हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 28 जून, 2019 – GK in Hindi

हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 28 जून, 2019

1. हाल ही में वित्तीय संस्थाओं के विरुद्ध शिकायत के लिए किस संस्था ने कंप्लेंट मैनेजमेंट सिस्टम लांच किया?
उत्तर – भारतीय रिज़र्व बैंक
भारतीय रिज़र्व बैंक ने हाल ही में “शिकायत प्रबंधन प्रणाली” लांच की है, इस प्लेटफार्म पर कोई भी व्यक्ति आरबीआई द्वारा नियमित की जाने वाली संस्थाओं के विरुद्ध शिकायत दर्ज कर सकता है। इसमें वाणिज्यिक बैंक, शहरी कोआपरेटिव बैंक, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों के विरुद्ध शिकायत की जा सकती है। इस प्रणाली के तहत प्राप्त होने वाली शिकायतों को सम्बंधित अफसर के पास अथवा क्षेत्रीय कार्यालय भेजा जायेगा।
2. एशियन लीडरशिप समिट में इनोवेटिव रिसर्च एक्सीलेंस अवार्ड 2019 किसे प्रदान किया गया?
उत्तर – डॉ. गौरव निगम
डॉ. गौरव निगम एक लेखक, बालचिकित्सा विशेषज्ञ तथा शिक्षाविद हैं, उन्हें हाल ही में एशियन लीडरशिप समिट में इनोवेटिव रिसर्च एक्सीलेंस अवार्ड 2019 प्रदान किया गया। उन्होंने iCare नामक संगठन की स्थापना की है, यह संगठन बाल स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य करता है। इसके अतिरिक्त उन्होंने Intelligentsia नामक रिसर्च बेस्ड प्ले स्कूल की स्थापना भी की है।
3. किस देश ने मणिपुर में शांति संग्रहालय उपहारस्वरुप प्रदान किया है?
उत्तर – जापान
जापान ने मणिपुर में “इम्फाल की लड़ाई” पर आधारित शांति संग्रहालय उपहारस्वरुप प्रदान किया, इस इम्फाल शांति संग्रहालय का उद्घाटन “इम्फाल की लड़ाई” की 75वीं वर्षगाँठ के अवसर पर किया गया।
मुख्य बिंदु
इम्फाल शांति संग्रहालय का उद्घाटन रेड हिल पर किया गया, यह इम्फाल से लगभग 20 किलोमीटर दूर है। इस संग्रहालय के लिए जापान बेस्ड गैर-लाभकारी संगठन “निप्पन फाउंडेशन” द्वारा फंडिंग प्रदान की गयी है। इस संग्रहालय में जापानी सैनिकों की डायरी तथा अन्य सम्बंधित वस्तुओं को रखा गया है।
रेड हिल में जापानी और ब्रिटिश सैनिकों में बीच में युद्ध हुआ था, इस युद्ध में लगभग 70,000 जापानी सैनिक मारे गये थे, यह युद्ध इम्फाल और कोहिमा के क्षेत्र में मार्च-जून, 1944 में लड़ा गया था।
4. कौन सा अरब देश FATF का पूर्णकालीन सदस्य बना?
उत्तर – सऊदी अरब
सऊदी अरब FATF की पूर्ण सदस्यता प्राप्त करने वाला पहला अरब देश बना है। FATF की वार्षिक बैठक का आयोजन अमेरिका के फ्लोरिडा के ऑर्लैंडो में किया गया।
सऊदी अरब और FATF
सऊदी अरब नवम्बर, 2004 से मध्य पूर्व व उत्तर अफ्रीका (MENA) का संस्थापक सदस्य है। मध्य पूर्व व उत्तर अफ्रीका (MENA) FATF समूह का हिस्सा है। 2015 के आरंभ में सऊदी अरब को FATF का पर्यवेक्षक बनने के लिए आमंत्रित किया गया था। FATF के दिशानिर्देशों का पालन करने के परिणामस्वरुप सऊदी अरब को FATF की पूर्ण सदस्यता दी गयी है।
फाइनेंशियल एक्शन टास्क फ़ोर्स (FATF)
फाइनेंशियल एक्शन टास्क फ़ोर्स धन शोधन पर एक अंतरसरकारी संगठन है। इसकी स्थापना 1989 में की गयी थी। इसका मुख्यालय फ्रांस की राजधानी पेरिस में स्थित है। वर्तमान में इसके अध्यक्ष मार्शल बिलिंगसी हैं। इसकी स्थापना का शुरूआती उद्देश्य धन शोधन का सामना करने के लिए नीति निर्माण करना था। वर्ष 2001 में इसके कार्यक्षेत्र में आतंकवादी फंडिंग को भी शामिल किया गया। वर्तमान में इसमें 38 सदस्य देश शामिल हैं। अब सऊदी अरब के बाद इसके सदस्यों की संख्या 39 पहुँच गयी है। इसके बैठक का आयोजन वर्ष में तीन बार किया जाता है।
5. सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग दिवस कब मनाया जाता है?
उत्तर – 27 जून
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग दिवस (MSME) प्रत्येक वर्ष 27 जून को वैश्विक स्तर पर मनाया जाता है। अप्रैल 2017 में इसकी स्थापना के बाद इस वर्ष इसका दूसरा संस्करण आयोजित किया गया। इस दिवस के बहुआयामी उड़ेश्यों में युवा रोजगार में एमएसएमई के महत्व का औचित्य रखना, उचित नौकरियों को हासिल करने के लिए युवाओं को उनमें होने वाले आवश्यक विभिन्न कौशलों के बारे में जागरूक करना और युवा उद्यमशीलता के बारे में जागरूकता बढ़ाना शामिल है।
सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग का महत्व
MSME विकास के लिए प्रमुख रोजगार प्रदाता के रूप में मुख्य स्त्रोत का कार्य करता हैं। यह मुख्यत: सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) को साकार करने पर ज़ोर देता है। यह सभी के लिए नवाचार, रचनात्मकता और उचित काम को प्रवर्तित करता है. उभरते व्यापारों में बनाए गए पांच नए औपचारिक रोजगारों में से चार एमएसएमई के बीच हैं। एमएसएमई श्रमिकों के कमजोर क्षेत्र जैसे महिलाओं, युवाओं और गरीब परिवारों के लोगों के बड़े हिस्से को रोजगार देता हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में एमएसएमई कभी-कभी रोजगार का एकमात्र स्रोत ही होता हैं।
संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) द्वारा संकल्प ए/आरईएस/71/279 के माध्यम से लघु व्यवसाय पहुंच में सुधार की आवश्यकता को पहचानने के लिए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग दिवस की स्थापना की गई. यह संकल्प अर्जेंटीना के प्रतिनिधिमंडल द्वारा पेश किया गया था तथा 54 सदस्य राज्यों द्वारा इसे सह-प्रायोजित भी किया गया था और इसे अप्रैल 2017 में 193 सदस्यीय यूएनजीए द्वारा मतदान के बिना अपनाया गया था।
6. हाल ही में भारतीय वायुसेना ने कारगिल युद्ध की 20वीं वर्षगाँठ को किस एयरबेस में मनाया?
उत्तर – ग्वालियर
भारतीय वायुसेना ने कारगिल युद्ध (मई-जुलाई, 1999) की 20वीं सालगिरह ग्वालियर के एयर बेस में मनाई, इस दौरान टाइगर हिल अटैक जैसी कई महत्वपूर्ण घटनाओं का नाट्यरूपांतरण किया गया। इस इवेंट में एयर चीफ बी.एस. धनोआ मुख्य अतिथि थे।
नोट : कारगिल विजय दिवस 26 जुलाई को मनाया जाता है।
पृष्ठभूमि
फरवरी, 1999 में भारत और पाकिस्तान के बीच कश्मीर में शान्ति के लिए लाहौर समझौता हुआ था। इसी दौरान कुछ पाकिस्तानी घुसपैठिये भारतीय सीमा में प्रवेश कर गये, घुसपैठ के कार्य को ‘ऑपरेशन बद्र’ नाम दिया गया था। पाकिस्तानी घुसपैठ का उद्देश्य कश्मीर और लद्दाख के बीच के संपर्क को काटना था, जिससे भारतीय सेना को सियाचीन ग्लेशियर से वापस हटना पड़े। इन घुसपैठियों ने योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया। इस घुसपैठ का दायरा 130 से 200 वर्ग किलोमीटर था।
इस गंभीर सकंट से निपटने के लिए भारत सरकार ने ‘ऑपरेशन विजय’ लांच किया और इस कार्य के लिए 2,00,000 सैनिकों को भेजा गया। 60 दिन तक चले इस ऑपरेशन के बाद भारतीय सेना ने अपने क्षेत्र पर पुनः नियंत्रण स्थापित कर लिया। यह ऑपरेशन 26 जुलाई, 1999 को पूरा हुआ। इस दौरान भारतीय सेना के 527 जवान शहीद हुए। इस युद्ध में लगभग 450 पाकिस्तानी घुसपैठियों की मृत्यु हुई थी।
टाइमलाइन
4 मई, 1999 : पाकिस्तानी घुसपैठिये कारगिल को चोटी पर देखे गए
5-15 मई, 1999 : क्षेत्र का मुआयना करने गए कैप्टेन सौरभ कालिया का पाकिस्तानी सैनिकों ने अपहरण किया, प्रताड़ित करने के बाद उनकी हत्या की गयी।
26 मई, 1999 : MiG 21, MiG 27, जैगुआर और मिराज 2000 द्वारा घुसपैठियों पर हमले किये गये।
15 जून, 1999 : तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री को कारगिल से अपने सैनिक वापस हटाने के लिए कहा।
29 जून, 1999 : भारतीय सेना ने टाइगर हिल के निकट दो महत्वपूर्ण स्थानों पर नियंत्रण स्थापित किया।
4 जुलाई, 1999 : आर्टिलरी का उपयोग, टाइगर पर विजय।
5 जुलाई, 1999 : पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने कारगिल से सैनिकों की वापसी की घोषणा की।
11 जुलाई, 1999 : पाकिस्तानी सैनिकों की वापसी शुरू।
26 जुलाई, 1999 : सभी पाकिस्तानी घुसपैठियों को कारगिल से खदेड़ दिया गया।
7. हाल ही में मदन लाल सैनी का निधन हुआ, वे किस राज्य से राज्यसभा सांसद थे?
उत्तर -राजस्थान
मदन लाल सैनी राजस्थान से राज्यसभा सांसद थे, हाल ही में उनका निधन जयपुर में हुआ। वे सीकर जिले के निवासी थे। वे भारतीय जनता पार्टी की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष थे।
8. 32वीं अंतर्राष्ट्रीय बीज परीक्षण संघ कांग्रेस का आरम्भ किस शहर में हुआ है?
उत्तर – हैदराबाद
अंतर्राष्ट्रीय बीज परीक्षण संघ की 32वीं कांग्रेस 26 जून को हैदराबाद के तेलंगाना में आरम्भ हुई। इसका आयोजन पहली बार दक्षिण एशिया में किया जा रहा है। इसमें 600 से अधिक बीज विशेषज्ञ, अधिकारी, नीति निर्माता तथा कई कंपनियों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इसमें लगभग 70 देशों की कंपनियों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।
9. हाल ही में किस राज्य ने आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग (EWS) के लिए 10% आरक्षण को मंज़ूरी दी?
उत्तर – मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश सरकार आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग (EWS) को 10% आरक्षण देने के लिए प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी है। इसके लिए लाभार्थी परिवार के पास 5 एकड़ से अधिक कृषि योग्य भूमि नहीं होनी चाहिए अथवा म्युनिसिपल कारपोरेशन क्षेत्र में घर का आकार 1,200 वर्ग फुट से अधिक नहीं होना चाहिए, नगरपालिका में यह सीमा 1,500 वर्ग फुट तथा नगर पंचायत में यह सीमा 1,800 वर्ग फुट है। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए घर का आकार मायने नहीं रखता।
10. किस IIT में अंतर्देशीय व तटीय समुद्री तकनीक केंद्र (CICMT) की स्थापना की जाएगी?
उत्तर – IIT खड़गपुर
केन्द्रीय जहाजरानी मंत्रालय ने सागरमाला कार्यक्रम के तहत अंतर्देशीय व तटीय समुद्री तकनीक केंद्र (CICMT) की स्थापना के लिए IIT खड़गपुर के साथ MoU पर हस्ताक्षर किये। इस केंद्र में तटीय तथा अंतर्देशीय जलमार्गों के लिए जहाजों के डिजाईन पर फोकस किया जायेगा। इसके अलावा जहाज़ निर्माण तकनीक, परिवहन प्रणाली इत्यादि विभिन्न पहलुओं पर कार्य किया जायेगा।

Exit mobile version