हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 16-17 दिसम्बर, 2018

1. ज्ञानपीठ पुरस्कार 2018 किसे प्रदान किया जायेगा?
उत्तर – अमिताव घोष
प्रसिद्ध अंग्रेजी लेखक अमिताव घोष को ज्ञानपीठ पुरस्कार 2018 के लिए चुना गया है, इसकी घोषणा ज्ञानपीठ चयन बोर्ड ने 14 दिसम्बर, 2018 को की।
अमिताव घोष का जन्म 1956 कलकत्ता में हुआ था, उन्होंने दून स्कूल देहरादून, सेंट स्टीफंस कॉलेज,दिल्ली विश्वविद्यालय तथा दिल्ली स्कूल ऑफ़ इकोनॉमिक्स से अपनी पढ़ाई की है। उन्हें 2007 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। उन्हें 2009 में रॉयल सोसाइटी ऑफ़ लिटरेचर के फेलो के रूप में नियुक्त किया गया था। उन्हें 2015 में फोर्ड फाउंडेशन आर्ट ऑफ़ चेंज फेलो नामित किया गया था।
इस पुरस्कार की स्थापना 1961 में की गयी थी। इस पुरस्कार के द्वारा भारतीय ज्ञानपीठ संविधान में शामिल 22 भारतीय भाषाओँ में रचना करने वाले साहित्यकारों को सम्मानित करती है। इस पुरस्कार के विजेताओं को नकद राशि, प्रशस्ति पत्र तथा देवी सरस्वती की कांस्य प्रतिमा प्रदान की जाती है। पहला ज्ञानपीठ पुरस्कार प्रसिद्ध मलयालम जी.एस. कुरूप को प्रदान किया गया था।
2. भारत का पहला रेलवे विश्वविद्यालय किस स्थान पर शुरू हुआ?
उत्तर – वड़ोदरा
15 दिसम्बर, 2018 को केन्द्रीय रेल मंत्री पियूष गोयल ने भारत के पहला रेलवे विश्वविद्यालय देश को समर्पित किया, यह भारत में इस प्रकार का पहला संस्थान है, जबकि विश्व में रूस और चीन के बाद यह इस प्रकार का तीसरा संस्थान है।
इस संस्थान का नाम राष्ट्रीय रेल व परिवहन संस्थान (National Rail and Transportation Institution) रखा गया है।
यह एक डीम्ड विश्वविद्यालय होगा, जो परिवहन नेटवर्क में प्रबधन और टेक्नोलॉजी से सम्बंधित प्रोफेशनल कोर्स उपलब्ध करवाएगा।
रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अशोक लोहानी को इस विश्वविद्यालय का पहला वाईस-चांसलर बनाया गया है।
राष्ट्रीय रेल व परिवहन संस्थान ने अपने कार्य इसी वर्ष 5 सितम्बर को शुरू कर दिया था। इस विश्वविद्यालय के पहले बैच को शार्टलिस्ट कर लिया गया है, इसमें कुल 103 छात्र हैं, इनमे 62 छात्र परिवहन टेक्नोलॉजी में BSc तथा 41 छात्र परिवहन प्रबंधन में BBA कर रहे हैं। यह दोनों तीन वर्षीय कार्यक्रम हैं।
पहले बैच के छात्रों को कोर्स की वार्षिक फीस 75000 में 50% छात्रवृत्ति प्रदान की गयी है। सभी खर्चों को जोड़कर NRTI की वार्षिक फीस लगभग 91,000 रुपये है।
शैक्षणिक सत्र 2019-20 में परिवहन व सिस्टम डिजाईन, परिवहन सिस्टम इंजीनियरिंग, परिवहन नीति तथा अर्थशास्त्र जैसे विषयों पर मास्टर्स डिग्री कार्यक्रम शुरू किये जाने की योजना है।
इस संस्थान के लिए रेलवे मंत्रालय ने 421 करोड़ रुपये जारी किये हैं, इस विश्वविद्यालय में ग्रीनफील्ड कैंपस अभी निर्माणाधीन है। भारतीय रेलवे ने वड़ोदरा के पिपलिया गाँव में NRTI कैंपस के लिए 110 एकड़ भूमि का प्लाट चिन्हित किया है।
3. विश्व का पहला तैरता हुआ परमाणु उर्जा प्लांट की देश में क्रियाशील हुआ?
उत्तर –रूस
11 दिसम्बर, 2018 को रूस का अकेडमिक लोमोनोसोव परमाणु उर्जा सयंत्र कार्यशील हुआ, यह विश्व का पहला तैरता हुआ परमाणु उर्जा सयंत्र है। रूसी परमाणु उर्जा एजेंसी रोस्तोम ने घोषणा की कि सयंत्र की 10% क्षमता का उपयोग शुरू कर दिया गया है।
अकेडमिक लोमोनोसोव का निर्माण रूस की सरकारी परमाणु उर्जा फर्म रोस्तोम द्वारा किया गया है। इसकी लम्बाई 144 मीटर तथा चौड़ाई 30 मीटर है। इसकी विस्थापन क्षमता 21,500 टन है तथा इसमें 69 लोग कार्य कर सकते हैं। उर्जा उत्पादन के लिए इसमें दो परिवर्तित KLT-40 नेवल प्रोपल्शन न्यूक्लियर रिएक्टर का उपयोग किया गया है। इससे 70 मेगावाट विद्युत् तथा 300 मेगावाट ऊष्मा का उत्पादन किया जा सकता है। इसका नाम रूसी शिक्षाविद मिखाइल लोमोनोसोव पर रखा गया है।
इसमें नवीनतम सुरक्षा व्यवस्था का उपयोग किया गया, इसे विश्व के सबसे सुरक्षित परमाणु सयंत्रों में से एक माना जाता है। इसका उपयोग आर्कटिक क्षेत्र में तेल उत्पादन करने वाले विशाल उपकरणों को उर्जा प्रदान करने के लिए किया जायेगा।
4. 1971 के युद्ध की समृति में विजय दिवस कब मनाया जाता है?
उत्तर – 16 दिसम्बर
16 दिसम्बर को प्रतिवर्ष भारत में विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है, यह 1971 के युद्ध में भारत की विजय का प्रतीक है। इस दिवस के अवसर पर 1971 के युद्ध में शहीद हुए वीर सैनिकों के सम्मान में श्रद्धांजली समर्पित की जाती है। इस युद्ध के द्वारा बांग्लादेश पाकिस्तान से स्वतंत्र हुआ और पाकिस्तानी सेना को भारत के सामने बिना किसी शर्त आत्म-समर्पण करना पड़ा। इस युद्ध में भारत के 2500-3843 सैनिक शहीद हुए थे। दूसरी ओर पाकिस्तान के लगभग 9000 सैनिक इस युद्ध में मारे गये थे।
1971 के युद्ध में शहीद वीर सैनिकों के सम्मान में नई दिल्ली में इंडिया गेट के पास अमर जवान ज्योति का निर्माण करवाया गया था। इसका उद्घाटन 26 जनवरी, 1972 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी द्वारा किया गया था।
1947 में भारत का विभाजन करके नया देश पाकिस्तान अस्तित्व में आया था, पाकिस्तान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा “पूर्वी पाकिस्तान” (वर्तमान बांग्लादेश) था। पूर्वी पाकिस्तान भौगोलिक रूप से पाकिस्तान से काफी दूर था, इसके अलावा यह भाषाई व सांस्कृतिक रूप से पाकिस्तान से काफी अलग था। अतः समय के साथ-साथ पूर्वी पाकिस्तान में स्वतंत्रता की मांग उठने लगी।
भारत और पाकिस्तान के बीच 1971 का युद्ध दो मोर्चों पर लड़ा गया था। इस युद्ध की शुरुआत 3 दिसम्बर, 1971 को हुई थी। इस युद्ध में पूर्वी तथा पश्चिमी मोर्चे पर भारत और पाकिस्तान के बीच लड़ा गया था। इस युद्ध में पाकिस्तान की हार हुई। जिसके परिणामस्वरूप पाकिस्तान के लेफिनेंट जनरल ए.ए. के. नियाजी ने 16 दिसम्बर, 1971 को आत्मसमर्पण पत्र पर हस्ताक्षर करने पड़े, उनके साथ 93,000 पाकिस्तानी सैनिकों ने भी आत्मसमर्पण किया। इस युद्ध के साथ ही पूर्वी पाकिस्तान को स्वतंत्रता प्राप्त हुई तथा वह बांग्लादेश के रूप में एक नया राष्ट्र बना।
5. भारत में हाल ही में राष्ट्रीय उर्जा संरक्षण दवस कब मनाया गया?
उत्तर – 15 दिसम्बर
भारत में प्रतिवर्ष 14 दिसम्बर को राष्ट्रीय उर्जा संरक्षण दिवस मनाया जाता है, इसका आयोजन केन्द्रीय उर्जा मंत्रालय के अधीन उर्जा दक्षता ब्यूरो द्वारा किया जाता है। इसका उद्देश्य उर्जा दक्षता व संरक्षण के क्षेत्र में भारतीय की उपलब्धियों को रेखांकित करना है। इस दिवस के द्वारा उर्जा के महत्व तथा संरक्षण के बारे में जागरूकता फैलाई जाती है।
6. हाल ही में किस केन्द्रीय मंत्रालय ने इको निवास संहिता 2018 को लांच किया?
उत्तर – केन्द्रीय उर्जा मंत्रालय
राष्ट्रीय उर्जा संरक्षण के अवसर पर केन्द्रीय उर्जा मंत्रालय ने इको निवास संहिता 2018 को लांच किया। इसका उद्देश्य गृह निर्माण में उर्जा दक्षता को बढ़ावा देना है। इससे गृह निवासियों तथा पर्यावरण दोनों को लाभ होगा। इस संहिता से उर्जा की बचत भी होगी, इससे वर्ष 2030 तक लगभग 125 अरब विद्युत् इकाइयों की बचत की जायेगी, यह 100 मिलियन कार्बनडाइऑक्साइड उत्सर्जन के बराबर है।
7. हाल ही में किसने मिजोरम के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली?
उत्तर – जोरमथंगा
मिज़ो नेशनल फ्रंट (MNF) के अध्यक्ष जोरमथंगा मिजोरम के नए मुख्यमंत्री बने। उन्होंने 15 दिसम्बर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उन्हें राज्यपाल के. शेखरन ने राजभवन में पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने मिज़ो भाषा में शपथ ली। उनके मंत्रिमंडल में कुल 12 मंत्रीं होंगे।हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में मिजोरम की 40 विधानसभा सीटों में उनकी पार्टी को 26 सीटों पर जीत मिली थी।
जोरमथंगा का जन्म 13 जुलाई, 1944 को हुआ था, वे मिज़ो नेशनल फ्रंट के अध्यक्ष हैं। वे दिसम्बर, 1998 से दिसम्बर, 2008 तक दो बार मिजोरम के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वे 1990 में मिज़ो नेशनल फ्रंट के अध्यक्ष बने थे।
मिज़ो नेशनल फ्रंट (MNF) की स्थापना लालदेंगा ने 1961 में की थी, इसका शुरुआत उद्देश्य अलग देश का निर्माण करना था। वर्ष 1986 में मिज़ो नेशनल फ्रंट ने भारत सरकार के साथ “मिज़ो समझौते” पर हस्ताक्षर किये और अलगाववाद का मार्ग छोड़ दिया। इसके पश्चात् मिज़ो नेशनल फ्रंट ने लोकतान्त्रिक प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
8. मिस इंडिया वर्ल्डवाइड 2018 का खिताब किसने जीता?
उत्तर – श्री सैनी
भारतीय-अमेरिकी श्री सैनी ने मिस इंडिया वर्ल्डवाइड 2018 का खिताब जीता, इस सौन्दर्य प्रतियोगिता का आयोजन अमेरिका के न्यू जर्सी में किया गया था। इस प्रतियोगिता में ऑस्ट्रेलिया की साक्षी सिन्हा पहली रनर-अप तथा यूनाइटेड किंगडम की अनुषा सरीन दूसरी रनर-अप रहीं।
इस सौन्दर्य प्रतियोगिता के आयोजन न्यूयॉर्क बेस्ड इंडिया फेस्टिवल कमिटी द्वारा किया जाता है, यह विदेशों में रहने वाले भारतीय समुदाय के सबसे पुराने इवेंट्स में से एक है। इस प्रतिस्पर्धा में भारत तथा अन्य देशों में निवास करने वाले भारतीय समुदाय के सदस्य हिस्सा लेते हैं। इस वर्ष मिस इंडिया वर्ल्डवाइड का 27वां संस्करण था, इस स्पर्धा में भारतीय मूल की प्रतिभागी ही हिस्सा लेती हैं। इस बार इस स्पर्धा में 17 देश के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
इस बार हरियाणा की मंदीप कौर संधू ने मिसेज इंडिया वर्ल्डवाइड 2018 का खिताब जीता। जबकि मलेशिया की जेया प्रिया पांडियन पहली रनर-अप तथा अमेरिका की कविता मल्होत्रा पट्टानी इस प्रतियोगिता में दूसरी-रनर-अप रहीं। मिस इंडिया वर्ल्डवाइड के अगले संस्करण का आयोजन 20 19 में मुंबई में किया जायेगा।
9. हाल ही में किस बल ने ओडिशा में कछुओं के संरक्षण के लिए ऑपरेशन ओलिवा लांच किया?
उत्तर – भारतीय तटरक्षक बल
भारतीय तटरक्षक बल ने ओडिशा के गाहिरमाथा समुद्री अभ्यारण्य में “ऑपरेशन ओलिवा” को लांच किया, इसका उद्देश्य संकटग्रस्त ओलिव रिडली कछुए का संरक्षण करना है। यह कछुआ ओडिशा राज्य में विलुप्त होने की कगार पर है। यह कछुआ मुख्य रूप से ओडिशा के गाहिरमाथा तट पर पाया जाता है।
10. हाल ही में किस राज्य ने संसद में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण के लिए प्रस्ताव पारित किया?
उत्तर – पंजाब
पंजाब विधानसभा ने संसद तथा राज्य विधानसभा में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए बिल पारित किया। इस प्रस्ताव को पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने प्रस्तुत किया, उन्होंने केंद्र से इसे लागू करने की मांग की है। इससे महिलाओं का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जा सकेगा।
महिला आरक्षण विधेयक से राजनीती में महिलाओं का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जा सकेगा तथा निर्णय निर्माण प्रक्रिया में उनकी भागीदारी भी संभव हो सकेगी। इस विधेयक के द्वारा लोकसभा में 543 में से 180 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकेगी। जबकि राज्यों में 4109 में 1370 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकेंगी।

Advertisement

Comments

  • Reeta divya
    Reply

    Veri nice sir

  • Vijay verma
    Reply

    Good current thanks sir

  • P.N.Yadav
    Reply

    very good sir

  • Shyam lal ahirwar
    Reply

    Very nice sir

Cancel Reply