हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 26 जनवरी, 2019

1. पहला संयुक्त राष्ट्र शिक्षा दिवस कब मनाया गया?
उत्तर – 24 जनवरी
संयुक्त राष्ट्र ने 3 दिसम्बर को प्रस्ताव पारित करके 24 जनवरी को अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के रूप घोषित करने का निर्णय लिया। इसका उद्देश्य शान्ति व विकास में शिक्षा की भूमिका को रेखांकित करना है। अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के लिए इस प्रस्ताव को नाइजीरिया समेत 58 देशों ने तैयार किया था। यह अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा दिवस का पहला संस्करण है।
2. जिंदगीनामा उपन्यास की लेखिका कौन हैं?
उत्तर – कृष्णा सोबती
25 जनवरी, 2019 को प्रसिद्ध हिंदी लेखिका कृष्णा सोबती का निधन हुआ। वे 93 वर्ष की थीं।
कृष्णा सोबती का जन्म 18 फरवरी, 1925 को ब्रिटिश भारत के गुजरात में हुआ था। उन्होंने 1980 में “ज़िन्दगीनामा” उपन्यास के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार जीता था। वर्ष 1996 में उन्हें साहित्य अकादमी फ़ेलोशिप प्रदान की गयी थी। वर्ष 2017 में भारतीय साहित्य में योगदान देने के लिए उन्हें ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वर्ष 2008 में “समय” उपन्यास के लिए उन्हें “व्यास सम्मान” प्रदान किया गया था। कृष्णा सोबती की प्रमुख रचनाएं हैं : दिल-ओ-दानिश, मित्रो मरजानी, ज़िन्दगीनामा, यारों के यार, समय सरगम, ए लड़की, नफीसा, सिक्का बदल गया, बादलों के घेरे इत्यादि।
3. आईएनएस कोहासा किस राज्य/केंद्र शासित प्रदेश में स्थित है?
उत्तर – अंडमान व निकोबार द्वीप समूह
भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लाम्बा ने उत्तरी अंडमान में आईएनएस (इंडियन नेवल स्टेशन) कोहासा को कमीशन किया। यह उत्तरी अंडमान द्वीप में शिवपुर में स्थित है। यह हिन्द महासागर में भारतीय नौसेना की निगरानी सम्बन्धी गतिविधियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। चीन की बढ़ती हुई चुनौती को मध्य नज़र रखते हुए इस स्टेशन को अपग्रेड करना आवश्यक था ।
आईएनएस कोहासा का नाम “सफ़ेद सी ईगल” पर रखा गया है, यह अंडमान का एक शिकारी पक्षी है।
आईएनएस कोहासा सामरिक दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण है। यह मलाक्का जलसन्धि के मुख के निकट है। आईएनएस कोहासा इंडोनेशिया से 90 किलोमीटर, म्यांमार से 45 किलोमीटर तथा थाईलैंड से 550 किलोमीटर दूर है। चीन से आने वाला तथा चीन को जाने वाला 80% कार्गो मलाक्का जलसन्धि से होकर गुज़रता है।
आईएनएस कोहासा की स्थापना 2001 में नौसैनिक हवाई स्टेशन के रूप में की गयी थी। इसका मुख्य उद्देश्य निगरानी कार्य था। इसका उपयोग डोर्निएर एयरक्राफ्ट तथा चेतक हेलीकाप्टर द्वारा निगरानी के लिए किया जाता है।
4. हाल ही में किस IIT ने “रौशनी” नामक एप्प को लांच किया?
उत्तर – IIT रोपड़
IIT रोपड़ ने हाल ही में “रौशनी” नामक एंड्राइड मोबाइल एप्प को लांच किया, इस एप्प का निर्माण दृष्टिबाधित लोगों को नोट पहचानने में सहायता के लिए किया गया। इस एप्प की सहायता से दृष्टिबाधित लोग इमेज प्रोसेसिंग व एनालिटिक्स के माध्यम से 10, 20, 50, 100, 500 तथा 2000 रुपये के नोटों को पहचान सकते हैं। यह एप्प नए व पुराने सभी नोट्स को पहचान सकती है, पहचाने के बाद यह एप्प ऑडियो के द्वारा यूजर को नोट के बारे में बताती है। इस एप्प का निर्माण असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. पुनीत गोयल तथा उनके छात्रों मंध्यता सिंह, जूही चौहान और आर. राम ने किया है।
5. केन्द्रीय कैबिनेट ने उत्तर पूर्वी भारत में स्वायत्त क्षेत्रीय परिषदों को मज़बूत बनाने के लिए किस अनुच्छेद में संशोधन को मंज़ूरी दी है?
उत्तर – अनुच्छेद 280
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट ने स्वायत्त परिषदों की शक्तियों में वृद्धि के लिए संशोधन को मंज़ूरी दी। इस संशोधन के द्वारा भारतीय संविधान की छठवीं अनुसूची में उत्तरी-पूर्वी भारत के क्षेत्रों में स्वायत्त परिषदों की शक्तियों में वृद्धि की जायेगी?
भारतीय संविधान की छठवीं अनुसूची में विकेंद्रीकृत शासन तथा उत्तरी-पूर्वी भारत के जनजातीय क्षेत्रों में स्थानीय पारंपरिक नियमों के द्वारा विवादों के निपटारे की व्यवस्था की गयी है। स्वायत्त परिषद् में प्रस्तावित संशोधन निम्नलिखित हैं:
• असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा को अधिक वित्तीय संसाधन उपलब्ध करवाने के लिए अनुच्छेद 280 में संशोधन किया जाएगा, इससे स्वायत्त परिषद् अधिक विकास के कार्य कर सकेंगीं।
• मौजूदा स्वायत्त जिला परिषदों का नाम बदलकर स्वायत्त क्षेत्रीय परिषद् किया जाएगा क्योंकि इन परिषदों का क्षेत्राधिकार एक जिले से अधिक होगा।
• असम में कारबी आंगलोंग स्वायत्त क्षेत्रीय परिषद् तथा दिमा हसाओ स्वायत्त परिषद् के क्षेत्राधिकार में 30 अन्य विषयों को शामिल किया जायेगा।
• निम्न स्तर पर भी लोकतंत्र को मज़बूत बनाने के लिए निर्वाचित ग्रामीण म्युनिसिपल परिषद् के लिए भी संशोधन प्रस्तावित है।
• संशोधन के द्वारा ग्रामीण परिषदों को आर्थिक विकास, सामाजिक न्याय इत्यादि कार्य के लिए शक्तियां दी जायेंगी। यह शक्तियां कृषि, भूमि सुधार, सिंचाई जल प्रबंधन, पशु पालन, ग्रामीण विद्युतीकरण, छोटे स्तर के उद्योग तथा सामाजिक वानिकी इत्यादि कार्य के लिए दी जायेंगी।
6. हाल ही में इसरो ने कलामसैट V2 को किस लांच व्हीकल से प्रक्षेपित किया?
उत्तर – PSLV-C44
भारतीय अन्तरिक्ष अनुसन्धान संगठन (इसरो) ने हाल ही में कलामसैट-V2 को श्रीहरिकोटा अन्तरिक्ष केंद्र से सफलतापूर्वक लांच किया।
कलामसैट-V2
• कलामसैट-V2 का नाम भारत के पूर्व राष्ट्रपति व वैज्ञानिक अब्दुल कलाम के नाम पर रखा गया है, इसकी मुख्य विशेषताएं निम्नलिखित हैं:
• यह अब तक का सबसे हल्का सैटेलाइट है।
• यह एक प्रकार का संचार उपग्रह है, इसका उपयोग रेडियो ट्रांसमिशन तथा वायरलेस कम्युनिकेशन के लिए किया जायेगा।
• इस सैटेलाइट को बनाने में केवल 12 लाख रुपये का खर्च आया है, इसका निर्माण चेन्नई बेस्ड अन्तरिक्ष शिक्षा फर्म “स्पेस किड्ज इंडिया” के छात्रों द्वारा 6 दिनों में किया गया।
• इसका जीवनकाल केवल दो माह है।
• इस सैटेलाइट को PSLV द्वारा लांच किया गया।
प्रयोग
PSLV चार चरणों वाला राकेट है, इस लांच के दौरान इसरो ने राकेट की डेड स्टेज (मृत चरण) को रिकवर करने का प्रयास किया। आमतौर पर PSLV के तीन चरण अपना काम करने के बाद पुनः पृथ्वी पर गिर जाते हैं। जबकि चौथे चरण को कोई बार रोका व शुरू किया जाता है, इसकी सहायता से स्पेसक्राफ्ट को उचित कक्षा में स्थापित किया जाता है। इसरो ने इस चौथे चरण को प्रयोग करने के लिए एक ऑर्बिटल प्लेटफार्म में परिवर्तित किया। इस प्लेटफार्म पर लगभग शून्य गुरुत्वाकर्षण परिवेश में प्रयोग किया जायेंगे। इसरो ने राकेट के मृत चरण को क्रियाशील रखने का प्रयास पहली बार किया है।
7. हाल ही में किस देश में विश्व के सबसे लम्बे 3-डी प्रिंटेड कंक्रीट पुल को खोला गया?
उत्तर – चीन
हाल ही में चीन में विश्व के सबसे लम्बे 3डी प्रिंटेड पुल को खोला गया। इस पुल की लम्बाई 26.3 मीटर है, जबकि इसकी चौड़ाई 3.6 मीटर है। इसे चीन इ त्सिंगुआ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर शी वेइगो द्वारा डिजाईन किया गया है। इस पुल का डिजाईन प्राचीन चीनी पुल “अंजी पुल” से प्रेरित है। 3-डी प्रिंटिंग में 3 कंक्रीट ब्लॉक्स को स्मार्ट टेक्नोलॉजी से बनाया गया है।
8. किस राज्य सरकार ने बाघ के शिकार को रोकने के लिए सुरक्षा बल की स्थापना करने का निर्णय लिया है?
उत्तर – तेलंगाना
तेलंगाना सरकार ने “राज्य बाघ सुरक्षा बल” की स्थापना करने का निर्णय लिया है।इस बल में 112 सदस्य होंगे, इसका अध्यक्ष सहायक वन आरक्षक होगा। इसके लिए व्यय का निर्वहन राज्य तथा केंद्र सरकार द्वारा 40:60 के अनुपात में किया जायेगा। यह बल मुख्य रूप से अमराबाद तथा कवल बाघ रिज़र्व में कार्य करेगा।
9. 2017 के लिए केरल साहित्य अकादमी में किस उपन्यास को सर्वश्रेष्ठ उपन्यास घोषित किया गया?
उत्तर – निरीश्वरण
23 जनवरी, 2019 को काल साहित्य अकादमी पुरस्कारों की घोषणा की गयी। इन पुरस्कारों में वी.जे. जेम्स द्वारा लिखित “निरीश्वरण” उपन्यास को सर्वश्रेष्ठ उपन्यास का खिताब मिला। अयामनम जॉन द्वारा लिखित “एथारा चाराचरंगालुदे चरित्र पुस्तकम” को सर्वश्रेष्ठ लघु कथा तथा वीरनकुट्टी द्वारा लिखित “मिंदाप्राणी” को सर्वश्रेष्ठ कविता चुना गया।
10. हाल ही में किस आईपीएस अफसर ने दक्षिण ध्रुव में अभियान को पूरा किया?
उत्तर – अपर्णा कुमार
संयुक्त राष्ट्र ने हाल ही में विश्व आर्थिक स्थिति व सम्भावना रिपोर्ट 2019 को जारी किया, इस रिपोर्ट के मुख्य बिंदु निम्नलिखित हैं :
• इस रिपोर्ट के अनुसार वैश्विक आर्थिक विकास दर 2019 और 2020 में 3% रहने का अनुमान लगाया है।
• अमेरिका की विकास दर 2019 में 2.5% तथा 2020 में 2% रहने का अनुमान लगाया गया है।
• यूरोपीय संघ की विकास दर 2% रहने का अनुमान लगाया गया है। परन्तु यूरोप के सन्दर्भ में अभी ब्रेक्सिट की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पायी है, ब्रेक्सिट बड़े पैमाने पर यूरोपीय संघ की विकास दर को प्रभावित कर सकता है।
• 2019 में चीन की विकास दर 6.3% रहने का अनुमान लगाया गया है। 2018 में चीन की विकास दर 6.6 थी।
• 2019-20 में वस्तुओं का निर्यात करने वाले देशों जैसे ब्राज़ील, नाइजीरिया और रूस की विकास दर में वृद्धि होने का अनुमान लगाया गया है।
इस रिपोर्ट में विकास के सन्दर्भ में कुछ एक महत्वपूर्ण चुनौतियों का उल्लेख किया गया है जो विकास दर को प्रभावित कर सकते हैं। इस रिपोर्ट में वित्तीय, सामजिक तथा पर्यावरण से सम्बंधित चुनौतियों के बीच सतत वैश्विक आर्थिक विकास पर चिंता व्यक्त की गयी है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *