हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 28 मार्च, 2019

1. हाल ही में भारत ने एंटी-सैटेलाइट मिसाइल का सफल परीक्षण किया, इस मिशन को क्या नाम दिया गया था?
उत्तर – मिशन शक्ति
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में प्रकट किया कि भारत ने अपनी पहली एंटी-सैटेलाइट मिसाइल ने अन्तरिक्ष में उपग्रह को सफलतापूर्वक नष्ट किया है।
• इस मिशन को “मिशन शक्ति” नाम दिया गया है। इस मिशन में मिसाइल ने पृथ्वी की निम्न कक्षा में सैटेलाइट को नष्ट किया।
• यह कार्य लांच के केवल तीन मिनट बाद ही पूरा कर लिया गया। यह भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
• इस मिशन का नेतृत्व रक्षा अनुसन्धान व विकास संगठन द्वारा किया गया।
• टारगेट सैटेलाइट 300 किलोमीटर की ऊंचाई पर परिक्रमा कर रहा था।
• प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत का यह मिशन किसी दूसरे देश के विरुद्ध नहीं है। इस मिशन को पूरा करने के लिए किसी अंतर्राष्ट्रीय कानून अथवा संधि का उल्लंघन नहीं किया गया है।
• यह बेहद जटिल मिशन था, गौरतलब है कि मिसाइल ने तीव्र गति तथा उत्तम सटीकता से अपने लक्ष्य को ध्वस्त किया।
• भारत अन्तरिक्ष में सैटलाइट को मार गिराने वाले विश्व का चौथा देश है, अब तक केवल अमेरिका, रूस और चीन ही यह कारनामा कर पाए हैं।
2. हाल ही में किस IIT के अनुसंधानकर्ताओं ने AI बेस्ड रोग ढूँढने वाला उपकरण बनाया है?
उत्तर – IIT दिल्ली
हाल ही में IIT दिल्ली के अनुसंधानकर्ताओं ने AI बेस्ड रोग ढूँढने वाला उपकरण बनाया है। इस उपकरण से मलेरिया, क्षयरोग तथा सर्वाइकल कैंसर जैसे रोगों का पता बेहद कम समय में लगाया जा सकता है। इस उपकरण के परिणाम काफी सटीक हैं। इस उपकरण से रोगों के निदान में आसानी होगी। इस प्रकार के उपकरण ग्रामीण तथा दूर-दराज के क्षेत्रों के लिए बेहद उपयोगी होंगे।
3. विश्व रंगमंच दिवस कब मनाया जाता है?
उत्तर – 27 मार्च
प्रतिवर्ष 27 मार्च को विश्व रंगमंच (थिएटर) दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय थियेटर का आयोजन किया जाता है। 1961 में अंतर्राष्ट्रीय रंगमंच संस्थान आईटीआई द्वारा विश्व रंगमंच दिवस की शुरुआत की गई थी। इस तरह दिनोंदिन मर रही इस विधा को जिंदा रखने की एक कोशिश की जा रही है। इस दिन किसी प्रसिद्ध थिअटर पर्सनैलिटी द्वारा रंगमंच की मौजूदा स्थिति पर विचार व्यक्त करते हुए संदेश भी दिए जाते हैं।
पृष्ठभूमि
1962 में पहला विश्व थिएटर दिवस संदेश जीन कोक्टयू द्वारा लिखा गया था। साल 2002 में यह संदेश भारत के सबसे प्रसिद्ध थिअटर पर्सनैलिटी गिरीश कर्नाड ने दिया। कला की ये ऐसी विधा है जिसने समय के साथ खुद को काफी बदला और हमेशा ही समाज का मनोरंजन करने के साथ ही उसे शिक्षित करने का काम भी किया है। डिजिटल युग में इसे समाज में अपना वह स्थान नहीं मिल पा रहा है ।
प्रसिद्ध हिंदी साहित्यकार व नाटककार भारतेन्दु हरिश्चंद्र के नाटकों एवं मंडली द्वारा देशप्रेम और नवजागरण फैलाने का अहम कार्य किया गया, जिसे कई कला प्रेमी आज भी आगे ले जा रहे हैं। भारतेन्दु जी की कृति ‘अंधेर नगरी’, मोहन राकेश का ‘आषाढ़ का एक दिन’ और धर्मवीर भारती का ‘अंधायुग’ जैसे नाटकों का मंचन आज भी श्रेष्ठ माना जाता है। भारत में नाटकों की शुरुआत नील दर्पण, चाकर दर्पण, गायकवाड और गजानंद एंड द प्रिंस नाटकों के साथ हुई थी।
4. हाल ही में किस भारतीय को क्रोएशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया गया?
उत्तर – रामनाथ कोविंद
भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को क्रोएशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रैंड आर्डर ऑफ़ द किंग ऑफ़ तोमिस्लाव से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान उनकी क्रोएशिया यात्रा के दौरान दिया गया, उन्हें द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत बनाने के लिये यह सम्मान दिया गया है।
क्रोएशिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रैंड आर्डर ऑफ़ द किंग ऑफ़ तोमिस्लाव राष्ट्रप्रमुखों को उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया जाता है। राष्ट्रपति कोविंद क्रोएशिया की यात्रा करने वाले पहले भारतीय राष्ट्रप्रमुख हैं।
क्रोएशिया
क्रोएशिया बाल्कन प्रायद्वीप के उत्तर-पश्चिम में स्थित है, इसकी राजधानी ज़ाग्रेब है। क्रोएशिया सोशलिस्ट फ़ेडरल रिपब्लिक ऑफ़ यूगोस्लाविया का घटक था। क्रोएशिया ने युगास्लाविया से 25 जून, 1991 को स्वतंत्रता की घोषणा की थी।
क्रोएशिया एक गणराज्य है, यह यूरोपीय संघ, संयुक्त राष्ट्र, कौसिल ऑफ़ यूरोप, नाटो, विश्व व्यापार संघठन तथा यूनियन ऑफ द मेडिटरेनीयन का हिस्सा है।
5. विश्व का सबसे बड़ा ई-वेस्ट रीसाइक्लिंग हब किस शहर में खुला?
उत्तर – दुबई
हाल ही में संयुक्त अरब अमीरात में दुबई इंटरनेशनल पार्क में विश्व का सबसे बड़ा ई-वेस्ट रीसाइक्लिंग हब खुला। यह रीसाइक्लिंग फैसिलिटी 2,80,000 वर्ग फीट क्षेत्र पर फैली हुई है। इस पर 5 मिलियन डॉलर का व्यय किया गया है। इस फैसिलिटी का निर्माण एनविरोसर्व नामक कंपनी द्वारा किया किया गया है। यह अफ्रीका, मध्य पूर्व तथा काकेशस क्षेत्र के लिए ई-वेस्ट रीसाइक्लिंग केंद्र के रूप में कार्य करेगा। यह फैसिलिटी प्रतिवर्ष 1,00,000 टन कचरे का निपटान कर सकती है।
6. करियर पाथवेज इंडिया सर्वे हाल ही में किस ऑनलाइन प्लेटफार्म ने जारी किया?
उत्तर – लिंक्डइन
हाल ही में लिंक्डइन ने करियर पाथवेज इंडिया सर्वे जारी किया, इस सर्वेक्षण के मुख्य बिंदु निम्नलिखित हैं :
• इस सर्वेक्षण के अनुसार प्रत्येक 3 में से एक प्रोफेशनल को लगता है उनकी प्रगति गतिहीन है। 57% लोग अपनी ड्रीम जॉब को प्राप्त करने के लिए करियर बदलने की इच्छा रखते हैं।
• 51% प्रोफेशनल पद तथा आय पर बुरा प्रभाव पड़ने से बचने के लिए करियर बदलने के बारे में निश्चित नही हैं।
• 73% युवा प्रोफेशनल अपने कार्य का महत्व तभी समझते हैं जब वे अपनी पसंद का करियर चुनते हैं।
• 70% लोग स्वस्थ कार्य-जीवन संतुलन के बाद ही अपने कार्य को महत्वपूर्ण मानते हैं।
• 57% लोग अपनी नौकरी का महत्व धन के आधार पर मानते हैं। जबकि सर्वेक्षण में 56% लोगों ने माना की नौकरी में सीखने तथा आगे बढ़ने के अवसर मिलता बहुत ज़रूरी है।
• युवा प्रोफेशनल परिवर्तन के प्रति काफी खुले हैं, उनमे से 61% लोग अपनी नौकरी बदलने के बारे में खुली सोच रखते हैं।
• इस सर्वेक्षण में भाग लेने वाले 80% लोग मानते हैं कि उनके मौजूदा कौशल के कारण वे भविष्य में बदलते हुए प्रोफेशनल परिदृश्य के लिए तैयार हैं।
• इस सर्वेक्षण में भाग लेने वाले 62% प्रोफेशनल्स ने अपना करियर इसलिए चुना क्योंकि वे यही काम करना चाहते थे। 53% लोग मानते हैं इस करियर से उन्हें संतुष्टि मिलती है जबकि 38% लोगों ने मौजूदा करियर इसलिए चुना क्योंकि इससे उन्हें काफी पैसे मिलते हैं।
इस सर्वेक्षण में 11 शहरों में 5,026 प्रोफेशनल्स ने हिस्सा लिया। इस सर्वेक्षण के अनुसार आज की पीढ़ी संतोषजनक नौकरी करने की इच्छुक जिसमे उनको सीखने तथा आगे बढ़ने का मौका मिले।
7. हाल ही में आशिता का निधन हुआ, वे किस भाषा की प्रमुख लेखिका थीं?
उत्तर – मलयालम
आशिता मलयालम भाषा की प्रमुख लेखिका थीं। हाल ही में उनका निधन केरल में हुआ। उन्होंने अपनी कहानियों व कविताओं के माध्यम से महिलाओं की स्थिति का वर्णन किया। उनकी कुछ एक प्रसिद्ध रचनाएँ इस प्रकार हैं : माझेमेघनगल, ओरु स्त्रीयुम परयाथाथ, विस्मय छिह्नंगल, अपूर्ण विरामंगल तथा आशितायुड़े कथाकल।
8. हाल ही में सुर्ख़ियों में रही मांकड़िग किस खेल से सम्बंधित है?
उत्तर – क्रिकेट
हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में पहली बार मांकड़िग की घटना हुई, आईपीएल के इतिहास में यह घटना राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स इलेवन के बीच मैच में हुई। इस मैच में पंजाब किंग्स इलेवन के कप्तान आर. अश्विन ने मांकड़िग विधि का उपयोग करते हुए राजस्थान के बल्लेबाज़ जोस बटलर को आउट किया। इस घटना पर नैतिकता व खेल भावना को लेकर काफी विवाद हुआ।
मांकड़िग क्या है?
मांकड़िग क्रिकेट में बल्लेबाज़ को आउट करने की एक विधि है। मांकड़िग वह स्थिति है, जब गेंदबाज़ के गेंद डालने से पहले ही नॉन-स्ट्राइकर एंड पर बल्लेबाज़ क्रीज़ छोड़कर आगे बढ़ जाए और गेंदबाज़ इस दौरान गेंद को विकेट पर मार देता है। बल्लेबाज़ को आउट करने की यह विधि वैध है, परन्तु इसे खेल भावना के विपरीत माना जाता है। आमतौर पर मांकड़िग करने से पहले एक चेतावनी की अपेक्षा की जाती है।
मांकड़िग की उत्पत्ति
मांकड़िग का नाम भारतीय क्रिकेटर विनू मांकड़ पर रखा गया है। विनू मांकड़ ने सर्वप्रथम मांकड़िग का उपयोग करते हुए ऑस्ट्रेलिया के बिल ब्राउन को आउट किया था। इसलिए आउट करने की इस विधि का नाम विनू मांकड़ के नाम पर मांकड़िग पड़ गया। यह घटना 1947 में भारत के ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर हुई थी।
9. हाल ही में किस सोशल नेटवर्किंग प्लेटफार्म ने चुनावों में लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से टूल्स लांच किये हैं?
उत्तर – फेसबुक
सोशल नेटवर्किंग प्लेटफार्म फेसबुक ने हाल ही में भारत में दो नए टूल “कैंडिडेट कनेक्ट” तथा शेयर यू वोटेड” नामक टूल लांच किये हैं। इन टूल्स का उद्देश्य 2019 के आम चुनावों में जन सहभागिता को बदहवा देना है। यह टूल्स 12 स्थानीय भाषाओँ में उपलब्ध होंगे।
कैंडिडेट कनेक्ट
कैंडिडेट कनेक्ट फीचर के द्वारा उम्मीदवार अपना 20 सेकंड का विडियो अपलोड कर सकते हैं, इसमें वे अपने परिचय तथा अपने विचार इत्यादि साझा कर सकते हैं।
मतदाता उम्मीदवारों के इन विडियो को फेसबुक पर देख सकते हैं। यह फीचर उम्मीदवारों के लिए भी उपयोगी है, इसके माध्यम से वे मतदाताओं से जुड़ सकते हैं। इस कार्य के लिए फेसबुक त्रिपक्षीय निष्पक्ष संगठन के साथ कार्य करने की तैयार है जो उम्मीदवारों के नाम उपलब्ध करवाएगा।
शेयर यू वोटेड
शेयर यू वोटेड फीचर के द्वारा लोग अपने मतदान करने की जानकारी साझा कर सकते हैं। फेसबुक “शेयर यू वोटेड” टैग के तहत लोगों को मतदान तारीखों के बारे में अनुस्मारक भेजेगा। चुनाव के दिन पर लोग फेसबुक पर चित्र अपलोड करके अपने मतदान करने की जानकारी साझा कर सकते हैं। फेसबुक इन चित्रों को एकत्रित करेगा तथा यूजर के मित्रों का कोलाज बनाकर विडियो फॉर्मेट में टाइमलाइन पर प्रदर्शित करेगा। इस फीचर का उद्देश्य मतदाताओं में मतदान के प्रति प्रोत्साहित करना है।
10. हाल ही में विन्जमुरी अनसूया देवी का निधन हुआ, वे किस राज्य की लोक कलाकार थीं?
उत्तर – आंध्र प्रदेश
हाल ही में लोक कलाकार, रेडियो कमेंटेटर, हारमोनियम वादा, संगीत निर्माता तथा लेखक विन्जमुरी अनासुयी देवी का निधन अमेरिका के हॉस्टन में हुआ। उन्होंने सामाजिक समानता के लिए संगीत के माध्यम से सन्देश दिया। उनका जन्म 1920 को आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में हुआ था। उन्होंने ने बावा गीतालु तथा कंपाइलेशन ऑफ़ फोक सोंग्स नामक दो पुस्तकों की रचना भी की। उन्हें 1977 में आंध्र प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया था।

Advertisement

Comments

  • VINOD
    Reply

    You are good provider newsman,thank

  • padma
    Reply

    very nice

  • MADHUSINH C KHANT
    Reply

    Thanks sir …….

  • keshaw
    Reply

    Thanks

  • Amandeep
    Reply

    Thanks sir very nice poor student help

  • Dheeraj kushwaha
    Reply

    Thanks my friend