हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 17 अक्टूबर, 2018
1. भारतीय अंतर्राष्ट्रीय रेशम मेला 2018 का आयोजन किस स्थान पर किया जा रहा है?
उत्तर – नई दिल्ली
अंतर्राष्ट्रीय रेशम मेले का आयोजन नई दिल्ली के प्रगति मैदान में किया गया, इसका उद्घाटन केन्द्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने किया। इस तीन दिवसीय इवेंट का आयोजन भारतीय रेशम निर्यात संवर्धन परिषद् द्वारा किया गया। इस मेले में देश भर से रेशम तथा रेशम उत्पादों के 108 प्रदर्शकों ने हिस्सा लिया। इसमें विभिन्न देशों से 218 क्रेताओं ने भी भाग लिया। भारत विश्व का दूसरा सबसे बड़ा रेशम उत्पादक देश है जबकि चीन विश्व का सबसे बड़ा रेशम उत्पादक देश है। रेशम एक कृषि आधारित उद्योग, इसमें श्रम की काफी आवश्यकता होती है। रेशम उद्योग से देश भर में लगभग 80 लाख कारीगरों तथा बुनकरों को ग्रामीण क्षेत्र में रोज़गार मिलता है। भारत में की चार प्रमुख किस्मों का उत्पादन किया जाता है, यह चार किस्मे हैं : मलबेरी, एरी, तसर तथा मुगा।
2. हाल ही में किसे सोशल इंटरप्रेन्योर ऑफ़ द ईयर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया?
उत्तर – प्रेमा गोपालन
स्वयं शिक्षण प्रयोग की की संस्थापक प्रेमा गोपालन को इंडिया सोशल इंटरप्रेन्योर ऑफ़ द ईयर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें यह पुरस्कार महिला उद्यमियों को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका सुनिश्चित करने के लिए दिया गया है। स्वयं शिक्षण प्रयोग में 500 स्वयं सहायता समूह शामिल है। इंडिया सोशल इंटरप्रेन्योर ऑफ़ द ईयर अवार्ड की स्थापना 2010 में जुबिलेंट भारतीय फाउंडेशन तथा श्वाब फाउंडेशन फॉर सोशल इंटरप्रेन्योरशिप ने संयुक्त रूप से की थी। इस अवार्ड के द्वारा उन उद्यमियों को सम्मानित किया जाता है जिनके समाधान अथवा कार्यों से समाज पर काफी असर पड़ता है। श्वाब फाउंडेशन फॉर सोशल इंटरप्रेन्योरशिप विश्व आर्थिक फोरम की सम्बन्धी इकाई है।
3. हाल ही में राष्ट्रीय बाल अधिकार सुरक्षा आयोग का अध्यक्ष किसे नियुक्त किया गया?
उत्तर – प्रियंक कानूनगो
प्रियंक कानूनगो को राष्ट्रीय बाल अधिकार सुरक्षा आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्हें 3 वर्ष के कार्यकाल के लिए नियुक्त किया गया है। यह पद 16 सितम्बर, 2018 को स्तुति कक्कड़ के कार्यकाल के ख़त्म होने के बाद से खाली था। राष्ट्रीय बाल अधिकार सुरक्षा आयोग एक वैधानिक संस्था है, इसकी स्थापना संसद के अधिनियम के द्वारा 2007 में बाल आधिकार सुरक्षा आयोग अधिनियम, 2005 के अंतर्गत की गयी थी।
4. 2019 IAAF वर्ल्ड रिलेज का आयोजन किस देश में किया जायेगा?
उत्तर – जापान
अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स संघ (IAAF) के चौथे वर्ल्ड रिलेज का आयोजन जापान एसोसिएशन ऑफ़ एथलेटिक्स फेडरेशन द्वारा टोक्यो के निकट निसान स्टेडियम में किया जायेगा। यह स्पर्धा 11-12 मई, 2019 को आयोजित की जाएगी। यह स्पर्धा दोहा में आयोजित की जाने वाली 2019 IAAF वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप तथा टोक्यो में 2020 ग्रीष्मकालीन ओलंपिक्स के लिए क्वालीफ़ायर के रूप में कार्य करेगी। इस खेल स्पर्धा से सर्वश्रेष्ठ 12 टीमें दोहा में होने वाली स्पर्धा के लिए क्वालीफाइंग करेंगी, जबकि 8 सर्वश्रेष्ठ टीमें टोक्यो ओलंपिक्स के लिए क्वालीफाई कर जाएँगी।
5. 6वें RCEP अंतर-सत्रीय मंत्रिस्तरीय बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का प्रतिनिधित्व किसने किया?
उत्तर – सी. आर. चौधरी
सिंगापुर में अंतर-सत्रीय 6वीं व्यापक क्षेत्रीय आर्थिक साझेदारी (RCEP) की 6वीं अंतर-सत्रीय मंत्रिस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में अगस्त में आयोजित 6वीं RCEP मंत्रिस्तरीय बैठक के बाद की घटनाओं की समीक्षा की गयी। इस बैठक में सभी साझेदार देशों ने इस वर्ष के अंत तक व्यापारिक सौदे को अंतिम रूप देने पर सहमती प्रकट की। RCEP 10 आसियान देशों (ब्रूनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम) और इसके 6 FTA साझेदारों (ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, भारत, चीन, जापान और कोरिया) के बीच एक प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता (Free Trade Agreement – FTA) है।
इस व्यापारिक समझौते के लिए वार्ता कंबोडिया में 2012 के आसियान शिखर सम्मेलन में शुरू हुई थी। इसमें वस्तुओं, सेवाओं, निवेश, आर्थिक व तकनीकी सहयोग, बौद्धिक संपदा अधिकार इत्यादि को शामिल किया जायेगा।
6. भारत में राष्ट्रीय महिला किसान दिवस कब मनाया जाता है?
उत्तर – 15 अक्टूबर
भारत में प्रतिवर्ष 15 अक्टूबर को राष्ट्रीय महिला किसान दिवस के रूप में मनाया जाता है, इसका उद्देश्य कृषि तथा सम्बंधित क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी में वृद्धि करना है। इस मौके पर केन्द्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने नई दिल्ली में एक सभा को संबोधित किया। इस इवेंट में महिला किसान, उद्यमी, कृषि संगठनों, कृषि वैज्ञानिकों तथा अनुसंधानकर्ताओं ने भाग लिया। वर्ष 2016 में कृषि मंत्रालय ने 15 अक्टूबर को राष्ट्रीय महिला किसान दिवस के रूप में मनाने का फैसला लिया था।
7. हाल ही में पॉल एलन का निधन हुआ, वे किस कंपनी के सह-संस्थापक थे?
उत्तर – माइक्रोसॉफ्ट
माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक का 15 अक्टूबर, 2018 को निधन हुआ, वे कैंसर से पीड़ित थे। उन्होंने बिल गेट्स के साथ मिलकर 1975 में माइक्रोसॉफ्ट की स्थापना की थी। उनकी मृत्यु के समय उनकी कुल संपत्ति 20.3 अर्ब डॉलर थी, उनके पास माइक्रोसॉफ्ट के 100 मिलियन शेयर थे। पॉल एलन का जन्म 21 जनवरी, 1953 को अमेरिका के वाशिंगटन के सीएटल में हुआ था। उन्हें माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक के रूप में जाना जाता है। उन्होंने 1975 में बिल गेट्स के साथ मिलकर टेक्नोलॉजी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट की स्थापना की थी। पॉल एलन और बिल गेट्स स्कूल के समय से ही मित्र थे। पॉल एलन के नाम कुल 43 पेटेंट हैं। उन्होंने 1982 में नॉन होजकिन लिम्फोमा के कारण माइक्रोसॉफ्ट के छोड़ा था।
8. पुरुष हॉकी विश्व कप 2018 का आधिकारिक शुभंकर कौन है?
उत्तर – ओल्ली कछुआ
पुरुष हॉकी विश्व कप के 14वें संस्करण का आयोजन ओडिशा के भुबनेश्वर में 28 नवम्बर से 16 दिसम्बर, 2018 के बीच किया जायेगा। इस प्रतियोगिता के लिए ओल्ली नामक कछुए को शुभंकर बनाया गया है। इसका उद्देश्य ओलिव रिडले कछुए के संरक्षण के लिए जागरूकता फैलाना है। यह कछुआ ओडिशा राज्य में विलुप्त होने की कगार पर है। इस हॉकी विश्व कप में 16 देश हिस्सा लेंगे। इस विश्व कप का आयोजन भुबनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में किया आयेगा।
9. भारत के पहले कृषि तथा खाद्य बिज़नस ऑनलाइन लर्निंग प्लेटफार्म को किस शहर में लांच किया गया?
उत्तर – वारंगल
SRiX Agri-Business Academy (भारत-यूनाइटेड किंगडम की संयुक्त पहल) को वारंगल में SR इनोवेशन एक्सचेंज कैंपस में लांच किया गया है। यह भारत के पहला कृषि व खाद्य बिज़नस ऑनलाइन लर्निंग प्लेटफार्म है, इसे ब्रिटिश डिप्टी कमिश्नर एंड्रू फ्लेमिंग ने लांच किया। SRiX एक टेक्नोलॉजी बिज़नस इनक्यूबेटर है यह भारत सरकार के विज्ञान व तकनीक विभाग के अंतर्गत कार्य करता है। इसका मुख्य फोकस कृषि, क्लीनटेक तथा IoT (इन्टरनेट ऑफ़ थिग्न्स) पर है। यूनाइटेड किंगडम की कंपनी सर्रास अकेड़ेमीज़ लिमिटेड तथा SRiX ने इस अकादमी को संयुक्त रूप से लांच किया है।
10. अंतर्राष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस कब मनाया जाता है?
उत्तर – 15 अक्टूबर
15 अक्टूबर को प्रतिवर्ष विश्व भर में अंतर्राष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है, इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका व उनके योगदान को सम्मानित करना है। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस की थीम “लैंगिक समानता तथा ग्रामीण महिलाओं व लड़कियों के सशक्तिकरण के लिए सामाजिक सुरक्षा तथा धारणीय अधोसंरचना” है। इस दिवस के द्वारा ग्रामीण कृषि, विकास, निर्धनता उन्मूलन, खाद्य सुरक्षा को बेहतर करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका बेहतर करने में महिलाओं की भूमिका तथा योगदान को हाईलाइट किया जाता है।
GOOD
Very good question