हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 14 दिसम्बर, 2018

1. चौथे पार्टनर्स फोरम 2018 का आयोजन किस स्थान पर किया जा रहा है?
उत्तर – नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में 12 दिसम्बर, 2018 को पार्टनर्स फोरम 2018 का उद्घाटन किया। इस दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन भारत सरकार द्वारा मातृत्व, नवजात तथा बाल स्वास्थ्य के लिए पार्टनरशिप (PMNCH) के साथ मिलकर किया जा रहा है। इस सम्मेलन में 8 देशों से 1500 प्रतिभागी हिस्सा ले रहें हैं। इस सम्मेलन के केंद्र बिंदु महिलाओं, बच्चों व किशोरों के स्वास्थ्य में सुधार इत्यादि हैं।
वैश्विक स्वास्थ्य पार्टनरशिप फोरम को सितम्बर, 2005 को लांच किया गया था, इसका उद्देश्य मातृत्व तथा बाल मृत्य दर को कम करना था व उनके स्वास्थ्य में सुधार करना था। इस उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए विश्व भर के कई देश इस फोरम से जुड़े। इससे पहले इस फोरम का आयोजन तंज़ानिया (2007), भारत (2010) तथा दक्षिण अफ्रीका (2014) में किया जा चुका है।
मातृत्व, नवजात तथा बाल स्वास्थ्य के लिए पार्टनरशिप (PMNCH)
यह मिशन सतत विकास लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए वैश्विक स्वास्थ्य समुदाय का समर्थन करता है। सतत विकास लक्ष्य का तीसरा लक्ष्य लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करना है।
2. संविधान के किस अनुच्छेद के तहत राष्ट्रपति द्वारा संघ लोक सेवा आयोग के सदस्य की नियुक्ति की जाती है?
उत्तर – अनुच्छेद 316
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 316 के तहत राष्ट्रपति द्वारा संघ लोक सेवा आयोग के सदस्य व चेयरमैन की नियुक्ति की जाती है। यदि UPSC के चेयरमैन का पद खाली है तो राष्ट्रपति द्वारा नियुक्त किसी UPSC सदस्य द्वारा यह कार्यभार संभाला जा सकता है। संघ लोक सेवा आयोग के सदस्य का कार्यकाल 6 वर्ष अथवा 65 वर्ष की आयु तक होता है। हाल ही में भारत भूषण व्यास ने संघ लोक सेवा आयोग के सदस्य के रूप में पद तथा गोपनीयता की शपथ ली। इससे पहले वे जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल के सलाहकार थे।
3. अंतर्राष्ट्रीय पर्वत दिवस 2018 की थीम क्या है?

उत्तर – “पर्वत आवश्यक हैं” (Mountains Matter)
प्रतिवर्ष 11 दिसम्बर को अंतर्राष्ट्रीय पर्वत दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिवस की स्थापना संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 2003 में प्रस्ताव पारित करके की थी। इसका उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को पर्वत के संरक्षण के लिए प्रेरित करना तथा पर्वतों के महत्व को रेखांकित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करना है।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय पर्वत दिवस की थीम “पर्वत आवश्यक हैं” (Mountains Matter) है। इस दिवस के लिए संयुक्त राष्ट्र खाद्य व कृषि संगठन द्वारा समन्वय किया जाता है। इस दिवस पर पर्वतों के महत्व को दर्शाने के लिए विभिन्न किस्म के कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं।
FAO के अनुसार पर्वत ताज़े पानी का एक महत्वपूर्ण स्त्रोत है, इनसे विश्व के कुल 60-80% ताज़े पानी की आपूर्ति होती है। यह जैव विविधता के लिए भी अति आवश्यक है। विश्व भर में पर्वतीय क्षेत्रों लगभग 1 अरब लोग निवास करते हैं। लगभग आधा अरब लोग जल, भोजन तथा स्वच्छ उर्जा के लिए पर्वतों पर निर्भर हैं। पिछले कुछ समय में जलवायु परिवर्तन, भू-क्षरण, अत्याधिक शोषण तथा प्राकृतिक आपदाओं के कारण पर्वतों को नुकसान हो रहा है।
4. हाल ही में पहला WTA कोच ऑफ़ द इयर पुरस्कार किसे प्रदान किया गया?
उत्तर – साशा बजिन
नाओमी ओसाका की कोच साशा बजिन महिला टेनिस संघ (WTA) को कोच ऑफ़ द ईयर का सम्मान प्रदान किया गया। साशा के मार्गदर्शन में नाओमी ओसाका ने यू.एस. ओपन 2018 जीता था। ओसाका ने सेरेना विलियम्स को 6-2, 6-4 से हराकर यू.एस. ओपन 2018 को जीता था। ओसाका ग्रैंड स्लैम एकल फाइनल में हिस्सा लेने वाली पहली महिला जापानी टेनिस खिलाड़ी हैं। WTA कोच ऑफ़ द ईयर कोचिंग में बेहतरीन कार्य तथा खेल को बढ़ावा देने के लिए दिया जाता है।
5. जलवायु परिवर्तन प्रदर्शन सूचकांक (CCPI) 2019 में भारत का रैंक कौन सा है?
उत्तर – 11वां
56 देशों की सूची में जलवायु परिवर्तन प्रदर्शन सूचकांक (CCPI) 2019 में भारत को 11वां रैंक प्राप्त हुआ। इस सूचकांक का प्रकाशन जर्मनवाच, न्यू क्लाइमेट इंस्टिट्यूट तथा क्लाइमेट एक्शन नेटवर्क द्वारा प्रकाशित किया गया। जलवायु परिवर्तन प्रदर्शन सूचकांक में भारत के प्रदर्शन में तीन रैंक का सुधार हुआ है। हालांकि इस रिपोर्ट में कोयला परियोजनाओं के कारण भारत की स्वच्छ उर्जा की प्रगति पर प्रभाव पड़ने के लिए चिंता व्यक्त की है। टॉप तीन रैंक में किसी भी देश को शामिल नहीं किया गया है क्योंकि किसी भी देश ने सभी श्रेणियों में बेहतरीन प्रदर्शन नहीं किया है। इस सूचकांक में स्वीडन को चौथा स्थान प्राप्त हुआ, जबकि मोरक्को को पांचवा स्थान प्राप्त हुआ। जलवायु परिवर्तन प्रदर्शन सूचकांक (CCPI) 2019 रिपोर्ट को 24वें संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन के दौरान जारी किया गया। जलवायु परिवर्तन प्रदर्शन सूचकांक का उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय जलवायु राजनीती में पारदर्शिता लाना है। इसके द्वारा उन देशों पर राजनीतिक तथा सामाजिक दबाव डालना है जिन्होंने जलवायु सुरक्षा के लिए अभी तक पर्याप्त कदम नहीं उठाये हैं। इस रिपोर्ट के द्वारा सर्वश्रेष्ठ जलवायु नीति वाले देशों को रेखांकित किया जाता है।
6. हाल ही में ITTF ब्रेकथ्रू स्टार अवार्ड को जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी कौन बनीं?
उत्तर – मणिका बत्रा
हाल ही में भारत की टेबल टेनिस खिलाड़ी मणिका बत्रा को ITTF ब्रेकथ्रू टेबल टेनिस स्टार अवार्ड प्रदान किया गया, वे इस पुरस्कार को जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी हैं। उन्हें यह सम्मान दक्षिण कोरिया के इंचीयोन में 2018 ITTF स्टार अवार्ड के दौरान प्रदान किया गया। मणिका बत्रा 2018 राष्ट्रमंडल खेलों तथा एशियाई खेलों में पदक जीतें हैं।
7. हाल ही में मुशीरुल हसन का निधन हुआ, वे किस क्षेत्र से जुड़े हुए थे?
उत्तर – शिक्षा
हाल ही में प्रोफेसर मुशीरुल हसन का निधन 69 वर्ष की आयु में हुआ। वे एक इतिहासकार तथा जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के पूर्व वाईस-चांसलर थे। उन्होंने भारत के विभाजन, सम्प्रदायवाद तथा दक्षिण एशिया में इस्लाम के इतिहास पर काफी कुछ लिखा है। उन्होंने भारत के अभिलेखागार के महानिदेशक के रूप में भी कार्य किया है। वे भारतीय इतिहास कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनकी कुछ प्रमुख पुस्तकें इस प्रकार हैं : इंडिया पार्टीशन : द अदर फेस ऑफ़ फ्रीडम, व्हेन स्टोन वाल्स क्राई, पार्टनर्स इन फ्रीडम: जामिया मिलिया इस्लामिया, फ्रॉम प्लुरालिस्म टू सेपराटिज्म: कस्बाज़ इन कोलोनियल इंडिया।
8. किस राज्य के प्राथमिक व वरिष्ठ स्कूलों में प्रतिभा पर्व का आयोजन किया जा रहा है?
उत्तर – मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश के स्कूलों में प्रतिभा पर्व का आयोजन किया जा रहा है, इसका उद्देश्य स्कूलों में प्रतिभाओं को बढ़ावा देना है। इस पहल का आरम्भ 13 दिसम्बर, 2018 को हुआ। इससे प्रारंभिक शिक्षा में सुधार होगा। इस पहल में लगभग 70 लाख स्कूली छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। इस पहल का उद्देश्य स्कूली छात्रों के कौशल का मूल्यांकन करना तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना है।
9. अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस 2018 की थीम क्या है?
उत्तर – स्टैंड अप फॉर ह्यूमन राइट्स
प्रतिवर्ष 10 दिसम्बर को मानवाधिकार दिवस के रूप में मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 10 दिसम्बर, 1948 को मानवाधिकार पर सार्वभौमिक घोषणा को स्वीकार किया था। मानवाधिकार दिवस की आधिकारिक स्थापना 4 दिसम्बर, 1950 को संयुक राष्ट्र महासभा की 317वीं प्लेनरी बैठक में की गयी थी। वर्ष 2018 मानवाधिकार दिवस की थीम “स्टैंड अप फॉर ह्यूमन राइट्स” है।
10. हाल ही में कौन सा देश फाइनेंशियल एक्शन टास्क फ़ोर्स का पूर्ण सदस्य बना?
उत्तर – इजराइल
हाल ही में इजराइल फाइनेंशियल एक्शन टास्क फ़ोर्स का पूर्ण सदस्य बना। फाइनेंशियल एक्शन टास्क फ़ोर्स धन शोधन, आतंकवादी फंडिंग तथा अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय प्रणाली के खतरे पर एक वित्तीय वाचडॉग संस्था है। इस संस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों की फंडिंग पर पूर्ण रोक लगायी जा सके। अब इजराइल के साथ फाइनेंशियल एक्शन टास्क फ़ोर्स के 38 सदस्य देश हो गए हैं, इसमें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् के पांच स्थायी सदस्य भी शामिल हैं।

Advertisement

11 Comments on “हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 14 दिसम्बर, 2018”

  1. Rajrsh kumar says:

    Nice

  2. dines says:

    good work

  3. Ajay kushwaha says:

    Nice

  4. Mitesh Neware says:

    Awesome …….

  5. Jaihind Verma says:

    Nice

  6. Mumtyaj Ali says:

    Comment very nice Q.and A.

  7. Komal ram says:

    Thanks sir ji

  8. Komal ram says:

    Thanks sir ji

  9. Pragya says:

    Thank u

  10. Aprajita says:

    Thank uuuuuu

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *