हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 16 जुलाई, 2019
1. किस बॉलीवुड अभिनेता को मेलबोर्न की ला ट्रोब यूनिवर्सिटी द्वारा मानद डॉक्टरेट से सम्मानित किया जायेगा?
उत्तर – शाहरुख़ खान
शाहरुख़ खान को 9 अगस्त को मेलबोर्न की ला ट्रोब यूनिवर्सिटी द्वारा मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की जायेगी, उन्हें यह उपाधि वंचित वर्ग के बच्चों के उत्थान तथा महिला सशक्तिकरण के लिए किये गये कार्य के लिए दिया जा रहा है।
2. किस भारतीय सर्जन को आनरेरी फ़ेलोशिप ऑफ़ द रॉयल कॉलेज ऑफ़ सर्जन्स ऑफ़ थाईलैंड से सम्मानित किया गया है?
उत्तर – डॉ. पी. रघु राम
जाने-माने सर्जन डॉ. पी. रघु राम को आनरेरी फ़ेलोशिप ऑफ़ द रॉयल कॉलेज ऑफ़ सर्जन्स ऑफ़ थाईलैंड से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान पट्टाया में रॉयल कॉलेज की 44वीं वार्षिक वैज्ञानिक कांग्रेस में प्रदान किया गया है। डॉ. पी. रघु राम भारतीय सर्जन संघ के अध्यक्ष भी हैं।
3. हाल ही में AIIB से 100 मिलियन डॉलर की ग्रीन एनर्जी फंडिंग प्राप्त करने वाली पहली गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (NBFC) कौन बनी?
उत्तर – L&T इन्फ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस कंपनी लिमिटेड
L&T इन्फ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस कंपनी लिमिटेड AIIB (Asian Infrastructure Investment Bank) से 100 मिलियन डॉलर की ग्रीन एनर्जी फंडिंग प्राप्त करने वाली पहली गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (NBFC) बनी। इस ऋण राशि का उपयोग पवन तथा सौर उर्जा परियोजनाओं के लिए किया जायेगा। पेरिस समझौते के तहत भारत ने 2005 के स्तर के आधार पर 2030 तक कार्बन प्रबलता में 30-35% कमी करने का लक्ष्य रखा है।
4. 2019 विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट में महिला एकल वर्ग का खिताब किसने जीता?
उत्तर – सिमोना हालेप
रोमानिया की सिमोना हालेप ने अमेरिका की सेरेना विलियम्स को 6-2, 6-2 से पराजित करके विंबलडन 2019 में महिला एकल वर्ग का खिताब जीता, गौरतलब है कि यह उनका पहला विंबलडन खिताब है। सिमोना हालेप ने सात बार की विंबलडन चैंपियन को 56 मिनट में ही पराजित किया।
सिमोना हालेप
सिमोना हालेप रोमानिया की टेनिस खिलाड़ी हैं। उनका जन्म 27 सितम्बर, 1991 को रोमानिया के कांस्तान्ता शहर में हुआ था। वे अपने कैरियर में 18 WTA एकल खिताब तथा एक मिश्रित WTA खिताब जीत चुकी हैं। उन्होंने 2018 में फ्रेंच ओपन जीता था।
5. विश्व बैंक के जलवायु प्रतिरोध क्षमता कार्यक्रम के तहत फण्ड प्राप्त करने वाला पहला भारतीय राज्य कौन सा है?
उत्तर – केरल
विश्व बैंक ने जलवायु प्रतिरोध क्षमता के तहत केरल के “Resilient Kerala Programme (RKP)” के लिए 250 मिलियन डॉलर की सहायता को मंज़ूरी दी है। केरल प्राकृतिक आपदा तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने के लिए विश्व बैंक से फंडिंग प्राप्त करने वाला पहला भारतीय राज्य है। Resilient Kerala Programme के तहत निर्धन वर्ग की आजीविका को सुरक्षित रखने का प्रयास किया जाएगा। यह नया कार्यक्रम “Rebuild Kerala Development Programme” का हिस्सा है, इसका उद्देश्य हरित तथा प्रतिरोध क्षमता युक्त केरल का निर्माण करना है।
6. भारत के सर्वोच्च न्यायालय के किस पूर्व न्यायधीश को सिंगापुर इंटरनेशनल कमर्शियल कोर्ट ने अंतर्राष्ट्रीय न्यायधीश के रूप में नियुक्त किया गया है?
उत्तर – जस्टिस ए.के. सिकरी
भारत के सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायधीश जस्टिस सिकरी को सिंगापुर इंटरनेशनल कमर्शियल कोर्ट का न्यायधीश नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति सिंगापुर के राष्ट्रपति द्वारा सिंगापुर के प्रधानमंत्री के परामर्श के बाद की गयी है। उनका कार्यकाल 1 अगस्त, 2019 को शुरू होगा तथा 4 जनवरी, 2021 को उनका कार्यकाल समाप्त होगा।
जस्टिस सिकरी
• वे 1977 में दिल्ली में अधिवक्ता के रूप में एनरोल हुए थे।
• वे 1999 में दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायधीश बने।
• 2011 में वे बहुत कम समय के लिए दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायधीश बने थे। बाद में 2012 में वे पंजाब व हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायधीश बने।
• वे 6 मार्च, 2019 को भारत के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायधीश के रूप में सेवानिवृत्त हुए थे।
सिंगापुर इंटरनेशनल कमर्शियल कोर्ट
सिंगापुर इंटरनेशनल कमर्शियल कोर्ट की स्थापना 5 जनवरी, 2015 को की गयी थी, इसका उद्देश्य सिंगापुर को एक अग्रणी विवाद निपटान हब के रूप में स्थापित करना है। यह अंतर्राष्ट्रीय वाणिज्यिक विवादों के निपटान का कार्य करता है, इसके पैनल में 16 अंतर्राष्ट्रीय न्यायधीश हैं।
7. कासारकोड बीच किस राज्य में स्थित है?
उत्तर – कर्नाटक
केन्द्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने हाल ही में “ब्लू फ्लैग” प्रमाणीकरण के लिए भारत के 12 बीच का चयन किया है, यह बीच हैं : शिवराजपुर (गुजरात), भोगवे (महाराष्ट्र), कप्पड़ (केरल), घोघला (दिउ), मिरामार (गोवा), कासरकोड और पदुबिदरी (कर्नाटक), ईडन (पुदुचेरी), महाबलीपुरम (तमिलनाडु), रुशिकोंडा (आंध्र प्रदेश), गोल्डन (ओडिशा) तथा राधानगर (अंदमान व निकोबार द्वीप समूह) ।
ब्लू फ्लैग प्रमाणीकरण एक अंतर्राष्ट्रीय मान्यता है, यह उन बीच को प्रदान की जाती है जो स्वच्छता तथा पर्यावरण सम्बन्धी विभिन्न कसौटियों पर खरे उतरते हैं। ब्लू फ्लैग कार्यक्रम का संचालन डेनमार्क बेस्ड संगठन फेडरेशन ऑफ़ एनवायरनमेंट एजुकेशन (FEE) द्वारा किया जाएगा। ब्लू फ्लैग प्रमाणीकरण के कुल 33 मापदंड हैं, इस मापदंडों पर खरा उतरने के बाद किसी स्थान को ब्लू फ्लैग प्रमाणीकरण प्रदान किया जाता है। इनमे कुछ एक प्रमुख मापदंड हैं – कचरा निपटान सुविधा, दिव्यांग जनों के लिए सुविधाएँ, फर्स्ट ऐड उपकरण इत्यादि।
8. Spektr-RG नामक टेलिस्कोप किस देश से सम्बंधित है?
उत्तर – रूस
रूस ने हाल ही में एक शक्तिशाली एक्स-रे टेलिस्कोप “Spektr-RG” अन्तरिक्ष में लांच किया है, इस टेलिस्कोप को कजाखस्तान के बैकानूर से लांच किया गया है। इसका निर्माण जर्मनी के साथ संयुक्त प्रोजेक्ट के तहत किया गया है। इस टेलिस्कोप को 21 जून, 2019 को लांच किया जाना था, परन्तु बैटरी से सम्बंधित समस्या के कारण इसके लांच को दो बार स्थगित करना पड़ा।
Spektr-RG
इस टेलिस्कोप का विकास रूस ने जर्मनी के साथ मिलकर किया है। इस टेलिस्कोप को “प्रोटोन-एम राकेट” की सहायता से लांच किया गया। यह टेलिस्कोप ब्लैक होल, न्यूट्रॉन स्टार तथा चुम्बकीय क्षेत्र के पर्यवेक्षण के लिए किया गया है। यह एक अन्तरिक्ष वेधशाला है, यह Spektr-R का स्थान लेगी। Spektr-R पर रोसकॉसमॉस (रूसी अन्तरिक्ष एजेंसी) ने जनवरी, 2019 में नियंत्रण खो दिया था। Spektr-R को 2011 में लांच किया गया था।
9. विश्व युवा कौशल दिवस कब मनाया जाता है?
उत्तर – 15 जुलाई
प्रतिवर्ष 15 जुलाई को विश्व कौशल विकास दिवस मनाया जाता है, इसका उद्देश्य युवाओं में बेहतर आजीविका के लिए कौशल विकास के बारे में जागरूकता उत्पन्न करना है। इस वर्ष विश्व युवा कौशल विकास दिवस की थीम “लर्निंग टू लर्न फॉर लाइफ एंड वर्क” है। इस वर्ष शार्ट विडियो प्लेटफार्म “टिकटॉक” तथा राष्ट्रीय कौशल विकास निगम ने भारत में कौशल विकास के लिए मिलकर कार्य करने का निर्णय लिया है।
10. हाल ही में करतारपुर साहिब कॉरिडोर के लिए द्वितीय बैठक का आयोजन किस स्थान पर किया गया?
उत्तर – वाघा
पाकिस्तान ने करतारपुर साहिब के गुरुद्वारा के लिए भारतीय तीर्थयात्रियों को एक वर्ष के लिए निशुल्क वीजा देने पर सहमती प्रकट की है। यह निर्णय हाल ही में वाघा में द्वितीय द्विपक्षीय बैठक में लिया गया। इस बैठक में भारत की ओर से केन्द्रीय गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, पंजाब सरकार तथा राष्ट्रीय उच्चमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
अब प्रति दिन 5000 श्रद्धालु करतारपु साहिब गुरुद्वारा की यात्रा कर सकते हैं। भारत ने विशेष अवसर पर 10,000 श्रद्धालुओं प्रतिदिन को गुरुद्वारा जाने की अनुमति देने की मांग रखी है।
गुरुद्वारा दरबार साहिब
यह 16वीं शताब्दी का गुरुद्वारा पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के नारोवल जिले में स्थित है। यह पाकिस्तान के पंजाब में भारत-पाक सीमा से 3-4 किलोमीटर दूर स्थित है। इसकी स्थापना सिख धर्म के पहले गुरु द्वारा 1522 में की गयी थी। यह गुरुद्वारा सिख समुदाय के लिए काफी महत्वपूर्ण है, गुरु नानक देव ने इस स्थान पर सिख समुदाय को एकत्रित किया, वे इस स्थान पर 18 वर्षों तक रहे।
करतारपुर कॉरिडोर
इस कॉरिडोर से भारत से गुरुद्वारा दरबार साहिब कर्तापुर की यात्रा करने वाले यात्रियों को सुगमता होगी। इसका प्रस्ताव सर्वप्रथम श्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा 1999 में रखा गया था। यदि इसे दोनों ओर से जोड़ा जाये तो धार्मिक पर्यटन में काफी वृद्धि होगी।
इस कॉरिडोर का निर्माण केंद्र सरकार द्वारा प्रदान किये गये फंड्स से किया जायेगा। इसके अतिरिक्त पाकिस्तान को भी सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को मध्य नज़र रखते हुए, अपने क्षेत्र में कॉरिडोर का निर्माण करने के लिए भी कहा जायेगा।