पीकर के निर्वाचन कार्य का पर्यवेक्षण करता है। नए सांसद लोकसभा के पहले सत्र के दो दिनों में शपथ लेंगे। 17वीं लोकसभा के लिए स्पीकर का चयन 19 जून को किया जायेगा।
लोकसभा का प्रोटेम स्पीकर
नयी सरकार के गठन के बाद लोकसभा के वरिष्ठ सदस्यों की सूची तैयार करके संसदीय मामलों के मंत्री को सौंपी जाती है, वे प्रोटेम स्पीकर का चयन करते हैं। प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति को राष्ट्रपति द्वारा मंज़ूरी दी जाती है।
Good sir like your site love you
Thanks sir like your contain material
Thanks
Very nice
beautiful
Very Nice & helpfull Site
Very helpful your current affairs
Thanks sir….
Very good sir
Very helpful your current affairs for any examination …