हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 24-25 अगस्त, 2019

1. “द डायरी ऑफ़ मनु गाँधी” पुस्तक के अनुवादक कौन हैं?
उत्तर – त्रिदिप सुहृद
केन्द्रीय मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने नई दिल्ली में “द डायरी ऑफ़ मनु गाँधी” (1943-44) पुस्तक को लांच किया। इस पुस्तक को भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार द्वारा ऑक्सफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस के साथ मिलकर लांच किया गया है।
मनु गाँधी (मृदुला) महात्मा गाँधी के भतीजे जयसुखलाल अमृतलाल गाँधी की पुत्री थीं, वे 30 जनवरी, 1948 तक गांधीजी के साथ रहीं। वे गांधीजी की कस्तूरबा गाँधी की सहयोगी भी थीं।
द डायरी ऑफ़ मनु गाँधी
इस पुस्तक को वास्तविक रूप में गुजराती में लिखा गया था। इस पुस्तक का अनुवाद त्रिदिप सुहृद द्वारा किया गया है। इस डायरी के पहले खंड में 1943-44 के कालखंड को कवर किया गया है। इसमें मनु गाँधी तथा महात्मा गाँधी के जीवन का वर्णन है।
राष्ट्रीय अभिलेखागार
भारतीय अभिलेखागार की स्थापना में सैंडमैन की रिपोर्ट काफी महत्वपूर्ण थी, वे सिविल ऑडिटर थे, उन्होंने महत्वपूर्ण दस्तावेजों को “ग्रैंड सेंट्रल आर्काइव” में स्थानांतरित करने के महत्त्व पर बल दिया था। 1889 में एलफिंस्टोन कॉलेज, बॉम्बे के प्रोफेसर से जी. डब्ल्यू. फारेस्ट को भारत सरकार के विदेश विभाग के रिकॉर्ड की छान-बीन करने का कार्य सौंपा गया था। उन्होंने ईस्ट इंडिया कंपनी के प्रशासन के सभी रिकार्ड्स को केन्द्रीय भंडार में स्थानांतरित करने की अनुशंसा की थी। इसके पश्चात् 11 मार्च, 1891 को कलकत्ता में इम्पीरियल सेक्रेटेरिएट भवन में इम्पीरियल रिकार्ड्स डिपार्टमेंट (IRD) की स्थापना की गयी थी।
1911 में इम्पीरियल रिकार्ड्स डिपार्टमेंट को दिल्ली स्थानांतरित किया गया। स्वतंत्रता के बाद भारत सरकार ने इसका नाम बदलकर राष्ट्रीय अभिलेखागार कर दिया। वर्तमान में राष्ट्रीय अभिलेखागार को संस्कृति मंत्रालय से जोड़ा गया है। इसके क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल में स्थित है, इसके तीन रिकॉर्ड केंद्र जयपुर, पुदुचेरी तथा भुबनेश्वर में स्थित है।
2. सूडान के प्रधानमंत्री का कार्यभार किसने संभाला है?
उत्तर – अब्दल्ला हमदोक
हाल ही में जाने-माने अर्थशास्त्री अब्दल्ला हमदोक ने सूडान के नए प्रधानमंत्री का कार्यभार संभाला है। उन्होंने देश में आर्थिक संकट को समाप्त करने तथा शांति स्थापित करने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की है।
3. FATF के एशिया-प्रशांत समूह ने किस देश को ब्लैकलिस्ट किया है?
उत्तर – पाकिस्तान
आतंकी फंडिंग रोकने में असफल रहने के कारण पाकिस्तान को फाइनेंशियल एक्शन टास्क फ़ोर्स (FATF) ने एनहांस्ड ब्लैकलिस्ट में डाल दिया है। FATF ने यह भी पाया है कि आतंक वित्तपोषण तथा धन शोधन के 40 में से 32 पैरामीटर्स का पालन पाकिस्तान ने नहीं किया है।
फाइनेंशियल एक्शन टास्क फ़ोर्स (FATF) ने जून 2018 में पाकिस्तान को “ग्रे लिस्ट” में डाला था। अब पाकिस्तान को अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष, विश्व बैंक, एशियाई विकास बैंक इत्यादि से मिलने वाली वित्तीय सहायता प्राप्त करने में मुश्किल होगी।
फाइनेंशियल एक्शन टास्क फ़ोर्स (FATF)
फाइनेंशियल एक्शन टास्क फ़ोर्स धन शोधन पर एक अंतरसरकारी संगठन है। इसकी स्थापना 1989 में की गयी थी। इसका मुख्यालय फ्रांस की राजधानी पेरिस में स्थित है। वर्तमान में इसके अध्यक्ष मार्शल बिलिंगसी हैं। इसकी स्थापना का शुरूआती उद्देश्य धन शोधन का सामना करने के लिए नीति निर्माण करना था। वर्ष 2001 में इसके कार्यक्षेत्र में आतंकवादी फंडिंग को भी शामिल किया गया। वर्तमान में इसमें 38 सदस्य देश शामिल हैं।
4. किस देश ने अंतर्राष्ट्रीय अन्तरिक्ष स्टेशन के लिए “फेडोर” नामक रोबोट को भेजा है?
उत्तर – रूस
रूस ने हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय अन्तरिक्ष स्टेशन के लिए कजाखस्तान के बैकोनुर से एक राकेट लांच किया है, इस राकेट में “फेडोर” नामक रोबोट को भेजा गया है। यह रूस द्वारा अन्तरिक्ष में भेजा गया पहला रोबोट है। “फेडोर” की ऊंचाई एक मीटर 80 सेंटीमीटर है (5 फीट 11 इंच) । इसका भार 160 किलोम्ग्राम है। इस रोबोट का उपयोग नई आपातकालीन बचाव प्रणाली का परीक्षण करना है। अंतर्राष्ट्रीय अन्तरिक्ष स्टेशन में 10 दिन तक “फेडोर” नए कौशल सीखेगा, यह इलेक्ट्रिक केबल को स्क्रूड्राइवर की सहायता से कनेक्ट तथा डिसकनेक्ट करने जैसे कार्य भी करेगा।
अंतर्राष्ट्रीय अन्तरिक्ष स्टेशन (ISS)
अंतर्राष्ट्रीय अन्तरिक्ष स्टेशन (ISS) पृथ्वी की निम्न कक्षा में एक आवासीय कृत्रिम उपग्रह है। यह पृथ्वी से 330 से 435 किलोमीटर की ऊंचाई पर है। यह 92 मिनट में पृथ्वी की एक परिक्रमा पूरी करता है। यह एक दिन में 15.5 बार पृथ्वी की परिक्रमा करता है। ISS कार्यक्रम पांच अन्तरिक्ष एजेंसियों नासा (अमेरिका), रोसकॉसमॉस (रूस), जाक्सा (जापान), ESA (यूरोप) तथा CSA (कनाडा) का संयुक्त कार्यक्रम है।

5. विश्व पुलिस गेम्स में तीन पदक जीतने वाली मोनाली जाधव किस राज्य से हैं?
उत्तर – महाराष्ट्र
महाराष्ट्र की कांस्टेबल मोनाली जाधव ने 2019 वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में भारतीय पुलिस बल का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने इस प्रतियोगिता में तीन पदक अपने नाम किये। वे महाराष्ट्र के बुलढाना जिले के जलाम्ब पुलिस स्टेशन में कार्यरत्त हैं।
6. हाल ही में किस संगठन ने कम्पोजिट वाटर मैनेजमेंट इंडेक्स जारी किया है?
उत्तर – नीति आयोग
नीति आयोग ने जल शक्ति तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय के साथ मिलकर कम्पोजिट वाटर मैनेजमेंट इंडेक्स 2.0 जारी किया है। इस सूचकांक में वर्ष 2017-18 को सन्दर्भ वर्ष माना गया है, जबकि 2016-17 को आधार वर्ष माना गया है। इस सूचकांक का उद्देश्य जल संसाधन प्रबंधन में कुशलता के मामले में विभिन्न में विभिन्न राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों का अध्ययन करना है।
7. हाल ही में जारी किये गये कम्पोजिट वाटर मैनेजमेंट इंडेक्स 2.0 में पहले स्थान पर कौन सा राज्य रहा?
उत्तर – गुजरात
नीति आयोग ने 2017-18 सन्दर्भ वर्ष के लिए कम्पोजिट वाटर मैनेजमेंट इंडेक्स 2.0 जारी किया। इस सूचकांक में गुजरात पहले स्थान पर है। गुजरात के बाद इस सूचकांक में आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, गोवा, कर्नाटक तथा तमिलनाडु हैं। उत्तरपूर्वी तथा हिमालयी राज्यों की सूची में हिमाचल प्रदेश को पहला स्थान मिला है, हिमाचल के बाद उत्तराखंड, त्रिपुरा तथा असम हैं। केंद्र शासित प्रदेशों के मामले में पुदुचेरी पहले स्थान पर हैं। औसतन 80% राज्यों ने पिछले तीन वर्षों में जल प्रबंधन के स्कोर में सुधार किया है, इस दौरान औसतन 5.2 अंकों का सुधार हुआ है।
8. दयालुता पर प्रथम विश्व युवा सम्मेलन का आयोजन किस शहर में किया गया?
उत्तर – नई दिल्ली
नई दिल्ली में दयालुता पर प्रथम विश्व युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन का उद्घाटन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने किया। इस सम्मेलन का आयोजन यूनेस्को महात्मा गाँधी शांति शिक्षा व सतत विकास संस्थान (MGIEP) द्वारा किया गया।
दयालुता पर प्रथम विश्व युवा सम्मेलन
इस सम्मेलन का आयोजन महात्मा गाँधी के जन्म की 150 वर्षगाँठ के उत्सव के दौरान किया गया। इसका उद्देश्य युवाओं को संयुक्त राष्ट्र सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रभावशाली विधियों से परिचित करवाना है। इसके लिए महात्मा गाँधी की अहिंसा की धारणा काफी महत्वपूर्ण है। इस सम्मेलन की थीम “वसुधैव कुटुम्बकम : समकालीन विश्व के लिए महात्मा गाँधी: महात्मा गाँधी की 150वीं जन्म वर्षगाँठ का उत्सव” थी। इस सम्मेलन में 60 अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधियों, कलाकारों, नोबेल पुरस्कार विजेताओं तथा 27 देशों से 1000 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया।
9. अमेज़न वर्षावन किस महाद्वीप में स्थित हैं?
उत्तर – दक्षिण अमेरिका
ब्राज़ील के राष्ट्रीय अन्तरिक्ष अनुसन्धान केंद्र के अनुसार जनवरी, 2019 से ब्राज़ील के अमेज़न वर्षावनों में आग लगने की 74,155 घटनाएँ सामने आई हैं। सैटलाइट डाटा के अनुसार 2018 की तुलना में इस वर्ष आग लगने की घटनाओं में 84% की वृद्धि हुई है। अमेज़न विश्व में सबसे बड़ा उष्णकटिबंधीय वन है, यह नौ देशों (ब्राज़ील, बोलीविया, कोलंबिया, इक्वेडोर, फ्रेंच गिनी, गुयाना, पेरू, सूरीनाम तथा वेनेज़ुएला) में 5 मिलियन वर्ग किलोमीटर से अधिक के क्षेत्र में फैला हुआ है।
यह एक विशालकाय कार्बन सिंक के रूप में कार्य करता है, यह ग्लोबल वार्मिंग की दर को धीमा करने में अति महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह कुल ताज़ी हवा का 20% उत्पादित करता है, पृथ्वी का 20% ताज़ा जल भी यहीं पर मौजूद है। पिछले 50 वर्षों में ही इस वन का 20% हिस्सा नष्ट किया जा चुका है।
10. सबका विश्वास योजना को किस उद्देश्य के लिए शुरू किया जायेगा?
उत्तर – कर विवादों का समाधान
भारत सरकार ने हाल ही ही में “सबका विश्वास” योजना को अधिसूचित किया है, इस योजना का उद्देश्य सेवा कर तथा केन्द्रीय उत्पादन शुल्क से सम्बंधित मामलों (GST से पहले) का जल्द निपटान करना है। इस योजना को 1 सितम्बर, 2019 से 31 दिसम्बर, 2019 तक संचालित किया जायेगा।

Advertisement

2 Comments on “हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 24-25 अगस्त, 2019”

  1. indrakesh says:

    supar

  2. Aaradhna Singh arya says:

    Superbb

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *