हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 29 जुलाई, 2019

1. खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तीसरे संस्करण का आयोजन किस शहर में किया जायेगा?
उत्तर – गुवाहाटी
2020 खेलों इंडिया यूथ गेम्स के तीसरे संस्करण का आयोजन गुवाहाटी में किया जायेगा। इसमें 10,000 से अधिक एथलीट हिस्सा लेंगे।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स
केन्द्रीय खेल मंत्रालय ने खेलो इंडिया स्कूल गेम्स के दायरे को बढ़ाकर बड़ा कर दिया है, इन खेलों में अब दो श्रेणियों, अंडर 17 और अंडर 21 में प्रतिभागी हिस्सा ले सकते हैं। इसमें कॉलेज और विश्वविद्यालय के खिलाड़ी भी हिस्सा ले सकते हैं। इन खेलों में 29 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेशों से 10,000 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले सकते हैं।
खेलो इंडिया कार्यक्रम
इसकी शुरुआत केन्द्रीय खेल व युवा मामले मंत्रालय द्वारा देश में खेल संस्कृति को पुनर्जीवित करने के लिए की थी। इसका उद्देश्य देश में खेले जाने वाले सभी खेलों को बढ़ावा देना तथा भारत को एक मज़बूत खेल राष्ट्र के रूप में तैयार करना है। इस कार्यक्रम से युवा खिलाड़ियों को अपने कौशल को बेहतर करने तथा अपने कौशल का प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा। इन खेलों में प्रतिभावान खिलाड़ियों को चिन्हित किया जायेगा तथा प्रत्येक चुने गये खिलाड़ी को 8 वर्षों के लिए 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जायेगी।
2. हाल ही में हिन्दू इकनोमिक फोरम ने किस देश में राष्ट्रीय अध्याय शुरू किया?
उत्तर – नेपाल
हाल ही में हिन्दू इकनोमिक फोरम ने नेपाल अध्याय शुरू किया, इस अवसर पर विश्व हिन्दू आर्थिक फोरम के संस्थाप स्वामी विज्ञानानंद ने कहा है कि आधुनिक विश्व में आर्थिक सशक्तिकरण अति आवश्यक है। नेपाल अध्याय का उद्देश्य भारत और नेपाल के बीच आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देना है। हिन्दू आर्थिक फोरम के द्वारा वित्तीय रूप से सफल हिन्दू समूहों को एक प्लेटफार्म पर लाना है, जहाँ पर वे अपने ज्ञान तथा विशेषज्ञता को औरों के साथ साझा कर सकें। हिन्दू आर्थिक फौरम, विश्व हिन्दू आर्थिक फोरम का हिस्सा है। इसके कई राष्ट्रीय अध्याय हैं, इसमें भारत, जर्मनी और केन्या इत्यादि शामिल हैं।
3. किस IIT के वैज्ञानिकों ने पैरालाइज्ड स्ट्रोक से पीड़ित लोगों के लिए दो ऊँगली वाले रोबोटिक हाथ का निर्माण किया है?
उत्तर – IIT कानपूर
IIT कानपूर के वैज्ञानिकों ने दो ऊँगली वाले रोबोटिक हाथ का निर्माण किया है, इससे पैरालाइज्ड स्ट्रोक से पीड़ित लोगों को काफी सहूलियत होगी। इस कार्य के लिए प्रोफेसर आशीष दत्ता तथा प्रोफेसर के.एस. वेंकटेश ने अपने अध्यापक गिरिजेश प्रसाद के साथ मिलकर यूनिवर्सिटी ऑफ़ अल्स्टर (यूनाइटेड किंगडम में स्थित) के साथ साझेदारी की। इस डिवाइस का उपयोग रोगी के हाथ पर किया जा सकता है। यह डिवाइस मस्तिष्क के सिग्नल का उपयोग करती है, इसमें ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफ़ेस का उपयोग किया गया है। इसके द्वारा व्यक्ति अपने अंगूठे तथा उँगलियों का उपयोग कर सकता है, इस डिवाइस में 300 Mhz के MEGA माइक्रोकंट्रोलर का उपयोग किया गया है, इसमें बैटरी का उपयोग किया जाता है। इस डिवाइस की लागत लगभग 15,000 रुपये है।
4. विश्व हेपेटाइटिस दिवस 2019 का मेज़बान देश कौन सा है?
उत्तर – पाकिस्तान
प्रतिवर्ष 28 जुलाई को विश्व हेपेटाइटिस दिवस मनाया जाता है, इसका उद्देश्य लीवर के इस रोग के बारे में जागरूकता फैलाना है जिस कारण 1.4 मिलियन लोग प्रतिवर्ष मरते हैं। 28 जुलाई को नोबेल पुरस्कार विजेता डॉ. बारूक ब्लूमबर्ग का जन्मदिवस है, उन्होंने हेपेटाइटिस बी वायरस की खोज की थी और इसके लिए टेस्ट तथा टीके की खोज की थी। इस वर्ष विश्व हेपेटाइटिस दिवस का मेज़बान देश पाकिस्तान है। इस वर्ष विश्व हेपेटाइटिस दिवस की थीम “हेपेटाइटिस को समाप्त करने के लिए निवेश” है। हेपेटाइटिस रोग की रोकथाम की जा सकती और इसका इलाज भी किया जा सकता है। परन्तु 80% हेपेटाइटिस पीड़ित लोगों के पास इसके रोकथाम, निदान तथा उपचार की सुविधा नही है।

5. हाल ही में जयपाल रेड्डी का निधन हुआ, वे किस राजनीतिक दल के नेता थे?
उत्तर – कांग्रेस
हाल ही में पूर्व केन्द्रीय मंत्री तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयपाल रेड्डी का निधन 28 जुलाई, 2019 को हैदराबाद में हुआ। उन्होंने राजनीती की शुरुआत छात्र राजनीती से ओस्मानिया विश्वविद्यालय से की थी। वे 1970 के दशक में कांग्रेस के विधायक बने। इंदिरा गाँधी द्वारा आपातकाल लगाये जाने के बाद वे जनता पार्टी में शामिल हो गये। बाद में 1999 में वे पुनः कांग्रेस में शामिल हो गये। 2004 में उन्हें लोकसभा के लिए मिर्यालगुडा से लोकसभा के लिए निर्वाचित किया गया था। वे UPA-I तथा UPA-II सरकारों में केन्द्रीय मंत्री रहे। वे पांच बार लोकसभा तथा दो बार राज्यसभा के लिए चुने गये।
6. हाल ही में किस केंद्र शासित प्रदेश ने BCCI से मान्यता प्राप्त की?
उत्तर – चंडीगढ़
चार दशक के बाद चंडीगढ़ को भारतीय क्रिकेट कण्ट्रोल बोर्ड से मान्यता मिली, अब रणजी ट्राफी में चंडीगढ़ की टीम हिस्सा ले सकती है। इसके अलावा जिन भी घरेलु प्रतियोगिताओं का आयोजन BCCI द्वारा किया जाता है, उनमे चंडीगढ़ की टीम हिस्सा ले सकती है।
7. भारतीय सेना का नया DGMO (डायरेक्टर जनरल ऑफ़ मिलिट्री ऑपरेशंस) किसे नियुक्त किया गया?
उत्तर – लेफ्टिनेंट जनरल परमजीत सिंह
लेफ्टिनेंट जनरल परमजीत सिंह को भारतीय सेना का नया DGMO (डायरेक्टर जनरल ऑफ़ मिलिट्री ऑपरेशंस) नियुक्त किया गया है। वे 15 अक्टूबर को लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान का स्थान लेंगे। वर्तमान में वे सेना की नगरोटा बेस्ड XVI कॉर्प्स में जनरल कमांडिंग ऑफिसर के रूप में कार्यरत्त हैं। DGMO के रूप में वे जम्मू-कश्मीर में LoC के साथ भारतीय सेना के विभिन्न ऑपरेशन का अवलोकन करेंगे। वे आतंक विरोधी ऑपरेशन तथा ऊंचाई में युद्ध का काफी अनुभव रखते हैं। उन्होंने सियाचीन में भी कार्य किया है। उनका अधिकतर करियर जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी विरोधी ऑपरेशन में बीता। उन्होंने श्रीलंका में लिट्टे के विरुद्ध ऑपरेशन में भी हिस्सा लिया। गौरतलब है कि उन्होंने 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक की योजना के महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
8. किस भारतीय ने अमेरिका में पीपल्स चॉइस अवार्ड जीता?
उत्तर – सुदर्शन पटनायक
भारत के सुप्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने हाल ही में अमेरिका में पीपल्स चॉइस अवार्ड जीता। यह पुरस्कार उन्हें “स्टॉप प्लास्टिक पोल्यूशन, सेव आवर ओशन” नामक कलाकृति के लिए प्रदान किया गया। यह कलाकृति उन्होंने बोस्टन में 019 Revere Beach International Sand Sculpting Festival के दौरान बनायीं थी। सुदर्शन पटनायक भारत तथा एशिया से एकमात्र प्रतिभागी थे।
9. किस भारतीय महिला मुक्केबाज़ ने 23वें प्रेसिडेंट्स कप में 51 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीता?
उत्तर – मैरी कॉम
मैरी कॉम ने 23वें प्रेसिडेंट्स कप में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने इंडोनेशिया के लाबुआन बजो में 51 किलोग्राम भारवर्ग में यह स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की एप्रिल फ्रैंक को 5-0 से हराकर यह स्वर्ण पदक जीता।
मैरी कॉम
मैरी कॉम का पूरा नाम चुंगनिजजंग मैरी कॉम ह्मंगते है, उनका जन्म 1 मार्च, 1983 को मणिपुर के कन्गथेइ में हुआ था। वे विश्व स्तर पर अमेचर बॉक्सिंग की सबसे सफल मुक्केबाजों में से एक हैं। मैरी कॉम सातों विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली इकलौती मुक्केबाज़ हैं। इनमे 6 स्वर्ण पदक भी शामिल हैं।
मैरी कॉम ने 2002 में अनाताल्या, 2005 में पोदोस्ल्क, 2006 में नईं दिल्ली, 2008 में निंगबो सिटी में, 2010 में ब्रिजटाउन तथा 2018 में नई दिल्ली में विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है। इसके अलावा 2001 में उन्होंने स्क्रैंटन में आयोजित विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था।
मैरी कॉम ने 2012 में लन्दन ओलिंपिक में कांस्य पदक जीता था। इसके पश्चात् 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में मैरी कॉम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। उन्होंने 2014 के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक तथा 2010 के एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता था।
10. पांचवें धर्म-धम्म सम्मेलन का आयोजन किस शहर में किया गया?
उत्तर – राजगीर
बिहार के राजगीर में 27-28 जुलाई, 2019 के दौरान पांचवें अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन का आयोजन किया गया, इस सम्मलेन का उद्घाटन केन्द्रीय मंत्री किरेन रिजीजू द्वारा किया गया। इस सम्मेलन का आयोजन राजगीर द्वारा दूसरी बार किया गया है।
पांचवा अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन
इस सम्मेलन का उद्देश्य लोगों को आतंक,हिंसा, ग्लोबल वार्मिंग इत्यादि के बारे में जागरूक करना है। इस सम्मेलन में बौद्ध धर्म के सत-चित आनंद तथा निर्वच धर्मं-धम्म परंपरा इत्यादि पर भी फोकस किया गया।
इस सम्मेलन का आयोजन नालंदा विश्वविद्यालय द्वारा नई दिल्ली के Centre for Study of Religion and Society-India Foundation (CSRS-IF) के साथ मिलकर किया गया। इसमें लगभग 250 विद्वानों तथा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
इस सम्मलेन में श्रीलंका के गृह मंत्री गामिनी जयविक्रम परेरा, भूटान व गृह व संस्कृति मंत्री ल्योंपो शेरुब ग्येल्तशेन तथा जूना अखाड़ा के अवधेशानंद गिरी जी महाराज ने हिस्सा लिया। यह सम्मेलन हिन्दू व बौद्ध चिंतकों के लिए विचार-विमर्श हेतु एक महत्वपूर्ण प्लेटफार्म है।

Advertisement

2 Comments on “हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 29 जुलाई, 2019”

  1. Sheelendra Singh says:

    Nice

  2. Nilam kumar das says:

    Very very important question… Tq

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *