हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 13 दिसम्बर, 2018

1. हाल ही में भारतीय रिज़र्व बैंक का नया गवर्नर किसे नियुक्त किया गया?
उत्तर – शक्तिकांत दास
11 दिसम्बर को शक्तिकांत दास को भारतीय रिज़र्व बैंक का नया गवर्नर नियुक्त किया, वे भारतीय रिज़र्व बैंक के 25वें गवर्नर हैं। उनका कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। उन्हें उर्जित पटेल के स्थान पर नियुक्त किया गया गया है।
इससे पहले डॉ उर्जित पटेल ने पारिवारिक कारणों से भारतीय रिज़र्व बैंक के गवर्नर के पद से इस्तीफ़ा दिया था। वे भारतीय रिज़र्व बैंक के 24वें गवर्नर थे। RBI के गवर्नर के रूप में उनका कार्यकाल 4 सितम्बर, 2016 से 10 दिसम्बर, 2018 के बीच रहा। उन्होंने इस इस्तीफे का कारण पारिवारिक बताया है। पिछले कुछ समय में भारतीय रिज़र्व बैंक तथा केंद्र सरकार के बीच कुछ मतभेद उभरे थे।
शक्तिकांत दास आर्थिक मामले विभाग के पूर्व सचिव हैं। वे मई, 2017 में आर्थिक मामले सचिव के रूप में सेवानिवृत्त हुए थे। वे 1980 बैच के तमिलनाडु कैडर के आईएएस अफसर हैं।
भारतीय रिजर्व बैंक भारत का केन्द्रीय बैंक है। यह भारत के सभी बैंकों का संचालक है। रिजर्व बैक भारत की अर्थव्यवस्था को नियन्त्रित करता है। 1 अप्रैल सन 1935 को इसकी स्थापना रिजर्व बैंक ऑफ इण्डिया अधिनियम, 1934 के अनुसार हुई थी।
2. हाल ही में केंद्र सरकार ने साइबर अपराधों के बारे जागरूकता फैलाने के लिए किस ट्विटर हैंडल को लांच किया?
उत्तर – @साइबर दोस्त
साइबर अपराध के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए गृह मंत्रालय ने हाल ही में ट्विटर हैंडल लांच किया। इस ट्विटर हैंडल का मकसद लोगों को साइबर अपराध के बारे में मूलभूत चीज़ें बताना तथा साइबर अपराध की रोकथाम के लिए सावधानियों के बारे में बताना है।
इस ट्विटर हैंडल के द्वारा लोगों को साइबर अपराधों के बारे में शिक्षित किया जायेगा तथा लोगों को शिकायत फाइल करने तथा साइबर स्पेस के दुरूपयोग के बारे में बारे में बताया जायेगा। इससे साइबर अपराधों के कारण व्यापार में होने वाले नुकसान से बचा जा सकता है।
वर्तमान में बैंकिंग, परिवहन, एयरलाइन्स, रेलवे, उर्जा तथा अन्य सभी क्षेत्रों में सूचना व प्रौद्योगिकी का उपयोग किया जा रहा है। आईटी का निरंतर उपयोग के साथ इससे जुड़े साइबर अपराध की संख्या भी बढ़ रही है। सरकार सुरक्षित साइबर स्पेस के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
3. हाल ही में किस भारतीय खिलाड़ी को मीथोईलीमा की उपाधि दी गयी?
उत्तर – मैरी कोम
हाल ही में मणिपुर सरकार ने महान मुक्केबाज़ मैरी कोम को मीथोईलीमा की उपाधि, मीथोईलीमा का अर्थ “श्रेष्ठ रानी” होता है। कुछ दिन पहले ही मैरी कॉम ने नई दिल्ली में विश्व महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता, यह विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप में उनका 6वां स्वर्ण पदक हैं। फाइनल में मैरी कॉम ने युक्रेन की 22 वर्षीय युवा मुक्केबाज़ हाना ओखोता को पराजित किया। मैरी कोम ने यह पदक 35 वर्ष की आयु में जीता। इस पदक को जीतने के साथ ही मैरी कोम 6 स्वर्ण पदकों के साथ विश्व बॉक्सिंग इतिहास की सबसे सफल बॉक्सर बन गयी हैं।
मैरी कॉम का पूरा नाम नाम चुंगनिजजंग मैरी कॉम ह्मंगते है, उनका जन्म 1 मार्च, 1983 को मणिपुर के कन्गथेइ में हुआ था। वे विश्व स्तर पर अमेचर बॉक्सिंग की सबसे सफल मुक्केबाजों में से एक हैं। मैरी कॉम सातों विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली इकलौती मुक्केबाज़ हैं। इनमे 6 स्वर्ण पदक भी शामिल हैं।
मैरी कॉम ने 2002 में अनाताल्या, 2005 में पोदोस्ल्क, 2006 में नईं दिल्ली, 2008 में निंगबो सिटी में, 2010 में ब्रिजटाउन तथा 2018 में नई दिल्ली में विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है। इसके अलावा 2001 में उन्होंने स्क्रैंटन में आयोजित विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था।
मैरी कॉम ने 2012 में लन्दन ओलिंपिक में कांस्य पदक जीता था। इसके पश्चात् 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में मैरी कॉम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। उन्होंने 2014 के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक तथा 2010 के एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता था। 26 अप्रैल, 2016 को राष्ट्रपति ने उन्हें राज्य सभा के सदस्य के लिए मनोनीत किया था।
4. हाल ही में टाइम पत्रिका ने 2018 के लिए जमाल खाशोज्जी को “पर्सन ऑफ़ द ईयर” चुना, वे किस देश से थे?
उत्तर – सऊदी अरब
“टाइम” पत्रिका ने हाल ही में सऊदी अरब के पत्रकार जमाल खाशोज्जी तथा अन्य पत्रकारों को “टाइम पर्सन ऑफ़ द ईयर” घोषित किया। खाशोज्जी के साथ टाइम पर्सन ऑफ़ ईयर में मारिया रेसा, वू लोन, क्याव सो ओऊ, तथा कैपिटोल गज़ट के स्टाफ को शामिल किया गया है।
“पर्सन ऑफ़ द ईयर” ख़िताब टाइम नामक पत्रिका द्वारा किसी प्रभावशाली व्यक्ति अथवा संगठन को प्रदान किया जाता है।
सऊदी अरब ने 2 अक्टूबर, 2018 से लापता पत्रकार जमाल खाशोज्जी की हत्या की पुष्टि की थी। उनकी हत्या तुर्की के इस्तांबुल में सऊदी अरब के दूतावास में की गयी। दरअसल खाशोज्जी 2 अक्टूबर, 2018 को इस्तांबुल (तुर्की) में सऊदी अरब के दूतावास गए थे, परन्तु उसके बाद वे उस भवन से बाहर नहीं आये। तुर्की की पुलिस द्वारा उनकी हत्या की आशंका जताई गयी है। खाशोज्जी के मुद्दे पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर काफी विवाद चल रहा था।
जमाल खाशोज्जी सऊदी अरब में पत्रकारिता का कार्य करते थे, वे अल-अरब न्यूज़ चैनल के एडिटर-इन-चीफ तथा अल वतन अख़बार के एडिटर के रूप में कार्य कर चुके हैं। उन्होंने सऊदी अरब की सरकार की आलोचना करते हुए कई लेख लिखे। वे सऊदी अरब के राजकुमार मोहम्मद बिन सलमान तथा देश के शासक किंग सलमान के आलोचक थे। उन्होंने यमन में सऊदी अरब के हस्तक्षेप का भी विरोध किया था।
जमाल खाशोज्जी का जन्म 13 अक्टूबर, 1958 को सऊदी अरब के मदीना में हुआ था। वे एक स्तंभकार, पत्रकार व लेखक हैं। उन्होंने अल-अरब न्यूज़ चंनल तथा अल वतन अखबार में कार्य किया है। खाशोज्जी ने सितम्बर, 2017 में सऊदी अरब को छोड़ा था।
5. हाल ही में संयुक्त राष्ट्र लेखापरीक्षक पैनल का उपाध्यक्ष किसे नियुक्त किया गया?
उत्तर – राजीव मह्रिषी
भारत के नियंत्रक व महालेखापरीक्षक राजीव मह्रिषी को संयुक्त राष्ट्र लेखापरीक्षक पैनल का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति हाल ही में न्यूयॉर्क में हुई संयुक्त राष्ट्र लेखापरीक्षक पैनल की वार्षिक बैठक में की गयी। इस बैठक में यूनाइटेड किंगडम के नियंत्रक व महालेखापरीक्षक को पुनः संयुक्त राष्ट्र लेखापरीक्षक पैनल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस बैठक में संयुक्त राष्ट्र तथा इसकी एजेंसियों में लेखापरीक्षा पर चर्चा की गयी। अगले वर्ष इस बैठक का आयोजन नवम्बर-दिसम्बर, 2019 में जर्मनी के बॉन में किया जाएगा।
इसकी स्थापना 1959 में संयुक्त राष्ट्र महासभा के प्रस्ताव 1438(XIV) द्वारा की गयी थी। इसका मुख्य उद्देश्य लेखा परीक्षा में सहयोग को बढ़ावा देना है। इसमें संयुक्त राष्ट्र लेखापरीक्षक बोर्ड तथा संयुक्त राष्ट्र की बाह्य विशेषीकृत एजेंसियों के लेखापरीक्षक शामिल हैं।
6. भारत और चीन के बीच हैण्ड इन हैण्ड युद्ध अभ्यास किस स्थान पर शुरू हुआ?
उत्तर – चेंगदू
भारत और चीन के बीच 10 दिसम्बर, 2018 को “हैण्ड इन हैण्ड” युद्ध अभ्यास की शुरुआत हुई। इस युद्ध अभ्यास के उद्घाटन समारोह का आयोजन चेंगदू में किया गया। यह युद्ध अभ्यास 10 से 23 दिसम्बर के बीच आयोजित किया जायेगा।
हैण्ड इन हैण्ड युद्ध अभ्यास में भारत का प्रतिनिधित्व 11 सिखली टुकड़ी तथा चीन का प्रतिनिधित्व चीनी सेना की तिब्बती मिलिट्री जिले की रेजिमेंट द्वारा किया जा रहा है। इस युद्ध अभ्यास में भारतीय टुकड़ी का नेतृत्व कर्नल पुनीत प्रताप सिंह तोमर कर रहे हैं, जबकि चीनी सेना का नेतृत्व कर्नल झोऊ जून कर रहे हैं।
हैण्ड इन हैण्ड युद्ध अभ्यास में दोनों देशों की सेनाओं के बीच विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी, इसमें कक्षाएं तथा प्रशिक्षण प्रमुख है। इस युद्ध अभ्यास के द्वारा दोनों देशों की सेनाओं में आपसी समन्वय में वृद्धि होगी। इस दौरान आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन के लिए भी प्रशिक्षण किया जायेगा।
7. SWIFT इंडिया का नया चेयरमैन किसे नियुक्त किया गया?
उत्तर – अरुंधती भट्टाचार्य
भारतीय रिज़र्व बैंक की पूर्व चेयरमैन अरुंधती भट्टाचार्य को SWIFT इंडिया का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। वे एम.वी. नायर की जगह लेंगी। स्विफ्ट इंडिया भारत के बड़े सार्वजनिक व निजी सेक्टर के बैंकों तथा स्विफ्ट (Society for Worldwide Interbank Financial Telecommunication) का जॉइंट वेंचर है।
8. हाल ही में किस मंत्रालय ने “ENSURE” पोर्टल लांच किया?
उत्तर – केन्द्रीय कृषि मंत्रालय
हाल ही में केन्द्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने “ENSURE” पोर्टल लांच किया। इस पोर्टल के माध्यम से सब्सिडी तथा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर इत्यादि में पारदर्शिता आएगी। इस पोर्टल का विकास नाबार्ड ने किया है।
नाबार्ड बैंक भारत के अग्रणी विकास बैंकों में से एक है। इसकी स्थापना 12 जुलाई, 1982 को की गयी थी, इसका मुख्यालय महाराष्ट्र के मुंबई में स्थित हैं। यह बैंक मुख्य रूप से कृषि वित्त/ऋण सम्बन्धी कार्य करता है। नाबार्ड ग्रामीण क्षेत्रों में विकास तथा आर्थिक उन्नति के लिए ऋण की व्यवस्था करवाता है।
नाबार्ड बैंक के मुख्य कार्य निम्नलिखित हैं :
• ग्रामीण क्षेत्रों में निवेश, ऋण के लिए वित्त व्यवथा करना।
• ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के लिए विभिन्न संस्थाओं के बीच समन्वय करना।
• इसके द्वारा पुनर्वित्त परियोजनाओं की निगरानी व मूल्यांकन करना।
• संस्थागत विकास को बढ़ावा देना।
9. भारत की किस सशस्त्र सेना ने पहला “क्रॉस बो 18” युद्ध अभ्यास आयोजित किया?
उत्तर – भारतीय वायुसेना
हाल ही में भारतीय वायुसेना ने क्रॉस बो 18 नामक अभ्यास का आयोजन पहली बार किया, इसका आयोजन 5, 7 और 8 दिसम्बर, 2018 को आंध्र प्रदेश के सूर्यलंका के एयर फ़ोर्स स्टेशन में किया गया। इस अभ्यास का आयोजन दिन-रात एकीकृत नेटवर्क्ड परिवेश में किया गया। इस अभ्यास में सतह से हवा में मार कर सकने वाली मिसाइलों का परीक्षण किया गया। इसमें आकाश, स्पाइडर, OSA-AK-M तथा IGLA जैसी मिसाइलों को दागा गया। इस अभ्यास से वायुसेना के युद्ध कौशल में वृद्धि होगी तथा देश की हवाई सुरक्षा तैयारी और भी पुख्ता हो सकेगी।
10. हाल ही में किसे 2018 के लिए सर्वश्रेष्ठ महिला सांसद का पुरस्कार दिया गया?
उत्तर – कनिमोझी
हाल ही में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम की सांसद कनिमोझी को 2018 के लिए सर्वश्रेष्ठ महिला सांसद चुना गया। उन्हें यह सम्मान लोकमत समाचार पत्र द्वारा दिया गया। इसके लिए मुरली मनोहर जोशी की अध्यक्षता में निर्णायक मंडल का चयन किया गया था। उन्हें यह सम्मान उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू द्वारा 13 दिसम्बर को प्रदान किया गया।

Advertisement

Comments

  • Rajnish
    Reply

    Good

  • Md shadab
    Reply

    Very nice sir

  • Laxmi gupta
    Reply

    Too good

Cancel Reply