हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 5 फरवरी, 2019
1. ऋषि कुमार शुक्ला को हाल ही में केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो का नया निदेशक नियुक्त किया गया, इससे पहले वे किस राज्य के पुलिस विभाग में कार्य कर चुके हैं?
उत्तर – मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश पुलिस के पूर्व महानिदेशक ऋषि कुमार शुक्ला को केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो का निदेशक नियुक्त किया गया है। वे 1983 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के आईपीएस अफसर हैं। उनका तीन सदस्यीय पैनल द्वारा किया गया, इस पैनल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सबसे बड़े विपक्षी दल के नेता मल्लिकार्जुन खड्गे तथा भारत के मुख्य न्यायधीश रंजन गोगोई शामिल थे। ऋषि कुमार शुक्ला का कार्यकाल दो वर्ष का होगा। उन पर सीबीआई की छवि को सुधारने की ज़िम्मेदारी भी होगी, पिछले कुछ समय में विवाद के चलते सीबीआई की छवि काफी प्रभावित हुई थी। ऋषि कुमार शुक्ला की नियुक्ति अलोक कुमार वर्मा के स्थान पर की गयी है। अलोक कुमार वर्मा को 10 जनवरी को सरकार द्वारा पद से हटाया गया था।
सीबीआई भारत की अग्रणी अन्वेषण एजेंसी है। यह केन्द्रीय कर्मचारी, जन शिकायत तथा पेंशन मंत्रालय के अधीन कार्य करती है। इसका प्रमुख निदेशक होता है, सीबीआई का निदेशक आईपीएस को नियुक्त किया जाता है। सीबीआई आर्थिक अपराध, विशेष अपराध, भ्रष्टाचार तथा अन्य हाई-प्रोफाइल मामलों की छानबीन करती है। सीबीआई का मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है। सीबीआई की स्थापना 1941 में विशेष पुलिस संस्था के रूप में हुई थी।
2. हाल ही में भारत में नेपाल के नए राजदूत कौन बनें?
उत्तर – नीलाम्बर आचार्य
नीलाम्बर आचार्य भारत में नेपाल के नए राजदूत बने। इससे पहले वे नेपाल के कानून मंत्री रह चुके हैं। उन्हें नेपाल की राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। नेपाल के नए प्रावधान के तहत नीलाम्बर आचार्य राष्ट्रपति के द्वारा पद व गोपनीयता की शपथ लेने वाले पहले राजदूत है। इससे पहले नेपाल के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायधीश द्वारा राजदूत को शपथ दिलाई जाती थी।
3. सामाजिक न्याय के लिए के. वीरमणि पुरस्कार 2018 किसने जीता?
उत्तर – पी.एस. कृष्णन
भारत सरकार के पूर्व सचिव पी. एस. कृष्णन को सामाजिक न्याय के लिए के. वीरमणि पुरस्कार 2018 प्रदान किया गया। उन्हें यह सम्मान पिछड़े हुए समुदायों के लिए कार्य करने लिए यह सम्मान दिया गया है। यह सम्मान पेरियार इंटरनेशनल Inc. द्वारा प्रदान किया जाता है। इस पुरस्कार के तहत एक लाख रुपये तथा एक प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान किया जाता है।
4. हाल ही में रूस और अमेरिका के बीच की किस संधि को निलंबित किया गया?
उत्तर – इंटरमीडिएट रेंज न्यूक्लियर फोर्सेज (INF) संधि
रूस ने हाल ही अमेरिका द्वारा इंटरमीडिएट रेंज न्यूक्लियर फोर्सेज संधि से पीछे हटने की पुष्टि की थी। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने घोषणा की थी कि अमेरिका, रूस के साथ की गयी तीन दशक पुरानी इंटरमीडिएट रेंज न्यूक्लियर फोर्सेज संधि से अलग होगा, इस संधि पर शीत युद्ध के दौरान हस्ताक्षर किये गये थे। अब रूस ने भी इस संधि को निलंबित कर दिया है।
इंटरमीडिएट रेंज न्यूक्लियर फोर्सेज (INF) संधि
यह शीतकाल की एक महत्वपूर्ण संधि थी, इस संधि के द्वारा 500-5000 किलोमीटर की भूमि से लांच की जाने वाली परमाणु मिसाइलों के निर्माण व परीक्षण पर प्रतिबन्ध लगाया गया था। इस संधि पर दिसम्बर, 1987 में अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन तथा उनके सोवियत संघ के समकक्ष मिखाइल गोर्बाचेव ने हस्ताक्षर किये थे।
इस संधि के द्वारा सभी परमाणु तथा पारंपरिक मिसाइलों (जिनकी रेंज 500-1000 किलोमीटर तथा 1000 से 5,500 किलोमीटर है) , उनके लांचर पर प्रतिबन्ध लगाया गया था। इस संधि के द्वारा दो महाशक्तियों के बीच हथियारों के विकास की दौड़ पर रोक लगी तथा यूरोप में अमेरिका के नाटो सहयोगियों का रूसी आक्रमण से बचाव भी हुआ। इस संधि का निर्माण यूरोप में स्थायित्व लाने के लिए किया गया था।
संधि से पीछे हटने के कारण
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने आरोप लगाया है कि रूस ने इस संधि का उल्लंघन करता है और पहले भी कई बार उल्लंघन कर चुका है। यह आरोप रूस की कथित नोवातोर 9M729 मिसाइल (SSC-8) के विकास व तैनाती की ख़बरों के बाद लगाया गया है, यह मिसाइल यूरोप पर बहुत कम समय में हमला कर सकती है। बराक ओबामा ने भी अपने कार्यकाल में 2014 में यह मुद्दा उठाया था। परन्तु रूस ने इन आरोपों को ख़ारिज किया तथा अमेरिका पर यूरोप में मिसाइल सिस्टम स्थापित करने का आरोप लगाया।
परिणाम
अमेरिका द्वारा संधि से बाहर के बाद अब अमेरिका प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभुत्व को कम करने के लिए नए परमाणु हथियारों का विकास कर सकता है। इस संधि के बाद रूस और अमेरिका में फिर से हथियारों की दौड़ की शुरू हो सकती है।
5. हाल ही में 100 अंतर्राष्ट्रीय टी-ट्वेंटी मैच खेलने वाली पहली महिला एशियाई क्रिकेटर कौन बनीं?
उत्तर – सना मीर
पाकिस्तान क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान सना मीर हाल ही में 100 अंतर्राष्ट्रीय टी-ट्वेंटी मैच खेलने वाली पहली महिला एशियाई क्रिकेटर बनीं। यह उपलब्धि उन्होंने कराची में वेस्ट इंडीज के विरुद्ध खेले गये अंतर्राष्ट्रीय टी-ट्वेंटी मैच के दौरान प्राप्त की। सना मीर विश्व में 100 अंतर्राष्ट्रीय टी-ट्वेंटी मैच खेलने वाली विश्व की 6वीं महिला क्रिकेटर हैं। सबसे अधिक अंतर्राष्ट्रीय टी-ट्वेंटी मैच खेलने के मामले में वेस्ट इंडीज की डायंड्रा डॉटिन के नाम है, वे अब तक 109 मैच खेल चुकी हैं।
6. हाल ही में किस राज्य ने सिन्धु नदी डॉलफिन को राज्य जलीय जीव घोषित किया?
उत्तर – पंजाब
पंजाब ने हाल ही में विलुप्तप्राय सिन्धु नदी डॉलफिन को राज्य का जलीय जीव घोषित किया। यह निर्णय हाल ही में पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की अध्यक्षता में राज्य वन्यजीव की बैठक में लिया गया। सिन्धु नदी डॉलफिन एक विलुप्तप्राय प्राणी है, यह केवल भारत और पाकिस्तान में व्यास नदी में पायी जाती है। इसका रंग भूरा अथवा धूसर होता है। यह डॉलफिन दृष्टिबाधित होती है। इस डॉलफिन का जीवनकाल लगभग 30 वर्ष का होता है।
7. किस राज्य ने पसुपु-कुमकुमा योजना के दूसरे चरण को लांच किया?
उत्तर – आंध्र प्रदेश
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने पसुपु-कुमकुमा योजना के दूसरे चरण को लांच किया। इस योजना के तहत जो महिलाएं ग्रामीण क्षेत्रों में महिला व बाल विकास (DWCRA) की हिस्सा हैं, उन्हें तीन किश्तों में 10,000 रुपये प्रदान किये जायेंगे। इस योजना के लिए 9,400 करोड़ रुपये आबंटित किये गये हैं। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं, हथकरघा कारीगरों, मछुआरों, एकल महिलाओं, मोचियों तथा एड्स पीड़ितों के लिए पेंशन को 1000 रुपये से बढ़ाकर 2000 रुपये कर दिया गया है। जबकि दिव्यांगों व तृतीय लिंग के लोगों के लिए पेंशन को 1500 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये कर दिया गया है। किडनी के रोग से पीड़ितों के लिए 3500 रुपये की पेंशन दी जायेगी।
8. विश्व कैंसर दिवस कब मनाया जाता है?
उत्तर – 4 फरवरी
प्रतिवर्ष 4 फरवरी को विश्व कैंसर दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य शिक्षा तथा जागरूकता द्वारा लोगों के जीवन की रक्षा के लिए कार्य करना है।
विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय कैंसर नियंत्रण संघ ने “आई ऍम एंड आई विल” थीम के साथ एक तीन वर्षीय अभियान शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को कैंसर के बारे में जागरूकता करना है तथा कैंसर-मुक्त भविष्य के लिए कार्य करना है।
2018 में कैंसर के मामले बढ़कर 18.1 मिलियन तक पहुँच गये हैं, जबकि कैंसर से मरने वाले लोगों की संख्या 9.6 मिलियन तक पहुँच गयी है। जीवन में औसतन पांच में से एक पुरुष को तथा 6 में से एक महिला को कैंसर होता है। कैंसर के कारण 8 में से एक पुरुष की मृत्यु तथा 11 में से एक महिला की मृत्यु कैंसर से होती है।
भारत में कैंसर से पीड़ित लोगों की संख्या लगभग 2.25 मिलियन है, भारत में हर वर्ष लगभग 1 लाख कैंसर के नए मामले आते हैं। 2018 में कैंसर के कारण लगभग 7 लाख लोगों की मृत्यु हुई। भारतीय मेडिकल अनुसन्धान परिषद् का अनुमान है कि 2020 तक भारत में कैंसर के 17 लाख नए मामले पंजीकृत किया जायेंगे तथा कैंसर से मरने वालों की संख्या 8 लाख होगी।
यदि कैंसर से लड़ने के लिए उचित कदम नहीं उठाये गये तो कैंसर से प्रभावित लोगों की संख्या 2040 तक 30 मिलियन तक पहुँच सकती है।
9. हाल ही में सुर्ख़ियों में रहे अला मश्जूब किस देश से सम्बंधित हैं?
उत्तर – इराक
अला मश्जूब ईराक के एक उपन्यासकार तथा आलोचक थे, हाल ही में उनकी हत्या करबला नामक शहर में की गयी। उन्हें एक साहसी लेखक के रूप में जाना जाता है, उन्होंने राजनीतिक तथा धार्मिक मुद्दों पर अपनी स्पष्ट राय रखी। उन्होंने आतंकवादियों के विरुद्ध अपनी आवाज़ उठायी। उनकी प्रमुख पुस्तकें हैं : द केओस ऑफ़ द नेशन, क्राइम ऑन फेसबुक, द ज्यूइश बाथ्स इत्यादि।
10. विश्व धरोहर केंद्र की स्थापना किस राज्य में की जायेगी?
उत्तर – पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के मायापुर में विश्व धरोहर केंद्र की स्थापना की जायेगी। इस केंद्र में 45 देशों के “आध्यात्मिक कैंप” की स्थापना की जायेगी। इस केंद्र में प्रत्येक देश के कैंप की संस्कृति, जीवनशैली, भोजन तथा वातावरण को दर्शाया जाएगा। इस केंद्र की स्थापना के लिए 3000 करोड़ रुपये की राशि निश्चित की गयी है। मायापुर इस्कोन (इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस) का वैश्विक केंद्र है।