हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 25 जनवरी, 2019
1. हाल ही में किस राज्य ने पक्के पागा हार्नबिल फेस्टिवल को राज्य उत्सव घोषित किया?
उत्तर – अरुणाचल प्रदेश
अरुणाचल प्रदेश सरकार ने हाल ही में पक्के पागा हार्नबिल फेस्टिवल को राज्य उत्सव घोषित किया। इसका उद्देश्य न्यीशी जनजाति द्वारा हार्नबिल के संरक्षण में दिए गये योगदान को रेखांकित करना है। इस उत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, भोजन, नाटक, शोर्ट फिल्म स्क्रीनिंग, स्थानीय खेल व नृत्य इत्यादि का प्रदर्शन किया जायेगा।
2. हाल ही में किस राज्य ने आर्थिक रूप से कमज़ोर सामान्य वर्ग के लिए दिए गये 10% आरक्षण में से 5% आरक्षण कापू समुदाय को देने के निर्णय लिया?
उत्तर – आंध्र प्रदेश
आंध्र प्रदेश सरकार ने आर्थिक रूप से कमज़ोर सामान्य वर्ग के लिए दिए गये 10% आरक्षण में से 5% आरक्षण कापू समुदाय को देने के निर्णय लिया है। यह निर्णय मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की अध्यक्षता में राज्य मंत्रीमंडल की बैठक में लिया गया। कापू समुदाय आंध्र प्रदेश-तेलंगाना में निवास करने वाला समुदाय है, यह मुख्य रूप से कृषक होते हैं। आंध्र प्रदेश की राजनीती में कापू समुदाय की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। कापू समुदाय आंध्र प्रदेश की कुल जनसँख्या का 26% हिस्सा हैं।
3. वर्ष 2017 के लिए सरस्वती सम्मान किसे प्रदान किया गया?
उत्तर – सीतांशू यशस्चंद्र
गुजराती के प्रमुख कवि, नाटककार एवं विद्वान सीतांशु यशस्चंद्र को 27वें सरस्वती सम्मान से सम्मानित किया गया| उन्हें 2009 में प्रकाशित “वखार” नामक कविता संग्रह के लिए सरस्वती सम्मान प्रदान किया गया।
सीतांशू यशस्चंद्र का जन्म 1941 में गुजरात के भुज जिले में हुआ था। उनके तीन कविता संग्रह हैं – ओडिसीसुन्नु हेल्सू, जटायु और वखार। उन्होंने महत्वपूर्ण विश्लेषण (critical analysis) पर 10 नाटक तथा तीन किताबें लिखी हैं। वे पद्मश्री तथा साहित्य अकादमी पुरस्कार प्राप्तकर्ता भी हैं।
4. वैश्विक प्रतिस्पर्धा सूचकांक में भारत को कौन सा स्थान प्राप्त हुआ?
उत्तर – 80वां
हाल ही में INSEAD बिज़नेस स्कूल ने टाटा कम्युनिकेशन्स तथा अडेको ग्रुप की सहायता से तैयार किये गये वैश्विक प्रतिभा प्रतिस्पर्धा सूचकांक (Global Talent Competitive Index) को विश्व आर्थिक फोरम की वार्षिक बैठक में जारी किया।
इस सूचकांक के द्वारा यह मापा जाता है कि देश तथा शहर किस प्रकार प्रतिभा का विकास करते हैं, उन्हें आकर्षित करते हैं तथा उन्हें रोके रखने (retain) में कितना कामयाब होते हैं। इस सूचकांक में विश्व भर के 125 देशों तथा 114 शहरों को मूल्यांकन किया गया है।
भारत के सन्दर्भ में वैश्विक प्रतिभा प्रतिस्पर्धा सूचकांक
• भारत एक स्थान की उछाल के साथ 80वें स्थान पर पहुँच गया है, परन्तु ब्रिक्स देशों की सूची में भारत काफी पीछे है।
• निम्न आय वर्गीय देशों में प्रतिभा के विकास में भारत को 48वां तथा विकास के अवसरों में 41वां स्थान प्राप्त हुआ।
• भारत की सबसे बड़ी चुनौती प्रतिभाओं को आकर्षित करना तथा उन्हें यहाँ पर बनाये रखना है, इसमें भारत को क्रमशः 95वां तथा 96वां स्थान प्राप्त हुआ।
विश्व के संदर्भ में वैश्विक प्रतिभा प्रतिस्पर्धा सूचकांक
• इस सूचकांक में टॉप 5 देश हैं : स्विट्ज़रलैंड, सिंगापुर, अमेरिका, नॉर्वे और डेनमार्क।
• पिछले पांच वर्षों में उच्च आय वर्गीय देशों तथा निम्न आय वर्गीय देशों में अंतर में काफी वृद्धि हुई है।
• चीन को इस रैंकिंग में दो स्थानों का नुकसान हुआ, इस रैंकिंग में चीन 45वें स्थान पर है। ब्रिक्स देशों में चीन सबसे आगे हैं।
• इस सूचकांक में टॉप 5 शहर हैं : वाशिंगटन, कोपेनहेगन, ओस्लो, विएना और ज्यूरिक।
5. राष्ट्रीय बालिका दिवस कब मनाया जाता है?
उत्तर – 24 जनवरी
भारत में प्रतिवर्ष राष्ट्रीय बालिका दिवस 24 जनवरी को मनाया जाता है, इसका उद्देश्य सभी स्तरों पर बाल लिंगानुपात के बारे में जागरूकता फैलाना तथा बालिकाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
उद्देश्य
• देश भर में बाल लिंगानुपात के बारे में जागरूकता फैलाना तथा इसमें सुधार करने के लिए कार्य करना।
• योजनाओं तथा पहलों के द्वारा बालिकाओं को सशक्तिकरण के नए अवसर उपलब्ध करवाना।
• बालिकाओं के विकास के लिए सकारात्मक माहौल तैयार करना।
• राष्ट्रीय बालिका दिवस 2019 की थीम “बेहतर भविष्य के लिए बालिकाओं का सशक्तिकरण” है।
6. ब्लूमबर्ग नवोन्मेष सूचकांक 2019 में भारत को कौन सा स्थान प्राप्त हुआ?
उत्तर – 54वां
ब्लूमबर्ग नवोन्मेष सूचकांक 2019 में सबसे अधिक नवोन्मेषी देशों की सूची में भारत को 54वां स्थान प्राप्त हुआ। इस सूचकांक में लगातार छठवीं बार दक्षिण कोरिया पहले स्थान पर रहा। दक्षिण कोरिया को इसमें 87.38 का स्कोर प्राप्त हुआ। इस सूची में दक्षिण कोरिया के बाद जर्मनी, फ़िनलैंड, स्विट्ज़रलैंड, इजराइल, सिंगापुर, स्वीडन, अमेरिका, जापान और फ्रांस हैं।
वार्षिक ब्लूमबर्ग नवोन्मेष सूचकांक में विभिन्न मापदंडों पर देशों का मूल्यांकन किया गया है। इसके मुख्य मापदंड हैं : अनुसन्धान व विकास व्यय, विनिर्माण क्षमता, हाई-टेक कंपनियों का घनत्व इत्यादि। भारत इस सूचकांक में पहली बार शामिल हुआ है, भारत के अलावा इस सूची में मेक्सिको, वियतनाम और सऊदी अरब भी शामिल होने वाले नए देश हैं। इस सूची के लिए 95 अर्थव्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया गया, परन्तु ब्लूमबर्ग ने 60 अर्थव्यवस्थाओं को ही रैंकिंग प्रदान की है।
7. भारत-अफ्रीका फ़ील्ड ट्रेनिंग एक्सरसाइज का आयोजन किस स्थान पर किया जायेगा?
उत्तर – पुणे
भारत-अफ्रीका फील्ड ट्रेनिंग एक्सरसाइज का आयोजन पुणे के औंध मिलिट्री स्टेशन एंड कॉलेज ऑफ़ मिलिट्री इंजीनियरिंग में किया जायेगा। इस अभ्यास का आयोजन 18 मार्च से 27 मार्च के बीच किया जायेगा। इस अभ्यास में भारत के साथ दर्जन भर अफ्रीकी देश भी अभ्यास करेंगे। इस अभ्यास में शांति कार्य के लिए अभ्यास किया जाएगा। यह अभ्यास अफ्रीकी देशों के साथ भारत के मज़बूत होते संबंधों को दर्शाता है।
8. हाल ही में भानु प्रताप सिंह का निधन हुआ, वे किस क्षेत्र से जुड़े हुए थे?
उत्तर – राजनीती
भानु प्रताप सिंह पूर्व केन्द्रीय मंत्री तथा गोवा के पूर्व राज्यपाल थे। हाल ही में उनका निधन 24 जनवरी, 2019 को मध्य प्रदेश के भोपाल में हुआ। उन्हें 1962 में मध्य प्रदेश की राजगढ़ लोकसभा सीट से स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुना गया था। 1964 में वे कांग्रेस में शामिल हुआ और इंदिरा गाँधी के कार्यकाल में वे कैबिनेट में मंत्री बने। 1991 में गोवा के राज्यपाल नियुक्त किये गये थे।
9. पहला सुभाष चन्द्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार किसे प्रदान किया गया?
उत्तर – NDRF की आठवीं बटालियन
हाल ही में NDRF की आठवीं बटालियन को पहले नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार के लिए चुना गया है। इसकी घोषणा नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती (23 जनवरी) के अवसर पर की गयी।
सुभाष चन्द्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार के द्वारा उन व्यक्तियों तथा संस्थानों को सम्मानित किया जायेगा जिन्होंने ने आपदा प्रबंधन में देश में बेहतरीन कार्य किया है। इस पुरस्कार का उद्देश्य उन लोगों व संगठनों के प्रयासों को सम्मानित करना है, जिन्होंने आपदा के दौरान लोगों की सहायता की है।
सुभाष चन्द्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) द्वारा जारी स्टेटमेंट के अनुसार तीन योग्य संस्थान तथा व्यक्ति “सुभाष चन्द्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार से प्रतिवर्ष सम्मानित किये जायेंगे, उन्हें 5 लाख रुपये से 51 लाख रुपये की राशि इनामस्वरुप प्रदान की जायेगी। इस पुरस्कार के लिए केवल भारतीय नागरिक तथा भारतीय संगठन ही योग्य हैं।
यदि पुरस्कार जीतने वाले कोई व्यक्ति है तो उसे एक प्रमाण पत्र तथा 5 लाख रुपये प्रदान किये जायेंगे। यदि पुरस्कार विजेता कोई संस्थान है तो उसे एक प्रमाण पत्र तथा 51 लाख रुपये प्रदान किये जायेंगे। इस इनाम राशि का उपयोग केवल आपदा प्रबंधन से सम्बंधित कार्य के लिए ही किया जा सकता है।
10. हाल ही में किस संगठन ने विश्व आर्थिक स्थिति व सम्भावना रिपोर्ट 2019 को जारी किया?
उत्तर – संयुक्त राष्ट्र
संयुक्त राष्ट्र ने हाल ही में विश्व आर्थिक स्थिति व सम्भावना रिपोर्ट 2019 को जारी किया, इस रिपोर्ट के मुख्य बिंदु निम्नलिखित हैं :
• इस रिपोर्ट के अनुसार वैश्विक आर्थिक विकास दर 2019 और 2020 में 3% रहने का अनुमान लगाया है।
• अमेरिका की विकास दर 2019 में 2.5% तथा 2020 में 2% रहने का अनुमान लगाया गया है।
• यूरोपीय संघ की विकास दर 2% रहने का अनुमान लगाया गया है। परन्तु यूरोप के सन्दर्भ में अभी ब्रेक्सिट की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पायी है, ब्रेक्सिट बड़े पैमाने पर यूरोपीय संघ की विकास दर को प्रभावित कर सकता है।
• 2019 में चीन की विकास दर 6.3% रहने का अनुमान लगाया गया है। 2018 में चीन की विकास दर 6.6 थी।
• 2019-20 में वस्तुओं का निर्यात करने वाले देशों जैसे ब्राज़ील, नाइजीरिया और रूस की विकास दर में वृद्धि होने का अनुमान लगाया गया है।
इस रिपोर्ट में विकास के सन्दर्भ में कुछ एक महत्वपूर्ण चुनौतियों का उल्लेख किया गया है जो विकास दर को प्रभावित कर सकते हैं। इस रिपोर्ट में वित्तीय, सामजिक तथा पर्यावरण से सम्बंधित चुनौतियों के बीच सतत वैश्विक आर्थिक विकास पर चिंता व्यक्त की गयी है।
thanks a lot sir for your priceless effort to us.
jai hihd.
thanks a lot sir for your priceless effort to us.
jai hihd.