हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 1-2 सितंबर, 2018

1. हाल ही में किसने पाकिस्तान उच्च न्यायालय में पहली महिला मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली?
उत्तर: ताहिरा सफ़दर
जस्टिस ताहिरा सफ़दर पाकिस्तान के बलोचिस्तान उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायधीश बनी, इसके साथ ही वे पाकिस्तान के किसी भी न्यायालय की मुख्य न्यायधीश बनने वाली पहली महिला बनी। उन्होंने बलोचिस्तान में गवर्नर हाउस में एक समारोह के दौरान शपथ ली। जस्टिस ताहिरा बलोचिस्तान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायधीश मुहम्मद नूर मेस्कंजाई का स्थान लेंगी, जस्टिस मेस्कंजाई 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हुए। जस्टिस ताहिरा बलोचिस्तान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायधीश के पद पर 5 अक्टूबर, 2019 तक बनी रहेंगी। इससे पहले जस्टिस ताहिरा बलोचिस्तान में नियुक्त की जाने वाली पहली महिला नागरिक न्यायधीश हैं। जस्टिस ताहिरा 3 सदस्य विशेष कोर्ट की सदस्य हैं जिसके द्वारा पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ के विरुद्ध सुनवाई की जा रही है।
जस्टिस ताहिरा ने बलोचिस्तान विश्वविद्यालय से उर्दू साहित्य में मास्टर की डिग्री प्राप्त की है, उन्होंने अपनी क़ानून की पढाई क्वेट्टा लॉ कॉलेज से 1980 में पूरी की। उन्हें जून, 1987 में वरिष्ठ नागरिक न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। फरवरी, 1991 में उन्हें अतिरिक्त जिला व सेशन न्यायाधीश नियुक्त किया गया था।
2. चौथी अंतर्राष्ट्रीय आयुर्वेदिक कांग्रेस 2018 का आयोजना किस देश द्वारा किया गया?
उत्तर: नीदरलैंड
चौथी अंतर्राष्ट्रीय आयुर्वेदिक कांग्रेस 2018 का आयोजन नीदरलैंड के लाईदेन में किया गया, इसका उद्घाटन 1 सितम्बर को भारत के राज्य आयुष मंत्री श्रीपद नायक द्वारा किया गया। इस कांग्रेस में नीदरलैंड तथा इसके पड़ोसी देशों में आयुर्वेद का प्रचार-प्रसार करने पर बल दिया गया। इस दो दिवसीय कांग्रेस का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय महर्षि आयुर्वेद फाउंडेशन (नीदरलैंड्स), अखिल भारतीय आयुर्वेदिक कांग्रेस (नई दिल्ली) तथा अंतर्राष्ट्रीय आयुर्वेद अकादमी (पुणे) द्वारा किया गया। इसी कड़ी में नीदरलैंड में भारतीय दूतावास में एक विशेष सेमीनार का आयोजन भी किया गया।
3. किस भारतीय ब्रिज युगल ने एशियाई खेलों में ब्रिज में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीत कर इतिहास रचा?
उत्तर: प्रणब बर्धन व शिबनाथ सरकार
प्रणब बर्धन (60) और शिबनाथ सरकार (56) ने इतिहास रचते हुए भारत के लिए एशियाई खेलों में ब्रिज में पहला स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने जकार्ता एशियाई खेलों में ब्रिज के पुरुष वर्ग के फाइनल में 384 पॉइंट स्कोर किये। इस स्पर्धा में चीनी युगल लिक्सिन यांग और गंग चेन ने 378 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता। जबकि इंडोनेशिया के हेन्की लासुत और फ्रेडी एडी मनोप्पो ने 374 के स्कोर के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। ब्रिज को 2018 के एशियाई खेलों में पहली बार शामिल किया गया है।
4. भारतीय बैंक एसोसिएशन के नया अध्यक्ष किसे नियुक्त किया गया?
उत्तर: सुनील मेहता

पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंध निदेशक सुनील मेहता को भारतीय बैंक एसोसिएशन का नया अध्यक्ष चुना गया है। उन्हें वर्ष 2018-19 के लिए अध्यक्ष चुना गया है। बैंक ऑफ़ इंडिया के प्रबंध निदेशक दीन बंधू मोहपात्रा को भारतीय बैंक एसोसिएशन का उपाध्यक्ष चुना गया है। मशरेक बैंक कार्यकारी अधिकारी माधव नायर को भारतीय बैंक एसोसिएशन का मानद सचिव चुना गया।
5. हाल ही में इस्पात मंत्रालय का नया सचिव किसे नियुक्त गया?
उत्तर: बिनॉय कुमार

तेलंगाना कैडर के 1983 बैच के आईएएस अफसर बिनॉय कुमार ने 1 सितम्बर, 2018 को इस्पात (स्टील) मंत्रालय के नए सचिव के रूप में कार्यभार संभाला। वे 31 मई, 2018 से इस्पात मंत्रालय में विशेषाधिकार (OSD) के रूप में नियुक्त थे। वे अरुणा शर्मा का स्थान लेंगे। बिनॉय कुमार वाणिज्य मंत्रालय में लोजिस्टिक्स के लिए विशेष सचिव के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने महानिदेशक (आपूर्ति व निपटान) के रूप में भी कार्य किया, इस दौरान उन्होंने गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
6. किन दो भारतीयों को 2018 रेमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित किया गया?
उत्तर: सोनम वांगचुक और भरत वतवानी

भारत के सोनम वांगचुक और भरत वतवानी को 31 अगस्त, 2018 को रेमन मैगसेसे अवार्ड से सम्मानित किया गया। रेमन मैगसेसे अवार्ड कुल 6 लोगों को दिया गया, इसे एशिया का नोबेल पुरस्कार भी कहा जाता है। इस बार रेमन मैगसेसे अवार्ड से कम्बोडिया के यूक छंग, ईस्ट तिमोर के मारिया डी लौर्देस मार्टिंस क्रूज़, फिलीपींस के होवार्ड डी और वियतनाम के वो थी होआंग येन को सम्मानित किया गया। विजेताओं को एक प्रमाण पत्र, फिलीपींस के नेता रेमन मैगसेसे के चित्र वाला मैडल और धन राशि दी गयी। यह सम्मान उन्हें फिलीपींस में दिया गया।
भारत वतवानी एक मनोरोग चिकित्सक हैं, वे मुंबई की गलियों में रहने वाले मानसिक रूप से बीमार लोगों का इलाज करते हैं। रेमन मैगसेसे अवार्ड के द्वारा भरत वतवानी के सराहनीय कार्य को सम्मानित किया जा रहा है।
सोनम वांगचुक लद्दाख के प्रसिद्ध शिक्षा सुधारक हैं, उन्होंने लद्दाख के निर्धन परिवार के बच्चों को पढ़ाने के लिए 1988 में Students’ Education and Cultural Movement of Ladakh की स्थापना की थी। इसके द्वारा लद्दाख के युवाओं को काफी नए अवसरों की प्राप्त हुई और उनके जीवन में काफी परिवर्तन आया। थ्री इडियट्स फिल्म में फुन्सुक वांगडू का चरित्र सोनम वांगचुक से प्रेरित है।
7. हाल ही में सुर्ख़ियों में रही नेपाल-भारत मैत्री पशुपति धर्मशाला किस नदी के किनारे स्थित है?
उत्तर: बागमती नदी

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी.शर्मा ओली ने नेपाल की राजधानी काठमांडू में 400 बेड वाली धर्मशाला का उद्घाटन किया। इस धर्मशाला का निर्माण भारतीय सहायता से किया गया है। इस धर्मशाला में पशुपतिनाथ मंदिर की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी सुविधाएँ मौजूद हैं।
8. जैन मुनि तरुण सागर द्वारा दिए जाने वाले प्रवचनों को किस नाम से जाना जाता है?
उत्तर: कड़वे प्रवचन

प्रसिद्ध दिगंबर जैन मुनि तरुण सागर के प्रवचनों को कड़वे प्रवचन कहा जाता था, उनका निधन 1 सितम्बर, 2018 को नई दिल्ली में 51 वर्ष की आयु में हुआ। उनका मूल नाम पवन कुमार जैन है, उनका जन्म 1967 में मध्य प्रदेश के दमोह जिले में हुए थे। उन्हें वर्ष 1981 में जीवन भर ब्रह्मचर्यं का पालन करने और सन्यासी के रूप में जीवन व्यतीत करने का निर्णय लिया। उनके प्रवचन मुख्य तौर पर पारिवारिक मुद्दों पर होते हैं। उन्होंने जीवन भर शान्ति व अहिंसा का सन्देश दिया।
9. एशियाई खेल 2018 में मुक्केबाजी में भारत का एकमात्र स्वर्ण पदक किसने जीता?
उत्तर: अमित पंघाल

1 सितम्बर, 2018 को भारतीय बॉक्सर अमित पंघाल ने रियो ओलिंपिक के स्वर्ण पदक विजेता हसनबोय दुमस्तोव को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। हरियाणा के अमित पंघाल ने पुरुषों के 49 किलोग्राम लाइट फ्लाईवेट वर्ग में यह पदक जीता। एशियाई खेल 2018 में यह भारत का एकमात्र स्वर्ण पदक है। इसके साथ अमित पंघाल एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले सातवें खिलाड़ी बने। अमित के अलावा विकास कृष्ण यादव ने 75 किलोग्राम भार वर्ग में इस बार कांस्य पदक जीता। 2010 एशियाई खेलों में विजेंदर सिंह और विकास कृष्ण ने बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक जीते थे।
10. डॉ. बी.सी. रॉय एमिनेंट मेडिकल पर्सन ऑफ़ द इयर 2018 के राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए किसका चयन किया गया है?
उत्तर: डॉ. बसंत कुमार मिश्रा

मुंबई के न्यूरोसर्जन बी.के. मिश्रा को प्रतिष्ठित डॉ. बी. सी. रॉय मेडिकल पर्सन ऑफ़ द ईयर का राष्ट्रीय पुरस्कार दिया जायेगा। यह भारत में मेडिकल क्षेत्र का सर्वोच्च सम्मान है, डॉ. मिश्रा को यह पुरस्कार राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा 1 जुलाई, 2019 (राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस) को प्रदान किया जायेगा। इसकी स्थापना 1976 में भारतीय मेडिकल परिषद् ने प्रसिद्ध फिजिशियन व पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चन्द्र रॉय की याद में की थी। डॉ. बी.के. मिश्रा मुंबई के पी.डी. हिंदुजा अस्पताल में शल्यचिकित्सा, न्यूरोसर्जरी व गामा नाइफ रेडियोसर्जरी विभाग के प्रमुख हैं। वे दक्षिण एशिया में गामा नाइफ रेडियोसर्जरी करने वाले पहले डॉक्टर हैं, वे देश में ब्रेन ट्यूमर पर जागृत क्रेनियोटोमी करने वाले पहले सर्जन हैं।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *