हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 31 जनवरी, 2019

1. हाल ही में किस राज्य ने जीवन संपर्क परियोजना शुरू की?
उत्तर – ओडिशा
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने हाल ही में आदिवासी मेला-2019 में जीवन संपर्क परियोजना की घोषणा की।
वार्षिक आदिवासी मेले में जनजातीय समुदाय की कला, संस्कृति, परम्परा तथा संगीत का प्रदर्शन किया जाता है। इसका उद्देश्य आदिवासियों के लिए आजीविका उपलब्ध करवाना है।
जीवन संपर्क परियोजना को यूनिसेफ की सहायता से लागू किया जायेगा। इस परियोजना के माध्यम से ओडिशा के जनजातीय लोगों को राज्य सरकार द्वारा बच्चों तथा महिलाओं के कल्याण के लिए चलायी जा रही योजनाओं से अवगत करवाया जायेगा। इस परियोजना के फोकस क्षेत्र हैं : कौशल विकास, समुदायों का सशक्तिकरण, समुहों के बीच आपसी सहयोग।
विशेष रूप से कमज़ोर जनजातीय समूह (PVTG) की शुरुआत कम विकास वाले कुछ एक समुदायों के लिए की गयी थी। 1975 में ढेबर आयोग के अनुशंसा के बाद PVTG की अलग श्रेणी की स्थापना की गयी थी। PVTG को केन्द्रीय जनजातीय मामले मंत्रालय द्वारा जारी अनुशंसाओं के आधार पर चिन्हित किया जाता है। ओडिशा में सर्वाधिक PVTG पाए जाते हैं।
2. हाल ही में विश्व इस्पात संघ द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार विश्व का सबसे बड़ा क्रूड स्टील उत्पादक देश कौन सा है?
उत्तर – चीन
हाल ही में विश्व इस्पात संघ ने इस्पात उद्योग से सम्बंधित विभिन्न ट्रेंड्स को रेखांकित करने के लिए रिपोर्ट जारी की, इस रिपोर्ट के मुख्य बिंदु निम्नलिखित हैं :
• चीन क्रूड स्टील का सबसे बड़ा उप्तादक है, यह कुल वैश्विक उत्पादन का 51% क्रूड स्टील उत्पादित करता है। 2017 में चीन का हिस्सा 50.3% था जबकि 2018 में यह बढ़कर 51.3% हो गया।
• 2017 में चीन का उत्पादन 870.9 मिलियन टन था, 2018 में यह बढ़कर 928.3 मिलियन टन हो गया है।
• भारत जापान को पीछे छोड़ते हुए विश्व का दूसरा सबसे बड़ा इस्पात उत्पादक देश बन गया है।
• 2017 में भारत का इस्पात उत्पादन 101.5 मिलियन टन था, 2018 में यह बढ़कर 106.5 मिलियन टन हो गया।
• 2017 में वैश्विक क्रूड स्टील का उत्पादन 1,729 मिलियन टन था, जबकि 2018 में यह 4.6% की वृद्धि के साथ 1,808.6 मिलियन टन हो गया।
• विश्व के टॉप 10 इस्पात उत्पादकों की सूची में अमेरिका चौथे स्थान पर है, दक्षिण कोरिया पांचवें, रूस छठवें, जर्मनी सातवें, तुर्की आठवें, ब्राज़ील नौवें तथा ईरान दसवें स्थान पर है।
विश्व इस्पात संघ एक गैर लाभकारी संगठन है, इसका मुख्यालय बेल्जियम के ब्रुसेल्स में है। इसकी स्थापना 10 जुलाई, 1967 को इंटरनेशनल आयरन एंड स्टील इंस्टिट्यूट के रोप में की गयी थी। 6 अक्टूबर, 2008 को इसका नाम बदलकर विश्व स्टील संघ कर दिया गया। इस संगठन में विश्व के 160 स्टील उत्पादक शामिल हैं। इसके सदस्य विश्व के 85% स्टील का उत्पादन करते हैं।
3. गांधीजी की पुण्यतिथि कब मनाई जाती है?
उत्तर – 30 जनवरी
30 जनवरी को भारत में शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन 1948 में महात्मा गाँधी की मृत्यु हुई थी। नाथूराम गोडसे द्वारा गांधीजी की हत्या की गयी थी। इस दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री तथा रक्षामंत्री गाँधीजी की समाधी पर उन्हें श्रद्धांजली अर्पित करते हैं।
मोहनदास करमचंद गाँधी
मोहनदास करमचंद गाँधी को महात्मा गांधी के नाम से जाना जाता है, उन्होंने भारत की स्वतंत्रता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनका जन्म 2 अक्टूबर, 1869 को ब्रिटिश भारत की बॉम्बे प्रेसीडेंसी के पोरबंदर में हुआ था। उनकी हत्या 30 जनवरी, 1948 को नाथूराम गोडसे द्वारा की गयी थी।
स्वतंत्रता आन्दोलन में उनके निस्वार्थ योगदान के लिए गांधीजी को “बापू” भी कहा जाता है। उन्हें अनाधिकारिक रूप से “राष्ट्रपिता” भी कहा जाता है। उन्होंने लन्दन में कानून की पढाई की थी, तत्पश्चात वे भारत लौटे, बाद में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में एक भारतीय फर्म में कार्य किया।
गांधीजी 1915 में दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटे और वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हुए। भारत में उन्होंने कई सामाजिक कार्यों तथा स्वराज प्राप्त करने के लिए कार्य किया। उन्होंने शांतिपूर्ण विरोध के द्वारा ब्रिटिश शासन के विरुद्ध आवाज़ उठाई। उन्होंने स्वतंत्रता के लिए सत्याग्रह तथा असहयोग आन्दोलन का उपयोग किया। ब्रिटिश सरकार के विरुद्ध गांधीजी के विरोध में असहयोग आन्दोलन और दांडी यात्रा प्रमुख है, इससे ब्रिटिश सरकार को काफी धक्का लगा।
गांधीजी ने अपने जीवन को सरलता और सदाचार से जीया और वे पारंपरिक भारतीय परिधान धोती और शाल ही पहनते थे। राजनीतिक विरोध प्रकट करने तथा स्वयं के शुद्धिकरण लिए वे अनशन करते थे। उन्हें कई बार जेल भी जाना पड़ा।
4. लोकपाल की खोज समिति का अध्यक्ष कौन है?
उत्तर – रंजना प्रकाश देसाई
सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायधीश रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में लोकपाल खोज समिति की पहली बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में लोकपाल के अध्यक्ष तथा सदस्यों की नियुक्ति की प्रक्रिया से सम्बंधित मुद्दों पर चर्चा की गयी।
लोकपाल खोज समिति के सदस्य
जस्टिस सखा राम सिंह यादव, पूर्व SBI चेयरपर्सन अरुंधती भट्टाचार्य, सेवानिवृत्त आईएएस अफसर रंजित कुमार, पूर्व गुजरात पुलिस प्रमुख ललित के. पंवर, इलाहबाद उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश शब्बीरहुसैन एस. खांडवावाला, प्रसार भारती के चेयरपर्सन ए. सूर्य प्रकाश तथा इसरो के पूर्व प्रमुख ए. एस.किरण कुमार।
सर्वोच्च न्यायालय ने लोकपाल खोज समिति को लोकपाल के अध्यक्ष तथा सदस्यों के चयन के लिए नाम भेजने के लिए फरवरी के अंत तक की डेडलाइन दी है।
खोज समिति द्वारा प्रस्तावित नामों की छंटनी प्रधानमंत्री मंत्री की अध्यक्षता वाली चयन समिति द्वारा किया जायेगा। इस चयन समिति में लोकसभा स्पीकर, लोकसभा में विपक्ष के नेता, भारत के सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायधीश अथवा प्रमुख न्यायधीश द्वारा मनोनीत अन्य कार्यशील न्यायधीश तथा राष्ट्रपति द्वारा मनोनीत प्रतिष्ठित न्यायविद शामिल हैं। राष्ट्रपति ने भारत के पूर्व अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी को प्रतिष्ठित न्यायविद के रूप में मनोनीत किया है।
5. बाघ संरक्षण पर अंतर्राष्ट्रीय समालोचना सम्मेलन का आयोजन किस शहर में किया गया?
उत्तर – नई दिल्ली
बाघ संरक्षण पर समालोचना सम्मेलन का आयोजन नई दिल्ली में 28 जनवरी को किया गया। इस सम्मेलन में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जायेगी। इसमें वन्यजीव तस्करी के साथ वैश्विक बाघ रिकवरी कार्यक्रम की स्थिति पर भी चर्चा की जाएगी।
इस सम्मेलन का आयोजन ग्लोबल टाइगर फोरम द्वारा किया राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण, WWF , वन्यजीव संरक्षण ट्रस्ट (WCT) तथा भारतीय वन्यजीव ट्रस्ट (WTI) के साथ मिलकर किया जा रहा है।
वैश्विक बाघ रिकवरी कार्यक्रम का उद्देश्य टाइगर रेंज देशों को सशक्त बनाना है तथा बाघों के संरक्षण के लिए कार्य करना है। वैश्विक बाघ रिकवरी कार्यक्रम के तहत 2022 तक बाघों की संख्या को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए बाघों के प्राकृतिक आवास का संरक्षण अति आवश्यक है। तथा बाघों के अवैध शिकार तथा व्यापार पर रोक लगाने की आवश्यकता है। इसके लिए स्थानीय समुदायों का सहयोग बहुत ज़रूरी है। यह भारत में आयोजित किया जाने वाले दूसरा बाघ संरक्षण सम्मेलन है। इसके अतिरिक्त भारत पड़ोसी देशों बांग्लादेश, भूटान और नेपाल के साथ चर्चा के लिए एक बैठक का आयोजन भी करेगा।
6. हाल ही में किस राज्य सरकार ने एम.एस. स्वामीनाथन रिपोर्ट के आधार पर किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रदान करने का निर्णय लिया?
उत्तर – दिल्ली
दिल्ली सरकार ने स्वामीनाथन समिति रिपोर्ट के आधार पर न्यूनतम समर्थन मूल्य देने का निर्णय लिया है। इसके लिए एम. एस. स्वामीनाथन की अध्यक्षता में राष्ट्रीय किसान आयोग द्वारा अनुशंसा की गयी थी।
राष्ट्रीय किसान आयोग का गठन 18 नवम्बर, 2004 को प्रोफेसर एम. एस. स्वामीनाथन की अध्यक्षता में किया गया था। इस समिति ने भूमि सुधार, सिंचाई, साख तथा बीमा, खाद्य सुरक्षा, रोज़गार, कृषि उत्पादकता तथा कृषक प्रतिस्पर्धा इत्यादि के सन्दर्भ में कई सुझाव दिए।
न्यूनतम समर्थन मूल्य के सन्दर्भ में समिति ने सुझाव दिया था कि किसानों के लिए न्यूनतम उत्पादन मूल्य उत्पादन लागत (C2) से 50% अधिक होना चाहिए।
कृषि लागत तथा मूल्य आयोग (CACP) ने कृषि उत्पादन की तीन नयी परिभाषाएं प्रस्तावित की हैं :
• A2 : किसान द्वारा वहन की गयी वास्तविक कृषि लागत, इसमें बीज, उर्वरक, कीटनाशक, भाड़े पर श्रमिक, इंधन, सिंचाई तथा अन्य व्यय शामिल हैं।
• A2+FL : इसमें A2 लागत के साथ-साथ अवैतनिक पारिवारिक श्रम के मूल्य को भी शामिल किया जाता है।
• C2 : इसमें A2+FL के अतिरिक्त ऋण ब्याज, स्वामित्व वाली भूमि तथा अचल पूंजीगत संपत्ति को भी शामिल किया जाता है।
7. हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अर्द्धशतक लगाने वाला सबसे युवा खिलाड़ी कौन बना?
उत्तर – रोहित पौडेल
हाल ही में नेपाल के क्रिकेटर रोहित पौडेल ने 16 वर्ष तथा 146 दिन की आयु में अर्धशतक लगाकर महान सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ा। रोहित पौडेल ने यह अर्धशतक दुबई में संयुक्त अरब अमीरात के विरुद्ध दूसरे एकदिवसीय मैच में लगाया। इससे पहले टेस्ट में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने के रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर जबकि एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे कम आयु में अर्धशतक लगाने के रिकॉर्ड पाकिस्तान के शहीद अफरीदी के नाम था। सचिन तेंदुलकर ने 16 वर्ष 213 दिन की आयु में पाकिस्तान के विरुद्ध टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला अर्थशतक बनाया था। एकदिवसीय क्रिकेट में शहीद अफ्रीकी ने श्रीलंका के विरुद्ध 16 वर्ष 2017 वर्ष की आयु में अर्धशतक बनाया था। हालांकि ओवरआल अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका की महिला क्रिकेटर जोह्मारी लोग्टेनबर्ग के नाम है, उन्होंने 14 वर्ष की आयु में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अर्धशतक बनाया था।
8. न्यूयॉर्क ट्रेवल शो 2019 में किस देश को “बेस्ट इन शो” के लिए अवार्ड ऑफ़ एक्सीलेंस दिया गया?
उत्तर – भारत
भारत ने न्यू यॉर्क ट्रेवल शो 2019 में “बेस्ट इन शो” के लिए अवार्ड ऑफ़ एक्सीलेंस जीता। न्यूयॉर्क उत्तरी अमेरिका का सबसे बड़ा ट्रेवल शो है। इसका आयोजन अमेरिका के न्यूयॉर्क में जैकब के. जेविट्स में किया गया। इस ट्रेवल शो में भारत की ओर से केन्द्रीय पर्यटन मंत्रालय ने “प्रेज़ेन्टिंग पार्टनर के रूप” में हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य भारत आने के लिए अमेरिकी पर्यटकों को आकर्षित करना था। इस सम्मेलन में केन्द्रीय पर्यटन मंत्रालय सचिव योगेन्द्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय सम्मेलन अमेरिका गया था।
9. हाल ही में किस राज्य ने नवजात शिशुओं की मृत्यु दर को रोकने के लिए विशेष योजना लांच की?
उत्तर – महाराष्ट्र
महाराष्ट्र सरकार ने हाल ही में राज्य में नवजात शिशुओं की मृत्यु दर को कम करने के लिए विशेष योजना लांच की। यह योजना केवल पहले बच्चे के लिए है, इससे राज्य की 4 लाख महिलाओं को लाभ होगा। इस योजना के तहत एक किट प्रदान की जायेगी, इस किट में एक कम्बल, एक छोटा गद्दा, तौलिया, थर्मामीटर, बेबी आयल, शैम्पू, खिलौने, नेल कटर, दस्ताने, जुराबें तथा कुछ अन्य चीज़ें होंगी। इस किट की कीमत लगभग 2000 रुपये है। इस अवसर पर बाल विकास मंत्री पंकजा मुंडे ने अस्पतालों तथा प्राथमिक चिकित्सा केन्द्रों में बेबी केयर किट्स वितरित की।
10. विश्व का सबसे लम्बा एक्सप्रेसवे किस राज्य में बनाया जायेगा?
उत्तर – उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश सरकार ने गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण को मंज़ूरी दे दी है। उत्तर प्रदेश सरकार ने कहा है कि यह विश्व का सबसे लम्बा एक्सप्रेसवे होगा। इस एक्सप्रेसवे के द्वारा प्रयागराज तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
एक्सप्रेसवे
एक्सप्रेसवे भारत में सड़कमार्ग की उच्चतम श्रेणी है। एक्सप्रेसवे के निर्माण व रखरखाव का कार्य केन्द्रीय सड़क परिवहन व उच्चमार्ग मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे प्राधिकरण द्वारा किया जाता है।
इस एक्सप्रेसवे की लम्बाई लगभग 600 किलोमीटर होगी। इसका निर्माण 6,556 हेक्टेयर भूमि पर 36,000 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। यह एक्सप्रेसवे मेरठ से शुरू होगा, यह एक्सप्रेसवे अमरोहा, बुलंदशहर, बदायूं, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, उन्नाव, रायबरेली तथा प्रतापगढ़ से होकर गुजरेगा।

Advertisement

4 Comments on “हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 31 जनवरी, 2019”

  1. ajay kumar says:

    Good

  2. ajay kumar says:

    Good

  3. ajay kumar says:

    Good

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *