हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 11 नवम्बर, 2018
1. हाल ही में पांचवे विश्व बौद्ध फोरम का आयोजन किस देश में किया गया?
उत्तर – चीन
हाल ही में चीन के फुजियान प्रांत के पुतियान में विश्व बौद्ध फोरम के पांचवे संस्करण का आयोजन किया गया। इस फोरम में 1000 से अधिक बौद्ध विद्वानों तथा 55 देशों के विभिन्न प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस फोरम का आयोजन चीनी बौद्ध संघ तथा चीनी धार्मिक संस्कृति संचार संघ द्वारा किया गया। इस फोरम का उद्देश्य बौद्ध धर्म की सकारात्मक भावना को बनाये रखना तथा अन्य धर्मों के साथ आदान-प्रदान को बढ़ावा देना था। विश्व बौद्ध फोरम की शुरुआत चीन, ताइवान, हांगकांग और मकाओ द्वारा वर्ष 2005 में की गयी थी।
2. SIMBEX युद्ध अभ्यास का आयोजन भारत द्वारा किस देश के साथ किया जा रहा है?
उत्तर – सिंगापुर
भारत और सिंगापुर के बीच SIMBEX (Singapore-India Maritime Bilateral Exercise) युद्ध अभ्यास शुरू हुआ, यह इस अभ्यास का 25वां संस्करण है। इस अभ्यास का आयोजन 10 से 21 नवम्बर, 2018 के दौरान किया जा रहा है। इस युद्ध अभ्यास का आयोजन कई चरणों में अंडमान सागर तथा बंगाल की खाड़ी में किया जा रहा है। यह 1994 के बाद का सबसे बड़ा SIMBEX अभ्यास है।
इस अभ्यास में कई प्रकार की गतिविधियाँ की जाएँगी, इसमें मिसाइल फायरिंग, हैवी वेट टारपीडो, मध्यम दूरी की तोप, पनडुब्बी रोधी राकेट फायरिंग, एडवांस्ड एंटी-सबमरीन वारफेयर अभ्यास, पनडुब्बी बचाव कार्य, एकीकृत थल तथा हवाई युद्ध अभ्यास, UAV ऑपरेशन तथा क्रॉस डेक हेलीकाप्टर उड़ान इत्यादि शामिल हैं।
3. दिव्यांग युवाओं के लिए वैश्विक आईटी स्पर्धा 2018 का आयोजन किस देश में किया गया?
उत्तर – भारत
दिव्यांग युवाओं के लिए वैश्विक आईटी स्पर्धा 2018 का आयोजन भारत में दक्षिण कोरिया के सहयोग से किया गया। इस स्पर्धा का आयोजन 9 से 11 नवम्बर, 2018 के दौरान किया गया। LG इलेक्ट्रॉनिक्स इस स्पर्धा का पार्टनर है। इस तीन दिवसीय इवेंट का उद्देश्य दिव्यांग युवाओं के आईटी कौशल में वृद्धि करना तथा दिव्यांग जनों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए आईटी का उपयोग करना है। इस स्पर्धा में लगभग 100 दिव्यांग युवाओं ने हिस्सा लिया। इसमें भारत, इंडोनेशिया, चीन, वियतनाम, मलेशिया, थाईलैंड, श्री लंका ,बांग्लादेश, नेपाल, मंगोलिया, कंबोडिया, लाओस, फिलीपींस, कोरिया, कजाखस्तान, किर्गिजस्तान, यूनाइटेड किंगडम और संयुक्त अरब अमीरात के युवाओं ने हिस्सा लिया।
4. “ग्लोबल कूलिंग इनोवेशन समिट” का आयोजन किस देश में किया जायेगा?
उत्तर – भारत
नई दिल्ली में “ग्लोबल कूलिंग इनोवेशन समिट” का आयोजन किया जायेगा। इसका उद्घाटन 12 नवम्बर, 2018 को केन्द्रीय विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन द्वारा किया जायेगा। इस शिखर सम्मेलन में एयर कंडीशनर की बढ़ती मांग के कारण पर्यावरण को होने वाले नुकसान पर चर्चा की जाएगी। इस दो दिवसीय इवेंट का आयोजन विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा रॉकी माउंटेन इंस्टिट्यूट, अलायन्स फॉर एन एनर्जी एफिशियेंट इकॉनमी (AEEE), कंज़र्वेशन एक्स लैब्स और CEPT विश्वविद्यालय के सहयोग से किया जायेगा। इस सम्मेलन में ग्लोबल कूलिंग प्राइज – मिशन इन्नोवातिनो चैलेंज को भी लांच किया जायेगा, इसका उद्देश्य ऐसे कूलिंग सलूशन का विकास करना है जिससे पर्यावरण पर एयर कंडीशनिंग के प्रभाव कम से कम 5 गुना कम पड़े।
5. हाल ही में किस समाचार एजेंसी ने विश्व के पहले आर्टिफिशियल न्यूज़ एंकर को लांच किया?
उत्तर – शिन्हुआ
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने हाल ही में विश्व के पहले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित न्यूज़ एंकर को पांचवे विश्व इन्टरनेट सम्मेलन में लांच किया। यह AI न्यूज़ एंकर एक पुरुष एंकर की भांति प्रतीत होता है, इसके हावभाव और आवाज़ काफी वास्तविक प्रतीत होती है। यह AI न्यूज़ एंकर प्रोफेशनल न्यूज़ एंकर की भांति समाचार पढ़ता है।
6. भारत में राष्ट्रीय शिक्षा दिवस कब मनाया जाता है?
उत्तर – 11 नवम्बर
11 नवम्बर को भारत में राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के रूप में मनाया जाता है। भारत में राष्ट्रीय शिक्षा दिवस देश के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की स्मृति में मनाया जाता है। 11 नवम्बर को मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की जयंती होने के कारण 11 नवम्बर को राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के रूप में मनाया जाता है। राष्ट्रीय शिक्षा दिवस की स्थापना वर्ष 2008 में की गयी थी। मौलाना अबुल कलाम आज़ाद स्वतंत्रत भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री थे। वे 15 अगस्त, 1947 से 2 फरवरी, 1958 तक देश के शिक्षा मंत्री रहे। मौलाना अबुल कलाम आजाद का जन्म 11 नवम्बर, 1888 को हुआ था।
7. भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग का नया महासचिव किसे नियुक्त किया गया है?
उत्तर – अशोक कुमार गुप्ता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट नियुक्ति समिति ने पूर्व आईएएस अफसर अशोक कुमार गुप्ता को भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (Competition Commission of India) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया, उन्हें सुधीर मित्तल के स्थान पर नियुक्त किया गया है। वे 25 अक्टूबर, 2022 तक (65 वर्ष की आयु पूर्ण करने तक) अथवा भविष्य के आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे। अशोक कुमार गुप्ता तमिलनाडु कैडर के आईएस अफसर हैं।
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग एक अर्ध-न्यायिक संवैधानिक संस्था है, इसकी स्थापना प्रतिस्पर्धा अधिनियम, 2002 के तहत की गयी थी। इसकी स्थापना अक्टूबर, 2003 में हुई थी, इसने मई, 2009 में पूर्ण रूप से कार्य करना शुरू किया था। प्रतिस्पर्धा अधिनियम, 2002 के अनुसार इस आयोग का एक अध्यक्ष तथा न्यूनतम दो तथा अधिकतम 6 सदस्य होंगे। वर्तमान में भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग के 4 सदस्य तथा एक अध्यक्ष हैं। यह आरम्भ से कॉलेजियम के रूप में कार्य कर रहा है। यह आयोग कॉर्पोरेट मामले मंत्रालय के अधीन कार्य करता है।
8. हाल ही में किस भारतीय को फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “लीजन डी’हॉनर” से सम्मानित किया गया?
उत्तर – जवाहर लाल सरीन
फ़्रांसिसी भाषा के विद्वान जवाहर लाल सरीन को फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान शेवलिएर डी ला लीजन डी’हॉनर से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान भारत और फ्रांस के बीच सांस्कृतिक सहयोग को मज़बूत करने तथा फ़्रांसिसी भाषा के प्रचार के लिए दिया गया। जवाहर लाल सरीन अलायन्स फ्रांसुआ डी दिल्ली के अध्यक्ष हैं। उन्होंने पांच वर्षों तक पंजाब विश्वविद्यालय में फ़्रांसिसी भाषा का अध्ययन किया था, इसके पश्चात् उन्होंने पेरिस की सोरबोन यूनिवर्सिटी में अध्ययन किया। लीजन डी’ऑनर फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है, यह सम्मान किसी भी देश के नागरिक को फ्रांस की उत्कृष्ठ सेवा के लिए दिया जाता है। इस सम्मान की स्थापना वर्ष 1802 में नेपोलियन बोनापार्ट ने की थी।
9. भारत में राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस कब मनाया जाता है?
उत्तर – 7 नवम्बर
भारत में प्रतिवर्ष कैंसर जागरूकता दिवस 7 नवम्बर को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य देश में कैंसर को कम करना तथा इसके शीघ्र निदान और रोकथाम के प्रति जागरूकता फैलाना है। कैंसर की रोकथाम के लिए लोगों को इसके बारे में जागरूक करना आवश्यक है। भारत में लगभग 2/3 कैंसर के मामलों का पता काफी देर से लगता है।
10. किस IIT ने 500 किलोग्राम क्षमता युक्त सौर उर्जा से चलने वाली पोर्टेबल कोल्ड स्टोरेज डिवाइस का अविष्कार किया?
उत्तर – IIT मद्रास
IIT मद्रास ने 500 किलोग्राम क्षमता युक्त सौर उर्जा से चलने वाली पोर्टेबल कोल्ड स्टोरेज डिवाइस का अविष्कार किया। इस कोल्ड स्टोरेज डिवाइस का उपयोग सब्जी, फल तथा अन्य चीज़ों को लम्बे समय तक सुरक्षित रखने के लिए किया जा सकता है। इस डिवाइस की सहायता से किसानों को कृषि वस्तुओं को खराब होने से बचाने में सहायता मिलेगी। इस डिवाइस की पहली इकाई को कांचीपुरम जिले के मदुरंताकम के एक फार्म में रखा गया है, इस डिवाइस में तापमान को 4-10 डिग्री सेल्सियस तक रखा जा सकता है। इस डिवाइस की लागत लगभग 5.5 से 6 लाख रुपये है। इस डिवाइस की क्षमता को आवश्यतानुसार कम भी किया जा सकता है। इस डिवाइस के लिए केन्द्रीय विज्ञान व तकनीक मंत्रालय द्वारा फंडिंग प्रदान की जा रही है। IIT मद्रास के छात्रों का एक स्टार्टअप Tan90 इस डिवाइस को आम किसानों तक कम कीमत पर पहुंचाने के लिए योजना पर कार्य कर रहा है।
Thanks
Thanks for daily updates current gk
Thanks sir ji
Thank you
Thanku
Thanks
Thank u sir
Thanks