हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 30 नवम्बर, 2018 – GK in Hindi

हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 30 नवम्बर, 2018

1. मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा लांच की गयी “भाषा संगम” पहल का उद्देश्य क्या है?
उत्तर – स्कूली छात्रों को बहुभाषीय अध्ययन उपलब्ध करवाना
हाल ही में केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने “भाषा संगम” नामक पहल शुरू की, इस पहल का उद्देश्य स्कूली छात्रों को भारतीय संविधान आठवीं अनुसूची की 22 भारतीय भाषाओँ से परिचित करवाना है। इस पहल को एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत लांच किया गया है। यह कार्यक्रम 22 नवम्बर से 21 दिसम्बर, 2018 तक चलेगा। इसका उद्देश्य भाषाई एकता तथा राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना है। इस पहल के अंतर्गत स्कूल प्रशासन को निश्चित दिन के लिए किसी भाषा के पांच वाक्य प्रातः कालीन सभा में बताने होंगे और छात्रों को उन वाक्यों की पुनरावृत्ति करने के लिए कहा जायेगा। इस पहल के द्वारा स्कूली छात्रों को देश की विभिन्न भाषाओँ को जानने का मौका मिलेगा।
2. भारतीय अंगदान दिवस कब मनाया जाता है?
उत्तर – 27 नवम्बर
भारतीय अंगदान दिवस प्रतिवर्ष 27 नवम्बर को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को मृत्यु के पश्चात् अंगदान के लिए प्रेरित करना है। इस दिवस के द्वारा अंगदान के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जाता है। अंगदान में व्यक्ति का ह्रदय, यकृत, गुर्दे, आंत, फेफड़े, अग्नाशय इत्यादि का दान किया जाता है। यह अंग किसी ज़रूरतमंद व्यक्ति को प्रत्यारोपित किये जा सकते हैं। 27 नवम्बर, 2018 को राष्ट्रीय अंग व उत्तक प्रत्यारोपण संगठन द्वारा दिल्ली में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
3. भारतीय अंगदान दिवस के 9वें संस्करण में किस राज्य को अंगदान के मामले में सर्वश्रेष्ठ राज्य चुना गया?
उत्तर – तमिलनाडु
27 नवम्बर, 2018 को तमिलनाडु को अंगदान के मामले में सर्वश्रेष्ठ राज्य चुना गया। तमिलनाडु को लगातार चौथी बार यह पुरस्कार मिला है। तमिलनाडु भारत का ऐसा पहला राज्य है जिसने अंगदान के लिए ब्रेन स्टेम डेथ प्रमाणीकरण, अंगदान वितरण तथा ग्रीन कॉरिडोर को अनिवार्य किया है। इसके अतिरिक्त महाराष्ट्र को अंगदान को बढ़ावा देने के लिए व जागरूकता फैलाने के लिए सम्मानित किया गया। डॉ. सुब्रमनियन अय्यर को भारत में पहला हस्त प्रत्यारोपण के लिए सम्मानित किया गया। जबकि पुणे के डॉ. शैलेश पुणताम्बेकर को भारत में पहला युटेरिन प्रत्यारोपण के लिए सम्मानित किया गया।
4. हाल ही में संघ लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष किसे चुना गया?
उत्तर – अरविन्द सक्सेना
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के सदस्य अरविंद सक्सेना को आयोग का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे 7अगस्त, 2020 तक अपने कार्यकाल के पूरा होने तक यूपीएससी के अध्यक्ष के कर्तव्यों का पालन करेंगे। इससे पहले अरविन्द सक्सेना को UPSC का कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया था।
अरविंद सक्सेना 1978 बैच के भारतीय डाक सेवा अधिकारी हैं। एविएशन रिसर्च सेंटर (ARC) में अपना कार्य पूरा करने के बाद वे मई, 2015 में यूपीएससी के सदस्य नियुक्त किए गए थे। अरविंद सक्सेना पड़ोसी देशों में सामरिक विकास के अध्ययन में विशेषज्ञ है।
यूपीएससी वह संवैधानिक निकाय है, जो भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और अन्य विभिन्न सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा आयोजित करता है. इसकी स्थापना भारतीय संविधान के अनुच्छेद 315 के तहत की गयी है। इसमें एक अध्यक्ष और दस अन्य सदस्य शामिल होते हैं, जिनकी नियुक्ति और पदच्युति राष्ट्रपति द्वारा की जाती है। आयोग के अध्यक्ष और सदस्य छह साल की अवधि तक अथवा 65 साल की उम्र पूरी होने तक अपने पद के कर्तव्यों का पालन करते है। संविधान का अनुच्छेद 316 सदस्यों की नियुक्ति और उनके कार्यालय की अवधि से संबंधित है।
5. IFFI 20 में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार किसे प्रदान किया गया?
उत्तर – लीजो जोस पेलिसेरी
लीजो जोस पेलिसेरी को हाल ही में IFFI 2018 में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार दिया गया, उन्हें यह पुरस्कार उनकी फिल्म “ई.मा. यौ” के लिए दिया गया। यह फिल्म मृत्यु पर व्यंग्यात्मक फिल्म है, इस फिल्म में मृत्यु के अन्य लोगों पर प्रभाव को दर्शाया है। निर्देशक को सिल्वर पीकॉक अवार्ड तथा 15 लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया।
6. हाल ही में किस कंपनी को मिनीरत्न श्रेणी I स्टेटस प्रदान किया गया?
उत्तर – राष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स निर्माण कारपोरेशन लिमिटेड (NPCC)
केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स निर्माण कारपोरेशन लिमिटेड (NPCC) को मिनीरत्न: श्रेणी-I का स्टेटस प्रदान किया। इस स्टेटस के बाद कंपनी का सशक्तिकरण होगा और निर्णय निर्माण में भी तेज़ी आएगी।
NPCC जल संसाधन मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण के अंतर्गत अनुसूची “बी” की केन्द्रीय सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी है, इसका स्थापना 1957 में की गयी थी। यह कंपनी देश के आर्थिक विकास के लिए अधोसंरचना निर्माण के क्षेत्र में कार्य करती है। इसे ISO 9001:2015 सर्टिफिकेशन प्राप्त है। NPCC 2009-10 से निरंतर लाभ कमा रही है।
7. हाल ही में किस राज्य ने एकल आपातकालीन नंबर “112” लांच किया?
उत्तर – हिमाचल प्रदेश
28 नवम्बर, 2018 को हिमाचल प्रदेश के मंडी नगर में 112 एकल आपातकालीन नंबर लांच किया गया, इसे केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा के पन्ना प्रमुख सम्मेलन में लांच किया, इस समारोह में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी मौजूद थे।
इस प्रकार हिमाचल प्रदेश भारत का ऐसा पहला राज्य बन गया है जिसने इस एकल आपातकालीन फ़ोन नंबर को लांच किया है। इस फ़ोन नंबर पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सहायता प्राप्त की जा सकती है। 112 नंबर में पुलिस (100), आगजनी (101), स्वास्थ्य (108) तथा महिला सुरक्षा (1090) इत्यादि आपातकालीन सेवाओं को एकीकृत किया है।
112 आपातकालीन फ़ोन नंबर अमेरिका के आपातकालीन नंबर 911 की तर्ज़ पर शुरू किया गया है। धीरे-धीरे इस आपातकालीन नंबर को देश के अन्य राज्यों में भी शुरू किया जायेगा।
8. भारत ने हाल ही में किस देश के साथ मिलकर दोहरे कराधान से बचाव के लिए समझौता किया?
उत्तर – चीन
भारत और चीन ने हाल ही में दोहरे कराधान बचाव समझौते पर हस्ताक्षर किये, इसका उद्देश्य कर चोरी की रोकथाम करना है। आयकर अधिनियम, 1961 के सेक्शन 90 के अनुसार भारत किसी अन्य देश के साथ दोहरे कराधान से बचाव के लिए समझौता कर सकता है।
मुख्य बिंदु
चीन के साथ दोहरे कराधान बचाव समझौते (DTAA) में संशोधन के चलते सूचना के आदान प्रदान करने के मानकों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मानकों के मुताबिक अपडेट किया गया है। समझौते के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक बेस इरोजन एंड प्रॉफिट शिफ्टिंग (BEPS) प्रोजेक्ट के तहत यह बदलाव किये जाने आवश्यक है। सूचना के आदान प्रदान से भारत और चीन के बीच कर चोरी की घटनाओं में कमी होने के आसार हैं।
9. जी-20 शिखर सम्मेलन 2018 का आयोजन किस शहर में किया जा रहा है?
उत्तर – बूएनोस एरेस
जी-20 सम्मेलन 2018 का आयोजन अर्जेंटीना की राजधानी बूएनोस एरेस में किया जा रहा है, यह दक्षिण अमेरिका में आयोजित किया जाने वाले जी-20 का पहला शिखर सम्मेलन है। यह जी-20 समूह की 13वीं बैठक है। इसका आयोजन 30 नवम्बर से 1 दिसम्बर, 2018 के दौरान किया जायेगा।
इस वर्ष जी-20 शिखर सम्मेलन के अध्यक्ष अर्जेंटीना के राष्ट्रपति मौरिसियो मक्री हैं। इस सम्मेलन में चिली, जमैका, नीदरलैंड्स, पापुआ न्यू गिनी, रवांडा, सिंगापुर और स्पेन को भी आमंत्रित किया गया है। इस बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं।
जी-20 सरकारों व केन्द्रीय बैंकों का एक अंतर्राष्ट्रीय फोरम है, इसमें विश्व के सभी बड़ी अर्थव्यवस्थाएं शामिल हैं। जी-20 का गठन 26 सितम्बर, 1999 को किया गया था। इसका उद्देश्य सदस्य देशों को वैश्विक अर्थव्यवस्था के मुख्य बिन्दुओं व समस्याओं पर चर्चा करने के लिए एकत्रित करना है। जी-20 समूह के सदस्य इस प्रकार हैं : अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राज़ील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, तुर्की, यूनाइटेड किंगडम, अमेरिका और यूरोपियन संघ।
10. इसरो ने हाल ही में किस लांच व्हीकल की सहाय से HysIS सैटेलाइट लांच किया?
उत्तर – PSLV सी-43
भारतीय अन्तरिक्ष अनुसन्धान संगठन (इसरो) ने 29 नवम्बर, 2018 को PSLV-C43 की सहायता से hysIS सैटेलाइट समेत 30 विदेशी उपग्रहों को लांच किया। इसमें 23 सैटेलाइट अमेरिका के थे, जबकि शेष सैटेलाइट ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, कोलंबिया, फ़िनलैंड, मलेशिया, नीदरलैंड्स और स्पेन के हैं।
इसकी स्थायपना 1969 में की गई। 1972 में भारत सरकार द्वारा ‘अंतरिक्ष आयोग’ और ‘अंतरिक्ष विभाग’ के गठन से अंतरिक्ष शोध गतिविधियों को अतिरिक्तं गति प्राप्ति हुई। ‘इसरो’ को अंतरिक्ष विभाग के नियंत्रण में रखा गया। 70 का दशक भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के इतिहास में प्रयोगात्मरक युग था जिस दौरान ‘भास्कतर’, ‘रोहिणी”आर्यभट’, तथा ‘एप्पल’ जैसे प्रयोगात्मोक उपग्रह कार्यक्रम चलाए गए।

Exit mobile version