हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 5 मार्च, 2019

1. भारत-बांग्लादेश के बीच किस स्थान पर सम्प्रीती युद्ध अभ्यास शुरू हुआ?
उत्तर – तंगैल
भारत और बांग्लादेश के बीच 2 मार्च, 2019 के बीच “सम्प्रीती” युद्ध अभ्यास की शुरुआत हुई। यह युद्ध अभ्यास भारत और बांग्लादेश के बीच रक्षा सहयोग का हिस्सा है। द्विपक्षीय रक्षा सहयोग की दृष्टि से यह अभ्यास काफी महत्वपूर्ण है। इसका आयोजन बांग्लादेश के तंगेल में किया जायेगा। गौरतलब है कि यह दोनों देशों के बीच सैन्य अभ्यास का आठवां संस्करण है।
सम्प्रीती अभ्यास 2019
इस अभ्यास में बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व 36 ईस्ट बंगाल बटालियन द्वारा किया जा रहा है जबकि भारत का प्रतिनिधित्व राजपुताना राइफल्स की 9वीं बटालियन द्वारा किया जा रहा है।
इस अभ्यास में दोनों देशों के सेनाएं आतंकवाद रोधी गतिविधियों में अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगी। इसके अलावा आपदा प्रबंधन को मध्य नज़र रखते हुए भी अभ्यास किया जायेगा।
इस सैन्य अभ्यास के उद्देश्य निम्नलिखित हैं :
• दोनों देशों की सेनाओं के बीच इंटर-ओपेराबिलिटी को बढ़ावा देना।
• सैन्य सहयोग को मज़बूत बनाना।
• आतंकवाद का सामना करने के लिए अभ्यास।
• आपसी समझ को मज़बूत करना।
• दोनों देशों की सेनाओं के बीच रणनीतिक सहयोग।
2. हाल ही में किस देश ने फिलिस्तीनी मिशन का विलय इजराइल दूतवास में किया?
उत्तर – अमेरिका
अमेरिका ने हाल ही में फिलिस्तीनी मिशन का विलय इजरायल दूतावास में किया। दरअसल जेरूसलम में स्थित अमेरिकी कांसुलेट फिलिस्तीनियों की सहायता करता है, अब इस कांसुलेट का विलय इजराइल में अमेरिकी दूतावास में किया गया है। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दिसम्बर 2017 में इजराइल की राजधानी के रूप में जेरूसलम को मान्यता दी थी और अमेरिकी दूतावास को तेल अवीव से जेरूसलम स्थानांतरित करने का निर्णय लिया था।
3. “डिजाइनिंग डेस्टिनी : द हार्टफुलनेस वे” नामक पुस्तक के लेखक कौन हैं?
उत्तर – कमलेश पटेल
“डिजाइनिंग डेस्टिनी : द हार्टफुलनेस वे” के लेखक कमलेश पटेल हैं, वे एक अध्यात्मिक गुरु हैं। इस पुस्तक में जीवन को बेहतर बनाने का मार्ग बताया गया है। इस पुस्तक में जीवन से सम्बंधित विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला गया है।
4. हाल ही में सेनेगल के नए राष्ट्रपति कौन बने?
उत्तर – मैकी साल
मैकी साल को पुनः सेनेगल का राष्ट्रपति चुना गया। उन्हें चुनाव में 58.27% मत प्राप्त हुए। सेनेगल की निर्वाचन प्रणाली के मुताबिक पहले चरण में उम्मीदवार को 50% मत मिलने के बाद मतदान के दूसरे चरण का आयोजन नहीं किया जाता है।
सेनेगल
सेनेगल अफ्रीका के पश्चिमी तट पर स्थित है। सेनेगल के उत्तर पर मॉरिटानिया, पूर्व में माली, दक्षिण पूर्व में गिनी तथा दक्षिण-पश्चिम में गिनी-बिस्सौ स्थित है। सेनेगल की समुद्री सीमा केप वेर्दे के साथ भी लगती है। सेनेगल की आर्थिक व राजनीतिक राजधानी डकार में स्थित है। सेनेगल का क्षेत्रफल 1,96,712 वर्ग किलोमीटर है।
पहले सेनेगल पुर्तगालियों का उपनिवेश था, बाद में यह फ्रांसीसियों का उपनिवेश बना। सेनेगल ने 1960 में फ्रांस से स्वतंत्रता प्राप्त की।
5. बुल्गारिया में डैन कोलोव-निकोल पेत्रोव टूर्नामेंट में 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल में किस भारतीय पहलवान ने स्वर्ण पदक जीता?
उत्तर –बजरंग पुनिया
भारत के बजरंग पुनिया ने बुल्गारिया में डैन कोलोव-निकोल पेत्रोव टूर्नामेंट में 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल में स्वर्ण पदक जीता। फाइनल में उन्होंने अमेरिकी पहलवान जॉर्डन ओलिवर को 12-3 से पराजित किया। उन्होंने इस टूर्नामेंट से सर्वाधिक अंक प्राप्त किये। यह 2017 वर्ल्ड चैंपियनशिप के बाद बजरंग का 10 अंतर्राष्ट्रीय पदक था। इससे पहले पूजा ढांडा ने महिलाओं के 59 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था, सरिता मोर ने भी इसी भार वर्ग में ही रजत पदक जीता था। साक्षी मालिक ने महिलाओं के 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में रजत पदक जीता। पुरुषों के फ्रीस्टाइल इवेंट में संदीप तोमर ने 61 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक जीता।
6. हाल ही में सुर्ख़ियों में रही कलाश्निकोव राइफल किस देश से सम्बंधित है?
उत्तर – रूस
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के अमेठी में AK-47 राइफल निर्माण इकाई की आधारशिला रखी। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कम समय में यह कार्य आरम्भ करने के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को सन्देश को रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने पढ़ा।
AK-47 राइफल निर्माण इकाई
• भारत और रूस द्वारा संयुक्त रूप से राइफल्स का निर्माण किया जायेगा।
• अमेठी निर्माण फैसिलिटी में विश्व प्रसिद्ध कलाश्निकोव असाल्ट राइफल की नवीनतम 200 श्रृंखला का उत्पादन किया जायेगा।
• इस इकाई में कुछ समय के अन्तराल में पूर्ण रूप से स्थानीय स्तर पर उत्पादन किया जायेगा।
• नई कलाश्निकोव से देश की सुरक्षा एजेंसियों की असाल्ट राइफल की आवश्यकता भी पूरी होगी।
• इस जॉइंट वेंचर के लिए पिछले वर्ष अक्टूबर में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा के दौरान सहमती बनी थी।
• इस राइफल निर्माण इकाई से भारत और रूस के बीच सैन्य तथा सामरिक सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।
कलाश्निकोव राइफल
कलाश्निकोव राइफल को AK-47 के नाम से भी जाना जाता है, यह 7.62×39 mm की असाल्ट राइफल है। इसका विकास सोवियत संघ में मिखाइल कलाश्निकोव ने किया था। इस राइफल को 1949 में सोवियत सशस्त्र सेनाओं में अधिकारिक रूप से शामिल किया गया था।
सात दशक के बाद के बाद भी यह राइफल काफी उपयोगी है। यह विपरीत परिस्थितियों में भी बेहतर कार्य कर सकती है और इसकी उत्पादन लागत भी काफी कम आती है।
7. हाल ही में भारत सरकार ने किस अवधि को अंतर्राष्ट्रीय निर्माण तकनीक वर्ष घोषित किया है?
उत्तर – अप्रैल 2019- मार्च 2020
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में नई दिल्ली में कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजी इंडिया -2019 एक्सपो-कम-कांफ्रेंस में अप्रैल 2019- मार्च 2020 को निर्माण-टेक्नोलॉजी वर्ष घोषित किया गया।
निर्माण-टेक्नोलॉजी वर्ष
• निर्माण-टेक्नोलॉजी वर्ष के द्वारा एडवांस्ड निर्माण तकनीक पर फोकस किया जाएगा, यह देश में गृह निर्माण की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए आवश्यक है।
• निर्माण-टेक्नोलॉजी वर्ष की घोषणा के कारण देश में गृह निर्माण के कार्य में तेज़ी आएगी, इसके लिए विश्व में उपयोग की जाने नवीन तकनीकों का उपयोग किया जायेगा।
• आधुनिक टेक्नोलॉजी के उपयोग से गृह निर्माण क्षेत्र गतिशील बनेगा।
• 2022 तक 1.2 करोड़ आवास के निर्माण की फ़ास्ट ट्रैकिंग के लिए सरकार ने ग्लोबल हाउसिंग टेक्नोलॉजी चैलेंज भी लांच किया है।
• सरकारी इंजीनियरिंग तथा तकनीकी पाठ्यक्रम में सुधार की दिशा में भी कार्य कर रही है।
• कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजी इंडिया -2019 एक्सपो कम कांफ्रेंस में प्रधानमंत्री ने GHTC-इंडिया मोबाइल एप्लीकेशन को लांच किया ।
8. राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग का नया चेयरमैन किसे नियुक्त किया गया है?
उत्तर – भगवान् लाल साहनी
भगवान् लाल साहनी को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग का चेयरमैन नियुक्त किया गया। कौशलेन्द्र सिंह पटेल तथा आचार्य तल्लोजू को इस आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया।
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग एक संवैधानिक संस्था है, इसकी स्थापना 123वें संवैधानिक संशोधन विधेयक 2018 तथा 102वें संशोधन के द्वारा की गयी थी। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक संस्था बनाने के नया अनुच्छेद 338 बी बनाया गया था।
संघटन : इस बिल के अनुसार राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग में पांच सदस्य होंगे, इनकी नियुक्ति राष्ट्रपति द्वारा की जाएगी। इनके कार्यकाल के सम्बन्ध में राष्ट्रपति द्वारा निर्णय लिया जायेगा। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को प्रतिवर्ष अपनी रिपोर्ट राष्ट्रपति को सौंपनी होगी और बाद में यह रिपोर्ट संसद और राज्य विधान सभाओं में प्रस्तुत की जाएगी।
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के कार्य
• संविधान द्वारा प्रदान किये गए अधिकारों इत्यादि की निगरानी करना।
• पिछड़ा वर्ग के अधिकारों के हनन संबधी शिकायत का निवारण करना।
• पिछड़ा वर्ग के सामाजिक व आर्थिक विकास के लिए सुझाव देना।
• राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को शिकायतों की छानबीन इत्यादि के सम्बन्ध में सिविल कोर्ट के समान शक्तियां दी जाएँगी।
9. किस भारतीय क्रिकेटर को ICC क्रिकेट समिति का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया?
उत्तर – अनिल कुंबले
भारत के महान क्रिकेटर अनिल कुंबले को हाल ही में पुनः अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद् की क्रिकेट समिति का चेयरमैन तीसरी बार नियुक्त किया गया है। उनका यह तीसरा कार्यकाल 2021 में समाप्त होगा। यह ICC क्रिकेट समिति में चेयरमैन के रूप में उनका अंतिम कार्यकाल होगा। उन्हें पहली बार 2012 में नियुक्त किया गया था। बाद में 2016 में उन्हें पुनः नियुक्त किया गया था। ICC क्रिकेट समिति में खिलाड़ी, अंपायर तथा अन्य सभी स्टेकहोल्डर्स शामिल होते हैं। यह समिति क्रिकेट से सम्बंधित मुद्दों पर अनुशंसा करती है।
10. हाल ही में किस राज्य के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को स्कोच अवार्ड 2018 से सम्मानित किया गया?
उत्तर –ओडिशा
ओडिशा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (OSDMA) को स्कोच अवार्ड 2018 से सम्मानित किया गया। OSDMA को यह सम्मान आपदा प्रबंधन के लिए 56वें स्कोच शिखर सम्मेलन के दौरान प्रदान किया गया। OSDMA को गोल्ड केटेगरी में आर्डर ऑफ़ मेरिट प्रदान किया गया। OSDMA ने 879 बहुउद्देशीय चक्रवात व बाढ़ आश्रालयों की स्थापना की थी। इससे 2013 में फाईलिन चक्रवात से लोगों के जीवन की रक्षा हो सकी। फाईलिन से प्रभावित 17,000 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिए OSDMA को सिल्वर केटेगरी में आर्डर ऑफ़ मेरिट पुरस्कार प्रदान किया गया।

Advertisement

3 Comments on “हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 5 मार्च, 2019”

  1. Ajay singh says:

    Super

  2. Reeta divya says:

    Nice

  3. Abhishek Kumar says:

    Very nice

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *