हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 26 अगस्त, 2019
1. किस फुटबॉल टीम ने 2019 डूरंड कप टूर्नामेंट जीता?
उत्तर – गोकुलम केरल एफ.सी.
गोकुलम केरल एफ.सी. ने मोहन बागान ने हराकर डूरंड कप अपने नाम किया। फाइनल में गोकुलम ने मोहन बागान को 2-1 से कलकत्ता के साल्ट लेक स्टेडियम में पराजित किया।
डूरंड कप
डूरंड कप एशिया की सबसे पुरानी तथा विश्व की तीसरी सबसे पुरानी फुटबॉल प्रतियोगिता है। पहली बार इस प्रतियोगिता का आयोजन 1888 में किया गया था। इसका आयोजन डूरंड फुटबॉल टूर्नामेंट सोसाइटी तथा Osians द्वारा मिलकर किया जाता है। इस प्रतियोगिता का नाम इसके संस्थापक सर मोर्टीमर डूरंड के नाम पर रखा गया है, वे 1884 से 1894 के बीच विदेश सचिव थे। ईस्ट बंगाल और मोहन बागान इस प्रतियोगिता की सबसे सफल टीमें हैं, इन दोनों टीमों ने अब तक डूरंड कप को 16-16 बार जीता है।
2. 45वें G-7 शिखर सम्मेलन की थीम क्या है?
उत्तर – “असमानता का मुकाबला करना”
फ्रांस में 45वें G7 शिखर सम्मेलन का आयोजन 24-26 अगस्त, 2019 के दौरान किया गया। इस शिखर सम्मेलन की थीम “असमानता का मुकाबला करना” थी। इस सम्मेलन में G7 के सदस्य देशों (फ्रांस इटली, कानान्दा, अमेरिका, जापान, जर्मनी तथा यूनाइटेड किंगडम) ने हिस्सा लिया। इस सम्मेलन में भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी हिस्सा लिया, भारत को इस सम्मेलन में फ्रांस द्वारा आमंत्रित किया गया था।
3. कोमालिका बरी किस खेल से सम्बंधित हैं?
उत्तर – आर्चरी
25 अगस्त, 2019 को झारखण्ड की कोमालिका बरी रिकर्व कैडेट वर्ल्ड चैंपियन बनीं, उन्होंने यह खिताब स्पेन के मेड्रिड में वर्ल्ड आर्चरी यूथ चैंपियनशिप में जीता। फाइनल में उन्होंने जापान की सोनोदा वाका को 7-3 से हराया। भारत ने कंपाउंड जूनियर मिक्स्ड पेअर इवेंट में स्वर्ण पदक जीता था। भारत में इस प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक तथा एक कांस्य पदक जीता।
4. वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी कौन हैं?
उत्तर – पी. वी. सिन्धु
भारत की स्टार शटलर पी.वी. सिन्धु ने BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2019 फाइनल में विश्व की नंबर 4 खिलाड़ी नोजोमी ओकुहारा को पराजित करके इतिहास रचा। सिन्धु ने जापान की ओकुहारा को मात्र 37 मिनट में 21-7, 21-7 से पराजित किया। इसके साथ ही पी.वी. सिन्धु विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय बन गयी हैं। क्वार्टरफाइनल में सिन्धु ने विश्व की नंबर 1 खिलाड़ी ताई तजु यिंग को पराजित किया था, बाद में सेमीफाइनल में उन्होंने आल इंग्लैंड चैंपियन चेन यू फेई को हराया था।
पी. वी सिन्धु
पी. वी. सिन्धु भारत के सर्वश्रेष्ठ बैडमिंटन खिलाड़ियों में से एक हैं। उनका जन्म 5 जुलाई, 1995 को तेलंगाना के हैदराबाद में हुआ था। उन्होंने 2016 के रिओ ओलिंपिक में देश के लिए रजत पदक जीता था। 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में बैडमिंटन के महिला एकल वर्ग में उन्होंने रजत पदक जीता। इसके अलावा वर्ल्ड चैंपियनशिप 2017 और 2018 में उन्होंने रजत पदक जीता था। 2016 में सिन्धु को पद्म श्री से सम्मानित किया गया था।
5. 50 करोड़ रुपये से अधिक के बैंक फ्रॉड की जांच के लिए किसकी अध्यक्षता में केन्द्रीय सतर्कता आयुक्त समिति का गठन किया गया है?
उत्तर – टी.एम. भसीन
केन्द्रीय सतर्कता आयुक्त ने 50 करोड़ रुपये से अधिक के बैंकिंग फ्रॉड की जांच के लिए पूर्व सतर्कता आयुक्त टी.एम. भसीन की अध्यक्षता में बैंकिंग फ्रॉड के लिए सलाहकार बोर्ड का गठन किया गया। इस बोर्ड केवल उन मामलों की जांच करेगा जिनमे सार्वजनिक सेक्टर के जनरल मेनेजर तथा इससे ऊपर के अधिकारी संलिप्त हो। इस बोर्ड के चेयरमैन तथा सदस्यों का कार्यकाल दो वर्ष का होगा।
6. दोक्दो द्वीप को लेकर किन दो देशों के बीच विवाद है?
उत्तर – दक्षिण कोरिया और जापान
हाल ही में दक्षिण कोरिया ने जापान के अप्रत्याशित हमले से विवादित द्वीप की सुरक्षा के लिए दो दिवसीय ड्रिल का आयोजन किया। इससे पहले दक्षिण कोरिया ने जापान के साथ सैन्य इंटेलिजेंस साझा करने के समझौते के समाप्त किया था। 1945 में कोरिया से जापान का शासन समाप्त होने के बाद से दोक्दो द्वीप पर दक्षिण कोरिया का नियंत्रण है। जापान इस द्वीप पर अपना दावा करता है, जापान का मानना है कि दक्षिण कोरिया ने इस द्वीप पर अवैध रूप से कब्ज़ा किया है।
7. किस IIT के अनुसंधानकर्ताओं ने लेबोरेटरी में मांस का विकास किया?
उत्तर – IIT गुवाहाटी
IIT गुवाहाटी के अनुसंधानकर्ताओं ने हाल ही में मांस उत्पादन की नवीन तकनीक का विकास किया है, इसके द्वारा पूर्ण रूप से प्राकृतिक मांस का उत्पादन किया जा सकता है। लैब में उत्पादित किया जाने वाला यह मांस भी पोषण से भरपूर है। इस उत्पाद के 3 बायोप्रिंटर के द्वारा किसी भी आकार में निर्मित किया जा सकता है। गौरतलब है कि एक किलोग्राम चिकन मांस के उत्पादन में 4000 लीटर जल की आवश्यकता होती है, जबकि एक किलोग्राम मटन के लिए 8000 लीटर से अधिक पानी की आवश्यकता होती है।
8. उष्णकटिबंधीय वन अनुसन्धान संस्थान का मुख्यालय कहाँ पर स्थित है?
उत्तर – जबलपुर
उष्णकटिबंधीय वन अनुसन्धान संस्थान का मुख्यालय मध्य प्रदेश के जबलपुर में स्थित है। उष्णकटिबंधीय वन अनुसन्धान संस्थान ने हाल ही में एक मोबाइल एप्लीकेशन लांच की है, इसमें कीट-पतंगों तथा उनके प्रबंधन के बारे में जानकारी है। इस एप्प को “INSECT PESTS” नाम दिया गया है।
9. किस राज्य सरकार ने हाल ही में “कालवी तोलाईक्कची” नामक टीवी चैनल को लांच किया?
उत्तर – तमिलनाडु
तमिलनाडु सरकार ने “कालवी तोलाईक्कची” नामक शैक्षणिक टीवी चैनल को लांच किया है। इस टीवी चैनल का लाभ कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों को होगा। इस चैनल पर शैक्षणिक कार्यक्रमों का प्रसारण 6am से 9:30pm तक किया जायेगा।
10. मदुरै मीनाक्षी अम्मान मंदिर किस राज्य में स्थित है?
उत्तर – तमिलनाडु
26 अगस्त, 2019 को तमिलनाडु के विश्व प्रसिद्ध मदुरै मीनाक्षी अम्मान मंदिर में 10 दिवसीय वार्षिक उत्सव शुरू हो गया है। इस उत्सव के दौरान 7 सितम्बर को भगवान् सुन्दरेश्वर का राज्यभिशेषक किया जायेगा।