हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 3-4 जुलाई, 2019

1. केंद्र सरकार ने कौन सा जल संरक्षण अभियान लांच किया है?
उत्तर – जल शक्ति अभियान
केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने हाल ही में जल शक्ति अभियान लांच किया, इसका उद्देश्य जल संरक्षण को बढ़ावा देना है। इस अभियान के तहत 256 जिलों के 1592 खण्डों में जल सुरक्षा के लिए कार्य किया जायेगा।
जल शक्ति अभियान
यह विभिन्न मंत्रालयों तथा राज्य सरकारों का संयुक्त प्रयास है, इसका समन्वय पेयजल तथा स्वच्छता मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है।
256 जिलों का कार्य संयुक्त सचिवों तथा अतिरिक्त सचिवों के नेतृत्व में टीम्स द्वारा किया जायेगा। इसमें जिला प्रशासन द्वारा भी दो सदस्य मनोनीत किये जायेंगे। केंद्र सरकार के अफसरों तथा जिला प्रशासन की टीम द्वारा सम्बंधित जिलों की यात्रा की जायेगी तथा समस्याग्रस्त खण्डों (ब्लॉक) में जल संरक्षण सुनिश्चित किया जायेगा।
इस अभियान के तहत 5 पहलुओं पर बल दिया जायेगा :
1. जल संरक्षण तथा वर्षा जल संग्रहण
2. पारंपरिक तथा अन्य जल स्त्रोतों को पुनरुत्थान
3. जल का पुनरुपयोग
4. वाटरशेड विकास
5. वनीकरण को बढ़ावा देना।
मानसून ऋतू में इस अभियान को 1 जुलाई से 15 सितम्बर, 2019 तक चलाया जायेगा।
दूसरे चरण में इस अभियान को 1 अक्टूबर से 30 नवम्बर, 2019 तक चलाया जायेगा।
इस अभियान द्वारा सरकार का उद्देश्य सभी घरों को पेयजल की सुविधा प्रदान करवाना है। यह जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
2. अंतर्राष्ट्रीय कटिबंध दिवस कब मनाया जाता है?
उत्तर – 29 जून
प्रतिवर्ष 29 जून को अंतर्राष्ट्रीय कटिबंध दिवस मनाया जाता है, इसके द्वारा कटिबंधीय प्रदेशों की समस्याओं को उजागर किया जाता है। कटिबंधीय क्षेत्रों में विश्व का 40% क्षेत्र तथा 80% जैव-विविधता आती है।
3. किस देश ने वाणिज्यिक व्हेलिंग पुनः शुरू की है?
उत्तर – जापान
जापान ने अंतर्राष्ट्रीय व्हेलिंग आयोग की सदस्यता छोड़ने के बाद जुलाई, 2019 से वाणिज्यिक व्हेलिंग फिर से शुरू कर दी है। अब जापानी व्हेलर्स पुनः तटीय क्षेत्रों में व्हेल मछली का शिकार कर सकेंगे। अब जापान में केवल अपने क्षेत्राधिकार वाले क्षेत्रों में व्हेल मछली का शिकार किया जायेगा। जापान ने दक्षिणी गोलार्ध में व्हेलिंग गतिविधियाँ नहीं करने का निर्णय लिया है।
पृष्ठभूमि
इससे पहले जापान ने अंतर्राष्ट्रीय व्हेलिंग आयोग की सदस्यता छोड़ने का निर्णय लिया था। जापान ने अन्तर्राष्ट्रीय व्हेलिंग आयोग में वाणिज्यिक व्हेलिंग की अनुमति देने के लिए काफी प्रयास किया। जापान ने अपने पक्ष में कहा था कि व्हेल की अधिकतर प्रजातियाँ विलुप्तप्राय नहीं हैं तथा व्हेल का मांस भोजन के रूप में खाना जापानी संस्कृति का हिस्सा है। IWC की सदस्यता छोड़ने के लिए जापान ने तर्क दिया है कि व्हेल का शिकार करना उनकी परंपरा का अभिन्न अंग है, व्हेल का शिकार छोड़ देने के कारण इस परंपरा को अगली पीढ़ी तक नहीं पहुँचाया जा सकेगा। इसके बाद जापान ने अन्तर्राष्ट्रीय व्हेलिंग आयोग की सदस्यता छोड़ी। परन्तु अन्तर्राष्ट्रीय व्हेलिंग आयोग ने जापान के प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया। इससे पहले आइसलैंड और नॉर्वे ने भी IWC द्वारा वाणिज्यिक व्हेल शिकार के प्रतिबन्ध की अवहेलना की थी।
अन्तर्राष्ट्रीय व्हेलिंग आयोग
अंतर्राष्ट्रीय व्हेलिंग आयोग की स्थापना 1946 में व्हेल के संरक्षण के लिए की गयी थी। इसकी स्थापना व्हेल के शिकार के नियमन पर अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन के अंतर्गत की थी। अन्तर्राष्ट्रीय व्हेलिंग आयोग का उद्देश्य व्हेल के संरक्षण पर कार्य करना तथा व्हेलिंग उद्योग का क्रमबद्ध विकास सुनिश्चित करना है। अन्तर्राष्ट्रीय व्हेलिंग आयोग एक अनुसूची के द्वारा व्हेलिंग का नियमन करता है, यह अनुसूची कानूनी रूप से बाध्य होती है।
अनुसूची में वाणिज्यिक व्हेलिंग की सीमा निश्चित की गयी है, यह क्षेत्र विशेष पर निर्भर होती है। इस अनुसूची में व्हेल अभ्यारण्य, छोटी व्हेल मछलियों के संरक्षण तथा शिकार के तरीकों पर प्रतिबन्ध इत्यादि कई प्रावधान हैं।
4. हाल ही में किस तितली प्रजाति को तमिलनाडु की आधिकारिक तितली घोषित किया गया?
उत्तर – तमिल योमैन
तमिल योमैन नामक तितली की प्रजाति को राज्य की आधिकारिक तितली प्रजाति घोषित किया गया है,यह तितली पश्चिमी घाट में पायी जाती है। तमिलनाडु देश का ऐसा पांचवा राज्य है जिसने आधिकारिक तितली प्रजाति का चयन किया है। तमिलनाडु में 32 तितली हॉटस्पॉट हैं।
5. नासा के “पंच मिशन” के लिए किस भारतीय वैज्ञानिक को सह-अन्वेषक के रूप में चुना गया है?
उत्तर – प्रोफेसर दीपांकर बनर्जी
नासा के पंच मिशन के द्वारा सूर्य की बाहरी परत के क्षेत्र के चित्र लिए जायेंगे। प्रोफेसर दीपांकर बनर्जी नासा के इस मिशन में सह-अन्वेषक के रूप में कार्य करेंगे। वे भारतीय खगोल-भौतिकी संस्थान के वैज्ञानिक हैं। PUNCH का पूर्ण स्वरुप “Polarimeter to Unify the Corona and Heliosphere” है।
6. हाल ही में भारत और फ्रांस के बीच “गरुड़-VI’ अभ्यास किस शहर में शुरू हुआ?
उत्तर – मोंट डी मारसन
भारतीय वायुसेना तथा फ़्रांसिसी वायुसेना के बीच गरुड़-VI संयुक्त वायु अभ्यास शुरू हो गया है, इस अभ्यास का आयोजन फ्रांस के मोंट डी मारसन में किया जा रहा है।
इस अभ्यास के पिछले संस्करण का आयोजन जून, 2014 में राजस्थान में किया गया था। इस वर्ष गरुड़ अभ्यास के 6वें संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। इस अभ्यास का आयोजन 1 से 12 जुलाई, 2019 के बीच किया जा रहा है।
गरुड़-VI
इस अभ्यास का उद्देश्य भारतीय वायुसेना तथा फ़्रांसिसी वायुसेना के बीच इंटरओपेराबिलिटी को बढ़ावा देना है। इस अभ्यास में भारत और फ्रांस के सबसे बेहतरीन लड़ाकू विमान हिस्सा लेंगे। इस अभ्यास में राफेल, सुखोई 30 तथा मिराज 2000 जैसे लड़ाकू विमान हिस्सा लेंगे।
इस अभ्यास में भारतीय वायुसेना के 120 सैनिक, 4 सुखोई 30 MKI तथा एक IL-78 फ्लाइट रीफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट हिस्सा ले रहे हैं। इसमें भारत का C-17 ग्लोबमास्टर भी हिस्सा लेगा।
फ्रांस की ओर से इस अभ्यास में राफेल, मिराज 2000, C135, E3F, C130, कासा तथा अल्फा जेट इत्यादि हिस्सा लेंगे।
7. हाल ही में जया अरुणाचलम का निधन हुआ, वे किस राज्य से थीं?
उत्तर -तमिलनाडु
जया अरुणाचलम वर्किंग विमेंस फोरम की संस्थापक थीं, उनका निधन 29 जून, 2019 को चेन्नई में हुआ। उन्होंने महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाने के लिए सराहनीय कार्य किया। भारत सरकार ने 1987 में उन्हें पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया था।
8. हाल ही में किस राज्य में AFSPA की अवधि को बढ़ाया गया है?
उत्तर – नागालैंड
गृह मंत्रालय ने सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम, 1958 (AFSPA) को नागालैंड में 6 महीने के लिए बढ़ाया है, यह निर्णय तुरंत प्रभाव से लागू होगा। अब AFSPA नागालैंड में दिसम्बर के अंत तक लागू रहेगा।
सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम, 1958 (AFSPA)
AFSPA को 1958 में लागू किया गया था, इसका उपयोग अशांत घोषित किये गये क्षेत्रों में किया जाता है। इस अधिनियम के द्वारा किसी क्षेत्र में धार्मिक, नस्लीय, भाषायी तथा समुदायों के बीच विवाद के कारण इसे राज्य अथवा केंद्र सरकार द्वारा अशांत घोषित किया जा सकता है।
अशांत क्षेत्र की घोषणा : इस अधिनियम के सेक्शन 3 में राज्य अथवा केंद्र शासित प्रदेश के राज्यपाल को भारत में गज़ट में अधिसूचना जारी करने की शक्ति दी गयी, जिसे बाद केंद्र के पास नागरिकों की सहायता के लिए सशस्त्र बल भेजने की शक्ति है। यदि किसी क्षेत्र को अशांत घोषित किया जाता है तो यह स्थिति कम से कम तीन महीने के लिए लागू होगी।
सशस्त्र बलों को विशेष शक्तियां : इस अधिनियम के द्वारा सशस्त्र बलों, राज्य व केन्द्रीय पुलिस बल को उग्रवादियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही संपत्ति अथवा घर को नष्ट करने, छानबीन करने तथा गोली मारने का अधिकार दिया गया है। इस अधिनियम में सुरक्षा बलों को दुर्भावनापूर्ण व महत्त्वहीन मुकद्दमे से भी सुरक्षा प्रदान की गयी है।
नोट : वर्तमान में AFSPA 6 राज्यों में लागू है : असम, नागालैंड, अरुंचल प्रदेश (केवल तिरप, चांगलांग और लॉन्गदिंग जिले तथा असम के साथ 20 किलोमीटर की सीमा में), मणिपुर (इम्फाल नगरपालिका क्षेत्र के अतिरिक्त), मेघालय (असम के साथ 20 किलोमीटर सीमा तक ही सीमित) तथा जम्मू-कश्मीर।
9. हाल ही में किस देश ने सिंगल-यूज़ प्लास्टिक शॉपिंग बैग पर प्रतिबन्ध लगाया?
उत्तर – न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड ने सिंगल-यूज़ प्लास्टिक शौपिंग बैग पर प्रतिबन्ध लगा दिया है, यह प्रतिबन्ध 1 जुलाई, 2019 से लागू हो गया है। इसका उल्लंघन करने वाली व्यापारिक इकाइयों पर जुर्माना लगाया जायेगा। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्य्रकम के अनुसार 80 से अधिक देशों ने इस तरह के प्रतिबन्ध लगाए हैं।
मुख्य बिंदु
इस प्रतिबन्ध के लिए विधेयक की घोषणा अगस्त, 2018 में की गयी थी, यह नियम 1 जुलाई, 2019 से लागू हो गया है। गौरतलब है कि न्यूजीलैंड की अधिकतर सुपरमार्केट ने पहले से ही प्लास्टिक शॉपिंग बैग का उपयोग बंद कर दिया है। यह नया प्रतिबन्ध सुपरमार्केट, स्टोर तथा रेस्टोरेंट इत्यादि पर लागू होगा।
इस नियम का पालन न करने वाली कंपनियों पर 67,000 अमेरिकी डॉलर का जुर्माना लगाया जा सकता है।
सिंगल-यूज़ प्लास्टिक शॉपिंग बैग
इस बैग की मोटाई 70 माइक्रोन से कम होती है। प्लास्टिक प्रदूषण एक वैश्विक समस्या बन चुकी है। प्रतिवर्ष आधा मिलियन पक्षी तथा 1 लाख से अधिक समुद्री जीवन प्लास्टिक के कारण चोटिल हो जाते हैं अथवा मर जाते हैं।
10. किस भारतीय को अंतर्राष्ट्रीय ओलिंपिक समिति का सदस्य चुना गया है?
उत्तर – नरिंदर बत्रा
भारतीय ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा को अंतर्राष्ट्रीय ओलिंपिक समिति का सदस्य चुना गया है, उन्हें 62 में से 58 वोट मिले। बत्रा समेत 10 नए सदस्यों को चुना गया है, इसके साथ ही अंतर्राष्ट्रीय ओलिंपिक समिति के सदस्यों की संख्या 105 पर पहुँच गयी है। नरिंदर बत्रा दिसम्बर, 2017 से अंतर्राष्ट्रीय ओलिंपिक समिति के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत्त हैं।
अंतर्राष्ट्रीय ओलिंपिक समिति
यह एक गैर-सरकारी खेल संस्था है, इसका मुख्यालय स्विट्ज़रलैंड के लौसेन में स्थित है। इसकी स्थापना पिएरे डी कोउबेर्तिन तथा देमेत्रिउस विकेलास ने 23 जून, 1894 को फ्रांस के पेरिस में की गयी थी। यह संस्था ग्रीष्मकालीन तथा शीतकालीन ओलिंपिक खेलों का आयोजन करती है। अंतर्राष्ट्रीय ओलिंपिक समिति में 206 राष्ट्रीय ओलिंपिक समितियां सदस्य के रूप से शामिल हैं। इसके मौजूदा अध्यक्ष जर्मनी के थॉमस बाक हैं।

Advertisement

Comments

  • Muna
    Reply

    Thanku very much

  • Dilip Yadav
    Reply

    Good content love you sir

  • Rajkapoor Singh
    Reply

    Thanks a lot

  • KRITTIBAS PAUL
    Reply

    Thank you sir je….

Cancel Reply