हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 28 सितम्बर, 2019 – GK in Hindi

हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 28 सितम्बर, 2019

1. 5वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान उत्सव (IISF-2019) का आयोजन किस शहर में किया जायेगा?
उत्तर – कलकत्ता
5वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान उत्सव (IISF-2019) का आयोजन कलकत्ता में 5 से 8 नवम्बर के दौरान किया जाएगा, इसमें 12,000 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।

2. आयुष्मान भारत योजना के तहत सर्वाधिक गोल्डन कार्ड्स जारी करने वाला राज्य कौन सा है?
उत्तर – जम्मू-कश्मीर
जम्मू-कश्मीर ने देश में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत सबसे अधिक गोल्डन कार्ड्स जारी किये हैं। योजना के लांच के 90 दिन के भीतर जम्मू-कश्मीर में 11 लाख से अधिक गोल्डन कार्ड्स जारी किये गये, जम्मू-कश्मीर के लगभग 60% परिवारों के पास गोल्डन कार्ड्स हैं।

3. टोक्यो ओलिंपिक 2020 के लिए टीम वीजा का हिस्सा बनने वाली भारतीय एथलीट कौन हैं?
उत्तर – पी.वी. सिन्धु
पी.वी. सिन्धु टोक्यो ओलिंपिक 2020 के लिए टीम वीज़ा की एथलीट सदस्य बन गयी हैं। ‘टीम वीज़ा’ कंपनी का वैश्विक एथलीट सहायता कार्यक्रम है, इस कार्यक्रम के तहत ओलिंपिक तथा पैरालिम्पिक खेलों की आकांक्षा रखने वाले एथलीट्स की सहायता की जाती है। टीम वीज़ा ने वर्ष 2000 में कार्यक्रम की शुरुआत के बाद से अब तक 400 से अधिक ओलिंपिक तथा पैरालिम्पिक एथलीट्स की मदद की है।

4. पाओलो बोरोमेती ने साहसिक पत्रकारिता के लिए 2019 पीटर मैक्लर अवार्ड जीता, वे किस देश से हैं?
उत्तर – इटली
इतालवी पत्रकार पाओलो बोरोमेती ने साहसिक पत्रकारिता के लिए 2019 पीटर मैक्लर अवार्ड जीता। उन्हें यह सम्मान सिसीली में माफिया गतिविधियों की कवरेज के लिए प्रदान किया गया है।

5. ‘क्लाइमेट न्यूट्रल नाउ’ श्रेणी में UN Global Climate Action Award किस कंपनी ने जीता?
उत्तर – इनफ़ोसिस
भारतीय आईटी कंपनी इनफ़ोसिस ने ‘क्लाइमेट न्यूट्रल नाउ’ श्रेणी में UN Global Climate Action Award जीता। इसकी घोषणा न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र जलवायु शिखर सम्मेलन के बाद की गयी। यह पुरस्कार इनफ़ोसिस को दिसम्बर में चिली के सेंटिआगो में संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (COP25) के दौरान दिया जायेगा।

6. IMD विश्व डिजिटल प्रतिस्पर्धात्मक रैंकिंग 2019 में भारत किस पायदान पर है?
उत्तर – 44वें
IMD विश्व डिजिटल प्रतिस्पर्धात्मक रैंकिंग 2019 के अनुसार भारत 44वें पायदान पर है। इस रैंकिंग में डिजिटल टेक्नोलॉजी के विषय में ज्ञान तथा इसे अंगीकृत करने के आधार पर 63 देशों का मूल्यांकन किया गया है।

7. किस राज्य सरकार ने ‘टिक्की मौसी’ नामक शुभंकर का अनावरण किया है?
उत्तर – ओडिशा
बच्चों तथा महिलाओं में पोषण के बारे में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ओडिशा सरकार के महिला व बाल विकास विभाग ने यूनिसेफ के साथ मिलकर ‘टिक्की मौसी’ नामक शुभंकर का अनावरण किया है। इस शुभंकर के द्वारा ओडिशा के प्रत्येक घर तक पोषण के महत्व की जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। यह शुभंकर महिलाओं व बच्चों के लिए राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्रदान करेगी।

8. हाल ही में वेणु माधव का निधन हुआ, वे किस क्षेत्रीय सिनेमा के अभिनेता थे?
उत्तर – तेलुगु
मशूहर तेलुगु अभिनेता व कॉमेडियन वेणु माधव का निधन हो गया है, वे 53 वर्ष के थे। वे काफी समय से लीवर तथा किडनी से सम्बंधित रोग से पीड़ित थे। उन्होंने प्रमुख रूप से तेलुगु फिल्मों में कार्य किया। उन्होंने कुछ एक तमिल फिल्मों में भी कार्य किया है। वेणु माधव की प्रमुख फ़िल्में इस प्रकार हैं : सम्प्रदायम,मास्टर, थोली प्रेमा, वासु, नागा, दिल, अभिमन्यु, वेंकी,आर्य, धैर्यम, संक्रांति, छत्रपति, जय चिरंजीव, भागीरथ, ऑपरेशन दुर्योधन, बृंदावनम, बॉडीगार्ड, युद्धम इत्यादि।

9. जवाहरलाल नेहरु विश्वविद्यालय ने अनुसन्धान, शिक्षा तथा टेक्नोलॉजी के लिए किस IIT के साथ समझौता किया है?
उत्तर – IIT दिल्ली
जवाहरलाल नेहरु विश्वविद्यालय (JNU) तथा IIT दिल्ली ने अनुसन्धान, शिक्षा तथा तकनीक विकास में सहयोग के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं। इस समझौते के तहत जवाहरलाल नेहरु विश्वविद्यालय तथा IIT दिल्ली विज्ञान, इंजीनियरिंग, प्रबंधन तथा सामाजिक विज्ञान के क्षेत्र में शिक्षा व अनुसधान के लिए सहयोग करेंगे।

10. अंतर्राष्ट्रीय परमाणु हथियार पूर्ण उन्मूलन दिवस कब मनाया जाता है?
उत्तर – 26 सितम्बर
26 सितम्बर को अंतर्राष्ट्रीय परमाणु हथियार पूर्ण उन्मूलन दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य वैश्विक समुदाय द्वारा परमाणु हथियार निशस्त्रीकरण के प्रति वचनबद्धता को दर्शाना है। इस दिवस का उद्देश्य लोगों व नेताओं को परमाणु हथियारों के उन्मूलन के लाभ से अवगत करवाना है।

Exit mobile version